Bihar Breaking News: मुजफ्फरपुर में गुस्साये लोगों ने की थाने में आगजनी, पुलिस की दो गाड़ियां फूंकी
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
मुजफ्फरपुर में गुस्साये लोगों ने की थाने में आगजनी, पुलिस की दो गाड़ियां फूंकी
मुजफ्फरपुर में गुस्साये लोगों ने थाने में आगजनी की है. लोगों ने गरहां थाने में लगी पुलिस की दो गाड़ियों को फूंक दिया है. शराब तस्करी के मामले में छापेमारी के दौरान एक युवक की भागने के क्रम में तालाब में डूबने से हुई मौत के बाद परिजनों ने पुलिस थाने पर हमला कर दिया. दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गयी है. स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है.
साला ने जीजा की गला रेतकर की हत्या, गिरफ्तार
बहादुरगंज(किशनगंज). नप क्षेत्र बहादुरगंज के वार्ड-09 बसाक टोला में बुधवार को साला ने जीजा की गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद आरोपित ने खुद थाने में जाकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है.
माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से 1.08 लाख की लूट, छानबीन में जुटी पुलिस
झाझा. प्रखंड क्षेत्र स्थित तुंबापहाड़ कोड़ाडीह सड़क पर बुधवार देर शाम बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने आरबीएल माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से बंदूक का भय दिखा कर 1 लाख 8 हजार रुपये लूट लिये. घटना के बाद माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मियों ने इसकी सूचना थाना को दी. माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी कौशल कुमार ने बताया कि हमलोग क्षेत्र में अपना तहसील कर वापस झाझा लौट रहे थे. तभी तुंबा पहाड़ के समीप एक बाइक पर सवार होकर आये दो अपराधियों ने जबरन रोक लिया और माथे पर रिवाल्वर सटा कर बैग छीन लिया. उसमें 1 लाख 8 हजार नकद थे. उसने बताया कि पैसा छीन लेने के बाद दोनों अपराधी तुंबा पहाड़ की तरफ भाग निकला. तभी मैंने सबसे पहले यह जानकारी अपने बैंक प्रबंधक को दी. उसके बाद 112 नंबर पुलिस को सूचना दिया. पुलिस ने आधा घंटा के बाद आने की बात बतायी. उसके बाद हमलोग धीरे-धीरे थाना गये. जहां लिखित आवेदन थाना में दिया. फाइनेंस कर्मी ने बताया कि हमलोग प्रतिदिन पूरे क्षेत्र में घूम-घूम कर पैसा जमा करते हैं और शाम में बैंक जाकर जमा करते हैं. इसी बीच यह घटना हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष राजेश शरण दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे. छानबीन में जुट गये हैं. झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है. क्षेत्र की नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है.
पांच जुगाड़ गाड़ियों को किया गया जब्त
पटना. पटना ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को विभिन्न इलाकों से पांच जुगाड़ गाड़ियों को जब्त किया. वहीं, 1264 वाहन चालकों से 15 लाख 27 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा 30 वाहनों को जब्त किया गया. वहीं दीदारगंज मोड़ पर 105 वाहनों पर एक लाख पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया. विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन मामलों में 72 वाहनों से एक लाख 44 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा चार ब्लैक शीशा वाले वाहनों के चालकों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना किया गया.
डेंगू मरीजों की संख्या में आयी कमी, केवल एक मरीज मिला
मुजफ्फरपुर. जिले में अब डेंगू मरीजों की संख्या में कमी आने लगी है. एसकेएमसीएच में बुधवार को जांच के दौरान डेंगू का एक नया केस मिला है. वहीं एक मरीज में डेंगू व चिकनगुनिया दोनों मिला है. जिला वेक्टरजनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डाॅ सतीश कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में अबतक डेंगू के 160 मरीज मिले हैं, जबकि दो मरीजों की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि लैब से आयी जांच रिपोर्ट में जिले के डेंगू का केवल एक मरीज मिला है. एसकेएमसीएच व निजी अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती मरीजों की मॉनीटरिंग की जा रही है.
मोरा मर्दाना में महिला की हत्या, पति सहित चार आरोपित
बोधगया. मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के मोरा मर्दाना गांव में 25 वर्षीय नागमणी देवी की गला दबा कर हत्या कर देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया व मृतक के पिता को सौंप दिया. मोहनपुर थाना क्षेत्र के डेमा गांव के रहनेवाली नागमणि देवी के पिता ने इस संबंध में थाने में केस दर्ज कराते हुए कहा है कि उनकी बेटी की शादी 2015 में हुई थी. एक बच्चा भी है. लेकिन, दहेज के रूप में रुपये व गाड़ी के लिए उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी व अंतत: उसकी हत्या कर दी गयी. एमयू थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है व इस मामले में मृतक के पति, सास, ससुर व अन्य को आरोपित बनाया गया है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए