दीवार का पेंट बार-बार उखड़ रहा है? ऐसे करें घर पर ठीक
दीवार को रिपेयर करने के तरीकेे
घर की दीवारों पर पेंट या प्लास्टर का उखड़ना आम समस्या है. इस लेख में जानें कि ऐसा क्यों होता है और नमी व सीलन से कैसे बचें.
Wall Repair Tips: घर की दीवार पर लगा पेंट या प्लास्टर जगह-जगह से उखड़ने लगे तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कई बार छोटी-सी मरम्मत से दीवार को दोबारा ठीक किया जा सकता है. लेकिन सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आखिर प्लास्टर या पेंट खराब क्यों हो रहा है.
दीवार से प्लास्टर क्यों झड़ता है?
दीवार से प्लास्टर या पेंट झड़ने की सबसे बड़ी वजह अक्सर नमी और सीलन होती है. बारिश का पानी दीवार में जाना, छत या पाइप में लीकेज और बाथरूम-किचन की ज्यादा नमी इसके पीछे कारण हो सकती है. इसके अलावा, दीवार पर सही तरीके से प्राइमर न लगाना, धूल वाली सतह पर पेंट करना या खराब क्वालिटी का पेंट इस्तेमाल करना भी वजह बन सकता है.
अगर पेंट के नीचे बुलबुले नजर आ रहे हैं, दीवार पर सीलन के निशान हैं या प्लास्टर हाथ लगाने पर टूट रहा है, तो सिर्फ उसके ऊपर नया पेंट करने की गलती न करें.
सबसे पहले नमी और लीकेज चेक करें
मरम्मत शुरू करने से पहले दीवार को अच्छी तरह देखें. कहीं पानी तो नहीं रिस रहा, पाइप में लीकेज तो नहीं है या बारिश के बाद दीवार ज्यादा गीली तो नहीं हो जाती. अगर नमी की वजह बनी हुई है, तो पहले उसे ठीक करें. वरना कुछ समय बाद नया पेंट भी उखड़ सकता है.
झड़ा हुआ प्लास्टर ऐसे हटाएं
अब एक स्क्रेपर या पुट्टी नाइफ की मदद से ढीला पेंट और कमजोर प्लास्टर धीरे-धीरे हटा दें. जो हिस्सा आसानी से निकल रहा है, उसे पूरी तरह साफ कर लें. इसके बाद दरार या गड्ढे वाली जगह पर वॉल फिलर या रिपेयर मटेरियल लगाकर सतह को भर दें.
सूखने के बाद करें सैंडिंग
फिलर लगाने के तुरंत बाद पेंट न करें. पहले इसे अच्छी तरह सूखने दें. इसके बाद सैंडपेपर से उस हिस्से को रगड़कर बराबर कर लें. दीवार जितनी समतल होगी, पेंट के बाद फिनिश उतनी ही अच्छी दिखेगी.
आखिर में लगाएं प्राइमर और पेंट
सतह तैयार होने के बाद पहले प्राइमर लगाएं. इसके सूखने के बाद पेंट करें. अगर दीवार ऐसी जगह है जहां नमी ज्यादा रहती है, जैसे बाथरूम, किचन या बाहरी दीवार, तो उस जगह के लिए सही पेंट और वॉटरप्रूफिंग का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा.
अगर दीवार में लगातार सीलन, बड़ी दरार, भारी प्लास्टर झड़ना या पानी का रिसाव है, तो सिर्फ घरेलू मरम्मत पर निर्भर न रहें. ऐसी स्थिति में किसी मिस्त्री या विशेषज्ञ से दीवार की जांच करवाना बेहतर है.
यह भी पढ़ें: छत की लीकेज ने कर रखा है परेशान? पहले इन जगहों को चेक करें, फिर करें रिपेयर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए