ePaper
Live Updates

Chandrayaan-3 Launch: चंद्रयान-3 के ऊपरी कक्षा में पहुंचने की दूसरी प्रक्रिया पूरी, ISRO ने दी जानकारी

Updated at : 17 Jul 2023 3:50 PM (IST)
विज्ञापन
Chandrayaan-3 Launch: चंद्रयान-3 के ऊपरी कक्षा में पहुंचने की दूसरी प्रक्रिया पूरी, ISRO ने दी जानकारी

ISRO Chandrayaan-3 launch Updates : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ का प्रक्षेपण 14 जुलाई को किया. गत शुक्रवार को दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर इसे प्रक्षेपित किया गया. इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से तीसरे चंद्रयान मिशन के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने ट्वीट करके कहा कि भारतीय अंतरिक्ष के क्षेत्र में 14 जुलाई 2023 का दिन हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा तथा यह राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा. इससे जुड़ी हर जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ और देखें लाइव

विज्ञापन
Auto-updating every 30s
3:50 PM. 17 Jul 233:50 PM. 17 Jul

इसरो ने चंद्रयान-3 के ऊपरी कक्षा में पहुंचने की दूसरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 के ऊपरी कक्षा में पहुंचने की दूसरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. इसरो ने सोमवार को कहा कि अंतरिक्ष यान अब 41603 किलोमीटर X (गुणा) 226 किलोमीटर की कक्षा में है. उसने कहा कि अगला चरण मंगलवार अपराह्न दो बजे से तीन बजे के बीच प्रस्तावित है. चंद्रयान-3 मिशन 14 जुलाई को चंद्रमा के लिए रवाना हुआ था.

5:09 PM. 16 Jul 235:09 PM. 16 Jul

लॉन्चिंग के बाद अब किस हाल में है चंद्रयान-3, ISRO ने शेयर की लोकेशन

चंद्रयान-3 (Chandrayaan-3) की लॉन्चिंग के बाद अब ISRO ने उसकी लोकेशन सोशल मीडिया पर साझा की है. चंद्रयान-3 अब 41 हजार 762 से ज्यादा की कक्षा में पृथ्वी के चारों तरफ अंडाकार चक्कर लगा रहा है. इसरो वैज्ञानिक इसकी कक्षा से संबंधित डेटा का एनालिसिस कर रहे हैं.

6:53 AM. 15 Jul 236:53 AM. 15 Jul

चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी

चंद्रयान-3 के एलएमवीएम3-एम4रॉकेट से सफलतापूर्वक अलग होने के तुरंत बाद, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ मंच पर आए और कहा, ‘बधाई हो भारत…’ इसरो अध्यक्ष के पीछे अंतरिक्ष विभाग और परमाणु ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, कई सरकारी प्रतिनिधि, दौरे पर आए प्रतिनिधिमंडल और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठे थे. सोमनाथ ने आगे कहा, ‘‘चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है.’’

6:53 AM. 15 Jul 236:53 AM. 15 Jul

चंद्रयान की सफलता के साथ-साथ खुशियां बढ़ती गईं

चंद्रयान-3 के साथ विशाल रॉकेट जोरदार गर्जना के साथ जब शुक्रवार दोपहर आसमान में उड़ा तो वहां सिर्फ विस्मय और तालियां नहीं थीं, बल्कि कुछ हल्के-फुल्के क्षण भी थे. सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के मिशन नियंत्रण केंद्र के मंच और उसके आसपास मौजूद लोग थोड़ी देर के बाद ही खुशी से झूम उठे. इसी मंच से इसरो की कुछ यादगार और प्रसिद्ध उपलब्धियों की घोषणा की गयी है.

10:36 PM. 14 Jul 2310:36 PM. 14 Jul

चंद्रयान-3 का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए गर्व का क्षण- सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि चंद्रयान-3 का सफल प्रक्षेपण भारत के लिए गर्व का क्षण है और यह युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में अनुसंधान करने के लिए प्रेरित करेगा. उन्होंने सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी जिसका मुख्यालय बेंगलुरु में है.मुख्यमंत्री ने कहा, यह भारत के लिए गर्व का क्षण है और भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान एवं नवाचार में एक नया मील का पत्थर है. सिद्धरमैया ने कहा कि यह उपलब्धि भारत के युवाओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में अनुसंधान करने के लिए प्रेरित करेगी.

10:36 PM. 14 Jul 2310:36 PM. 14 Jul

बाहरी अंतरिक्ष में अन्य एक्सोप्लैनेट की खोज में मदद करेगा चंद्रयान-3

चंद्रयान की सफलता से पूरा देश उत्साहित है. इसी कड़ी में नेहरू तारामंडल की प्रोग्रामिंग मैनेजर प्रेरणा चंद्रा ने कहा है कि इसरो के साथ-साथ, सभी भारतीय नागरिक मिशन को लेकर उत्साहित थे. चंद्रयान-2 की लैंडिंग सुचारू नहीं होने के कारण डर की भावना थी. लेकिन, हमने देखा कि हमने रॉकेट के सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार कर लिया और अब, हम अंतरिक्ष में हैं. मिशन हमें बाहरी अंतरिक्ष में अन्य एक्सोप्लैनेट की खोज में मदद करेगा जो जीवन को बनाए रख सकते हैं.

10:36 PM. 14 Jul 2310:36 PM. 14 Jul

नासा ट्रेक कर रहा चंद्रयान का सिग्नल

चंद्रयान-3 को लेकर बड़ी खबर आ रही है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबित नासा चंद्रयान-3 के सिग्नल को ट्रैक कर रहा है. वहीं, चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि वैज्ञानिकों की अथक मेहनत को सलाम है.

10:36 PM. 14 Jul 2310:36 PM. 14 Jul

चंद्रयान चांद के लिए हुआ रवाना

चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है. इसरो चीफ सोमनाथ ने सफल लॉन्चिग को लेकर कहा एलवीएम3 ने चंद्रयान-3 यान को पृथ्वी के चारों ओर सटीक रूप से स्थापित कर दिया है. उन्होंने कहा कि आइए हम चंद्रयान-3 यान को अपनी दूर की कक्षा में पहुंचने के लिए शुभकामनाएं दें. आने वाले दिनों में युद्धाभ्यास बढ़ाना और चंद्रमा की ओर यात्रा करना. बता दें, चंद्रयान-3 अगस्त के तीसरे हफ्ते तक चांद में पहुंचेगा. पूरी दुनिया की निगाहे भारत के इस अभियान पर टिक गई है.

3:34 PM. 14 Jul 233:34 PM. 14 Jul

पीएम मोदी ने दी बधाई

चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा है कि चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा. यह हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर उठाते हुए ऊंची उड़ान भरता है. यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण को प्रमाण है. मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं.

3:34 PM. 14 Jul 233:34 PM. 14 Jul

इसरो समेत पूरे देश को बधाई- मंडाविया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने चंद्रयान की सफतला पूर्व लॉन्चिंग को लेकर पूरे देश को बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि गर्व का क्षण, भारत को बधाई! चंद्रयान3 के सफल प्रक्षेपण पर टीम इसरो को बधाई ये खास पल हमेशा याद रखे जाएंगे. हर भारतीय को आज बेहद गर्व है.

3:34 PM. 14 Jul 233:34 PM. 14 Jul

भारत ने रचा इतिहास, चंद्रयान-3 लॉन्च

इसरो वैज्ञानिकों ने प्रक्षेपण यान से उपग्रह के सफल पृथक्करण की घोषणा की है. उपग्रह को अब चंद्रमा की यात्रा शुरू करने के लिए जरूरी कक्षा में स्थापित कर दिया गया है. यानी चंद्रयान की चांद की यात्रा शुरू हो गई है.

3:34 PM. 14 Jul 233:34 PM. 14 Jul

‘चंद्रयान-3’ सफलतापूर्वक लॉन्च

चंद्रमा के लिए ‘चंद्रयान-3’ रवाना हो गया है. पूरी दुनिया की निगाहे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पर मानो थम सी गई है. चंद्रयान के  सफलतापूर्वक लॉन्च होने के बाद देश- दुनिया से इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई संदेश मिल रहे हैं. बता दें, इसरो की टीम श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में चंद्रमा मिशन चंद्रयान 3 की प्रगति पर लगातार निगरानी बनाए रख रहा है. 

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: ‘चंद्रयान-3’ ने भरी उड़ान

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ का प्रक्षेपण कर दिया है. दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर इसे प्रक्षेपित किया गया.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: श्रीहरिकोटा का वीडियो आया सामने

श्रीहरिकोटा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें नजर आ रहा है कि लोग भारत के तीसरे चंद्र अन्वेषण मिशन चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू होते देख रहे हैं.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: रांची के लिए गर्व का क्षण

चंद्रयान-3 कुछ देर में लांच होगा. रांची के लिए भी यह गर्व का क्षण होगा. इसकी एसएलपी सेकेंड लांचिंग पैड से चंद्रयान-3 की लांचिंग होगी, उसका कार्यादेश टर्न-की प्रोजेक्ट के तहत मेकन को मिला था. मेकन के अभियंताओं ने इसका डिजाइन बनाया था.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: सूची में चौथा देश बन जाएगा भारत

वैज्ञानिक यहां सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में घंटों कड़ी मेहनत करने के बाद चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग तकनीक में महारथ हासिल करने का लाक्ष्य साधे हुए हैं. अगर भारत ऐसा कर पाने में सफल हो जाता है वह अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद इस सूची में चौथा देश बन जाएगा. अंतरिक्ष संस्थान ने कहा कि चंद्रयान-3, तीसरा चंद्र अन्वेषण मिशन है, जो एलवीएम3 प्रक्षेपक के चौथे परिचालन मिशन (एम4) में रवानगी के लिए पूरी तरह से तैयार है. इसरो अपने चंद्र मॉड्यूल से चांद की सतह पर सॉफ्ट-लैंडिंग कर उसकी जमीन पर चहलकदमी का प्रदर्शन कर नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है. संस्थाान के अनुसार, यह मिशन भावी अन्तरग्रहीय मिशनों के लिए भी सहायक साबित हो सकता है.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: यहां देखें लाइव

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ का प्रक्षेपण कर दिया है. इसरो ने अपने यू-ट्यब चैनल में लोगों की सुविधा के लिए लाइव प्रसारण शुरू किया. यहां देखें लाइव

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: दो बजकर 35 मिनट पर प्रक्षेपित किया जाएगा

देश के महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन के तहत चंद्रयान-3 को ‘फैट बॉय’ एलवीएम-एम4 रॉकेट ले जाएगा. आज दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से इसे प्रक्षेपित किया जाएगा. सबकुछ ठीक रहा तो यह अगस्त के आखिर में चंद्रमा पर उतरेगा. चंद्रयान-2, 2019 में चांद की सतह पर सुरक्षित तरीके से उतरने में विफल रहा था जिससे इसरो का दल काफी निराश हो गया था. तब भावुक हुए तत्कालीन इसरो प्रमुख के. सिवान को गले लगा कर ढांढस बंधाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें आज भी लोगों को याद हैं.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: इसरो के चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण पर सभी की नजरें

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) चार साल बाद एक बार फिर से शुक्रवार को पृथ्वी के इकलौते उपग्रह चांद पर चंद्रयान पहुंचाने के अपने तीसरे अभियान के लिए तैयार है और पूरे देश की नजरें उस पर टिकी हैं. इसरो का चांद पर यान को ‘‘सॉफ्ट लैंडिंग’’ कराने यानी सुरक्षित तरीके से यान उतारने का यह मिशन अगर सफल हो जाता है तो भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जो ऐसा कर पाने में सक्षम हुए हैं.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि जहां तक भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र का सवाल है, 14 जुलाई 2023 हमेशा सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा. हमारा तीसरा चंद्र मिशन चंद्रयान-3 अपनी यात्रा पर निकल जाएगा.

2:38 PM. 14 Jul 232:38 PM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: विशिष्ट देशों की सूची में शामिल होना मकसद

एस. सोमनाथ की अध्यक्षता में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का मकसद उन विशिष्ट देशों की सूची में शामिल होना है, जिन्होंने चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ में महारत हासिल कर ली है. शुक्रवार को रवाना होने वाला ‘चंद्र मिशन’ वर्ष 2019 के ‘चंद्रयान-2’ का अनुवर्ती मिशन है. भारत के इस तीसरे चंद्र मिशन में भी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर लैंडर की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कराना है. वीरमुथुवेल (46) वर्तमान में सोमनाथ के नेतृत्व में चंद्रयान-3 मिशन के परियोजना निदेशक हैं.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: च्रंद्रयान का तमिलनाडु से अनोखा नाता

वर्ष 2008 में पहले चंद्र मिशन के साथ शुरू हुई चंद्रयान श्रृंखला के बारे में एक अनोखी समानता उसका तमिलनाडु से संबंध है. तमिलनाडु में जन्मे मयिलसामी अन्नादुरई और एम. वनिता के चंद्रयान-1 और चंद्रयान-2 का नेतृत्व करने के बाद, अब विल्लुपुरम के मूल निवासी पी. वीरमुथुवेल तीसरे मिशन की निगरानी कर रहे हैं, जिसे शुक्रवार को यहां एलवीएम3-एम4 के जरिये चंद्रमा की ओर रवाना किया जाएगा.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE Updates: दुनिया में चंद्रयान-3 की चर्चा

भारत के चंद्रयान-3 मिशन की दुनिया भर में चर्चा हो रही है. अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन ने भी इसकी तारीफ की है और लिखा है कि भारतीय तकनीक के जरिए ही इस पर काम किया जा रहा है. यह भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी. चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग का लक्ष्य तय किया गया है, जहां अब तक पहुंचा नहीं जा सका है.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: भगवान से कार्यक्रम के सफल होने की प्रार्थना

आंध्र प्रदेश के हरिकोटा से इसरो आज श्रीहरिकोटा से चंद्रयान 3 लॉन्च करेगा. लॉन्च देखने आए प्रिंस संस्था के एक सदस्य ने बताया कि हम चंद्रयान 3 के लॉन्च इवेंट में आए हैं. मेरे कॉलेज से 300 छात्र यहां आए हैं. हम भगवान से कार्यक्रम के सफल होने की प्रार्थना करते हैं. यह क्षण सभी भारतीयों को गौरवान्वित करेगा. कई देशों ने कम लागत पर चंद्रमा पर उतरने की कोशिश की लेकिन हमने ये पहले करके दिखाया है.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: चंद्रयान-3 अपनी यात्रा शुरू करेगा

अंतरिक्ष विभाग के सचिव और अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष सोमनाथ ने कहा कि ‘चंद्रयान-3’ को 2:35 बजे प्रक्षेपित किया जाएगा. चंद्रयान-3 अपनी यात्रा शुरू करेगा. हम उम्मीद कर रहे हैं कि सबकुछ ठीक रहेगा और यह 23 अगस्त को चंद्रमा पर उतरेगा. सोमनाथ के अनुसार, इसरो का अगला प्रक्षेपण कार्यक्रम जुलाई के अंत में ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) के जरिए एक वाणिज्यिक उपग्रह का होगा.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: ‘चंद्रयान-3’ का यूपी कनेक्शन

‘चंद्रयान-3’ को चंद्रमा पर लैंडिंग कराने की जिम्मेदारी जिसके कंधों पर है, वह और कोई नहीं ‘रॉकेट वुमेन’ लखनऊ की रितु करिधाल हैं. ‘रॉकेट वुमेन’ रितु करिधाल का जन्म लखनऊ के राजाजीपुरम में हुआ था. शुरुआती पढ़ाई सेंट ऐगनिस पब्लिक स्कूल व नवयुग कन्या विद्यालय से की.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: ‘चंद्रयान-3’ मिशन के लिए पूजा अर्चना

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस सोमनाथ ने ‘चंद्रयान-3’ मिशन के प्रक्षेपण से पहले गुरुवार को सुल्लुरपेटा स्थित श्री चेंगलम्मा परमेश्वरिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की. काली टी-शर्ट पहने सोमनाथ ने श्रीहरिकोटा से 22 किलोमीटर पश्चिम में तिरुपति जिले में स्थित मंदिर में पूजा की. आपको बता दें कि ‘चंद्रयान-3’ मिशन का प्रक्षेपण दो बजकर 35 मिनट पर श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से किया जाएगा. इसके लिए उल्टी गिनती जारी है.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: औरंगाबाद के निकाय स्कूल ‘चंद्रयान-3’ के प्रक्षेपण का सीधा प्रसारण दिखाएंगे

औरंगाबाद स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने के लिए चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा. प्रक्षेपण के दौरान छात्रों को विशेषज्ञों के जरिए चंद्रयान-3 के बारे में पूरी जानकारी भी दी जाएगी.

Chandrayaan-3: कुछ ही घंटों में होगी चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग, बॉलीवुड सेलेब्स बोले- ऐतिहासिक पल के लिए तैयार

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: ‘चंद्रयान-3’ आज होगा प्रक्षेपित

‘चंद्रयान-3’ आज दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया जाएगा. महाराष्ट्र के औरंगाबाद में निकाय स्कूलों के छात्रों को शुक्रवार (14 जुलाई) को देश के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के प्रक्षेपण का सीधा प्रसारण देखने को मिलेगा.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: एलवीएम- 3 रॉकेट के जरिये भेजा जायेगा चंद्रयान

चंद्रयान- 3 को एलवीएम-3- एम 4 रॉकेट के जरिये चंद्रमा के कक्ष में भेजा जायेगा. एलवीएम- 3 एक नया हैवी लिफ्ट प्रक्षेपण यान है, जिसे इसरो ने विकसित किया है. यह एलवीएम-3 का चौथ ऑपरेशनल फ्लाइट है, जिसका लक्ष्य चंद्रयान- 3 को जियो ट्रांसफर ऑर्बिट यानी जीटीओ में लॉन्च करना है. यह बहुउद्देशीय रॉकेट है और इसने कई बार इसे साबित किया है.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: कई आधुनिक तकनीकों से लैस है चंद्रयान-3

  • अल्टीमीटर : लेजर और आरएफ आधारित अल्टीमीटर

  • वेलोसीमीटर : लेजर डॉपलर वेलोसीमीटर और लैंडर हॉरिजॉन्टल वेलोसिटी कैमरा

  • एनर्शियल मेजरमेंट : लेजर गायरो आधारित एनर्शियल रेफरेंसिंग और एक्सेलेरोमीटर पैकेज

  • प्रोपल्शन सिस्टम : 800एन थ्रॉटलेबल लिक्विड इंजन, 58एन एटिट्यूड थ्रस्टर्स और थ्रॉटलेबल इंजन कंट्रोल इलेक्ट्रॉनिक्स

  • नेविगेशन, गाइडेंस एंड कंट्रोल : पावर्ड डिसेंट ट्रैजेक्टरी डिजाइन और सहयोगी सॉफ्टवेयर एलिमेंट

  • खतरे का पता लगाना और बचाव

  • लैंडिंग लेग मेकेनिज्म

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch Where to Watch LIVE : कहां और कैसे देखें चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग

चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग को अगर आप लाइव देखना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको इसरो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल या दूरदर्शन पर वास्तविक समय में लॉन्च देख सकते हैं. इसके साथ सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च को लाइव देखना है, तो इसके लिए ivg.shar.gov.in/ पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: क्या है चंद्रयान- 3 मिशन का उद्देश्य

  • चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग का प्रदर्शन करना.

  • रोवर को चंद्रमा की सतह पर पर चलते हुए दिखाना.

  • लैंडर और रोवर के माध्यम से चंद्रमा की सतह का वैज्ञानिक अध्ययन करना.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: रोवर की मदद से चंद्रमा की सतह पर घूमेगा अंतरिक्ष यान

रोवर की संरचना भी चौकोर है, पर इसकी लंबाई, चौड़ाई व ऊंचाई की अपेक्षा अधिक है. इसमें छह पहिये लगे हैं, जो चंद्रमा की सतह पर घूमने में इसकी मदद करेंगे. वहीं प्रोपल्शन मॉड्यूल भी चौकोर है और इसके ऊपर एक शंकुनुमा आकृति लगी है. चंद्र अभियान के लिए जाने वाले चंद्रयान के इन तीनों भागों का उद्देश्य अंतर-ग्रहीय अभियानों के लिए आवश्यक तकनीकों को विकसित करना और उनका प्रदर्शन करना है. ये तीनों मॉड्यूल अपने साथ कुछ वैज्ञानिक उपकरण (पेलोड) भी लेकर जा रहे हैं.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: अंतरिक्ष यान के तीन भाग

चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान तीन भागों से मिलकर बना है. तीनों ही भाग देश में तैयार किये गये हैं. ये तीनों हिस्से हैं- लैंडर मॉड्यूल (एलएम), प्रोपल्शन मॉड्यूल (पीएम) और एक रोवर. इसकी बाहरी बनावट में दो ही भाग दिखाई देते हैं. पहला भाग प्रोपल्शन मॉड्यूल का है जो लैंडर को चंद्रमा की कक्षा तक लेकर जायेगा. दूसरा भाग लैंडर मॉड्यूल का है, जिसके भीतर रोवर रखा जायेगा. लैंडर मॉड्यूल का आकार चौकोर है और इसके चारों कोनों पर एक-एक पैर जैसी आकृति लगी है.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: चंद्रयान- 3 के बारे में जानें

चंद्रयान- 3 एक अंतरिक्ष यान है, जो चंद्रयान- 2 का फॉलो ऑन मिशन, यानी अनुवर्ती अभियान है. दूसरे शब्दों में कहें, तो चंद्रयान- 3, चंद्रयान- 2 के बाद का अभियान है जो चंद्र सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और रोविंग की अपनी क्षमता प्रदर्शित करेगा और चंद्रमा की सतह से जुड़ी तमाम वैज्ञानिक जानकारियां जुटायेगा.

10:43 PM. 13 Jul 2310:43 PM. 13 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE Updates: चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण से पहले इसरो के वैज्ञानिकों ने तिरुमला में मंदिर में की पूजा-अर्चना

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण से पहले गुरुवार को तिरुमला में श्री वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की. चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किया जाएगा.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: चंद्रयान-3 के सॉफ्ट लैंडिंग से भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा

भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम ‘चंद्रयान-3’ से पहले इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन ने कहा कि इसकी सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ से भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा और इससे देश में अंतरिक्ष विज्ञान के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: श्रीहरिकोटा से लॉन्च होगा चंद्रयान-3

चंद्रयान-3 को श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा. संपूर्ण प्रक्षेपण तैयारी और प्रक्रिया को देखने के लिए श्रीहरिकोटा में प्रक्षेपण अभ्यास किया गया था, जो 24 घंटे से अधिक समय तक चला.

10:43 PM. 13 Jul 2310:43 PM. 13 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE Updates: चंद्र मिशन के माध्यम से इसरो का लक्ष्य विभिन्न क्षमताओं का प्रदर्शन करना

तीसरे चंद्र मिशन के माध्यम से इसरो के वैज्ञानिकों का लक्ष्य विभिन्न क्षमताओं का प्रदर्शन करना है, जिनमें चंद्रमा की कक्षा तक पहुंचना, लैंडर का उपयोग करके चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट-लैंडिंग करना’ और चंद्रमा की सतह का अध्ययन करने के लिए लैंडर से एक रोवर का निकलना और फिर इसका चंद्र सतह पर घूमना शामिल है.

11:17 AM. 14 Jul 2311:17 AM. 14 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE: चंद्रयान-3 मिशन में प्रणोदन मॉड्यूल, लैंडर मॉड्यूल और एक रोवर शामिल

चंद्रयान-3 मिशन में एक स्वदेशी प्रणोदन मॉड्यूल, लैंडर मॉड्यूल और एक रोवर शामिल है जिसका उद्देश्य अंतर-ग्रहीय अभियानों के लिए आवश्यक नई प्रौद्योगिकियों को विकसित करना और प्रदर्शित करना है.

10:43 PM. 13 Jul 2310:43 PM. 13 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE Updates: चंद्रयान-3 सफल रहा तो, भारत अमेरिका,चीन जैसे देशों के क्लब में हो जाएगा शामिल

यदि इस बार इस मिशन में सफलता मिलती है तो भारत ऐसी उपलब्धि हासिल कर चुके अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ जैसे देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा.

10:20 PM. 13 Jul 2310:20 PM. 13 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE Updates: शुक्रवार-14 जुलाई को 14.35 बजे लॉन्च होगा चंद्रयान-3

lvm 3m4 -चंद्रयान-3 मिशन: शुक्रवार-14 जुलाई को 14.35 बजे (दोपहर दो बजकर 35 मिनट) को लॉन्च किया जाएगा. ‘चंद्र मिशन’ साल 2019 के ‘चंद्रयान-2’ का फॉलोअप मिशन है. भारत के इस तीसरे चंद्र मिशन में भी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का लक्ष्य चंद्रमा की सतह पर लैंडर की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का है. ‘चंद्रयान-2’ मिशन के दौरान अंतिम क्षणों में लैंडर ‘विक्रम’ पथ विचलन के चलते ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने में सफल नहीं हुआ था.

10:20 PM. 13 Jul 2310:20 PM. 13 Jul

Chandrayaan-3 Launch LIVE Updates: चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के प्रक्षेपण के लिए उलटी गिनती शुरू

Chandrayaan-3 launch Live Updates : देश के तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के प्रक्षेपण के लिए 25.30 घंटे की उलटी गिनती गुरुवार को शुरू हो गई. जिसकी जानकारी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने दी.

विज्ञापन
विज्ञापन
ArbindKumar Mishra

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola