घर पर बनाएं रेस्टोरेंट-स्टाइल कटहल टिक्का, हेल्दी-टेस्टी और मिनटों में बनने वाला परफेक्ट पार्टी स्टार्टर

कटहल टिक्का बनाने की रेसिपी AI image
Kathal Tikka Recipe: कटहल टिक्का एक ऐसी वेजिटेरियन डिश है जो स्वाद और बनावट में नॉन-वेज को भी टक्कर देती है. कम तेल में तैयार होने वाली यह हेल्दी और मसालेदार रेसिपी पार्टी स्टार्टर या इवनिंग स्नैक के लिए परफेक्ट है. जानिए घर पर रेस्टोरेंट-स्टाइल कटहल टिक्का बनाने की आसान रेसिपी.
Kathal Tikka Recipe: कटहल को हम वेज मटन के नाम से भी जानते हैं, क्योंकि पकने के बाद इसकी बनावट और स्वाद काफी हद तक मांस जैसा हो जाता है. आज का यह आर्टिकल उन सभी लोगों के लिए है जिन्हें कटहल खाना पसंद है और जो इससे कुछ यूनिक और टेस्टी रेसिपी ट्राय करना चाहते हैं. आज हम आपको कटहल टिक्का की ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे सिर्फ वेजिटेरियन ही नहीं बल्कि नॉन-वेज खाने के शौकीन लोग भी पसंद करेंगे. इस डिश की सबसे खास बात यह है कि यह स्वाद में तो लाजवाब होती ही है, साथ ही हेल्दी भी होती है. आप इसे बहुत कम तेल में आसानी से तैयार कर सकते हैं. कटहल टिक्का को पार्टी स्टार्टर, इवनिंग स्नैक या फिर घर आए मेहमानों को इंप्रेस करने के लिए बड़ी ही आसानी से बनाया जा सकता है.
कटहल टिक्का बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- कच्चा कटहल – 300 ग्राम
- गाढ़ा दही – आधा कप
- बेसन – 1 बड़ा चम्मच
- अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
- चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
- हल्दी – एक चौथाई छोटा चम्मच
- नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
- सरसों का तेल – 1 बड़ा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- प्याज और शिमला मिर्च – टुकड़ों में कटे हुए
यह भी पढ़ें: नारियल का क्रीमी स्वाद और लौकी की ताजगी, सिर्फ 20 मिनट में तैयार करें ये हलवा जो भाए सभी को
कटहल टिक्का बनाने की रेसिपी
- कटहल टिक्का बनाने के लिए सबसे पहले कटहल को छीलकर बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें. अब इन्हें प्रेशर कुकर में थोड़ा नमक डालकर 2 से 3 सीटी तक उबाल लें. ऐसा करने से कटहल सॉफ्ट हो जाते हैं और पूरी तरह गलते नहीं हैं. उबाल लेने के बाद पानी निकालकर कटहल को ठंडा होने दें.
- इसके बाद एक बड़े बाउल में दही, बेसन, अदरक-लहसुन पेस्ट, सभी सूखे मसाले, नींबू का रस और सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब उबले हुए कटहल, प्याज और शिमला मिर्च के टुकड़े इस मेरिनेशन में डालकर हल्के हाथों से मिक्स करें. इसे कम से कम 30 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें, ताकि मसाले कटहल में अच्छे से समा जाएं.
- इसके बाद गैस पर ग्रिल पैन या नॉन-स्टिक तवा गर्म करें. हल्का सा तेल लगाकर मैरिनेट किया हुआ कटहल और सब्जियों को मीडियम आंच पर चारों तरफ से सेक लें, जब तक उन पर हल्की सी जलन और गोल्डन रंग न आ जाए. आप चाहें तो इन्हें ओवन या एयर फ्रायर में भी पका सकते हैं.
- लास्ट में तैयार कटहल टिक्का को ऊपर से चाट मसाला और नींबू का रस डालकर गरमा-गरम परोसें. इसे हरी चटनी, प्याज के छल्लों और सलाद के साथ सर्व करें.
यह भी पढ़ें: बाहर से क्रिस्पी लेकिन अंदर से सॉफ्ट, गाजर और ओट्स से बनाएं परफेक्ट इवनिंग स्नैक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Saurabh Poddar
मैं सौरभ पोद्दार, पिछले लगभग 3 सालों से लाइफस्टाइल बीट पर लेखन कर रहा हूं. इस दौरान मैंने लाइफस्टाइल से जुड़े कई ऐसे विषयों को कवर किया है, जो न सिर्फ ट्रेंड में रहते हैं बल्कि आम पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी से भी सीधे जुड़े होते हैं. मेरी लेखनी का फोकस हमेशा सरल, यूजर-फ्रेंडली और भरोसेमंद भाषा में जानकारी देना रहा है, ताकि हर वर्ग का पाठक कंटेंट को आसानी से समझ सके. फैशन, हेल्थ, फिटनेस, ब्यूटी, रिलेशनशिप, ट्रैवल और सोशल ट्रेंड्स जैसे विषयों पर लिखना मुझे खास तौर पर पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




