Amit Shah Rally In Deoghar: विजय संकल्प रैली में अमित शाह ने भरी हुंकार, 2024 में की कमल खिलाने की अपील
Amit Shah Rally in Deoghar Live Updates: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह झारखंड दौरे पर हैं. वे विशेष विमान से शनिवार को बाबा नगरी देवघर पहुंचे. अमित शाह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से देवघर पहुंचे हैं. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद इन्होंने इफको की नैनो यूरिया खाद फैक्ट्री की आधारशिला रखी. फिर विजय संकल्प रैली में पहुंचे और सभा को संबोधित किया. ऐसे ही तमाम अपडेट्स के लिए बने रहिये प्रभात खबर के Live सेक्शन में…
विजय संकल्प रैली को अमित शाह ने किया संबोधित
देवघर की विजय संकल्प रैली में अमित शाह पहुंचे. उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास चाहिए तो 2024 में कमल खिलाएं और सभी 14 सीटें बीजेपी की झोली में डाल दें. संसद में पेश बजट में सात लाख तक आय वालों को इनकम टैक्स में छूट दी गयी है. इससे मध्यम वर्ग को काफी राहत मिलेगी. आदिवासी भाइयों के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल खोले जाएंगे और 38 हजार शिक्षकों की बहाली होगी. अगले एक साल तक देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जाएगा. पीएम मोदी ने हमेशा गरीब, दलित व पिछड़े वर्गों के कल्याण पर जोर दिया है. देश के इतिहास में पहली बार आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाकर सम्मान दिया गया है. झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को सबसे भ्रष्ट सरकार बताया. वोट बैंक की राजनीति की जा रही है. उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है. घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है. आदिवासियों की संख्या 35 फीसदी से 24 फीसदी हो गयी है.
पीएम के नेतृत्व में संताल का हो रहा विकास
गोड्डा विधायक अमित मंडल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व ने संथाल परगना का उत्तरोत्तर विकास हो रहा है. उन्होंने रेल, रोड, जलमार्ग और वायुमार्ग के साधन दिए हैं. पार्टी को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत किया जाएगा. आने वाले चुनाव में झारखंड की 14 सीटें जीतेंगे.
नैनो यूरिया खाद कारखाना का किया शिलान्यास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नैनो यूरिया खाद कारखाना का शिलान्यास किया. उनके साथ सांसद निशिकांत दूबे और इफको के एमडी यूएस अवस्थी मौजूद थे.

नैनो खाद कारखाना का करेंगे शिलान्यास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित (Home Minister Amit Shah) शाह 2 बजे इफको के नैनो खाद कारखाना के शिलान्यास स्थल जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचेंगे. दो बजे से ढाई बजे तक इफको के कार्यक्रम में रहेंगे. ढाई बजे श्री शाह भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे. मंच पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व सीएम बाबूलाल सहित कई नेता पहुंच गये हैं.

मैहर गार्डेन पहुंचे अमित शाह
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देवघर एयरपोर्ट पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. यहां करीब 35 मिनट तक रहे. इस दौरान कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने उन्हें मोमेंटो दिया. इसके बाद वे मैहर गार्डेन के लिए निकल गए.
अमित शाह कड़ी सुरक्षा में पूजा करने पहुंचे बाबा मंदिर
देवघर हवाई अड्डा पर उतरने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री प्रशासनिक एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ रवाना हुए. केंद्रीय गृह मंत्री के साथ जैमर वाहन, एंबुलेंस एवं दमकल वाहन के अलावा एक सौ से ज्यादा सरकारी व निजी वाहन काफिले में शामिल थे. केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत करने का मौका नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में उदासी थी. इसके बाद अमित शाह बाबा मंदिर में पहुंचे और पूजा-अर्चना की.
तस्वीरों में गृह मंत्री अमित शाह के देवघर आगमन और बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की झलकियां

Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए