रक्षाबंधन पर भाई घर आ रहा है? कम समय में बनाएं ये 5 स्पेशल नाश्ते, खाते ही बोलेगा वाह दीदी
रक्षाबंधन पर भाई को नाश्ते में क्या खिलाएं? Ai image
Raksha Bandhan Breakfast Ideas: रक्षाबंधन पर भाई को रोज वाला पोहा या उपमा खिलाने के बजाय इस बार कुछ स्पेशल बनाएं. चीजी गार्लिक पॉकेट्स से लेकर पनीर काठी रोल और क्रिस्पी फिंगर्स तक, ये नाश्ते स्वाद में इतने मजेदार हैं कि भाई बार-बार आपकी तारीफ करेगा.
Raksha Bandhan Breakfast Ideas: रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के बीच के प्यार को दिखाने वाला एक बहुत ही बड़ा दिन होता है. इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उन्हें एक प्यारा सा गिफ्ट देते हैं. जब भाई साल में एक बार घर आता है और वह भी सिर्फ राखी बंधवाने के लिए, तो जाहिर सी बात है कि आप उसे हर दिन वाला सिंपल और सादा सा नाश्ता, जैसे कि पोहा या उपमा खिलाकर तो नहीं रख सकती हैं.
अगर आप इस रक्षाबंधन अपने भाई को कुछ ऐसा बनाकर खिलाना चाहती हैं जो खाने में बिल्कुल कैफे या रेस्टोरेंट की तरह स्पेशल लगे और जिसे बनाने में आपका ज्यादा समय भी बर्बाद न हो, तो आज का यह आर्टिकल आपके काम का होने वाला है. आज हम आपको 5 ऐसे चटपटे नाश्तों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें बनाना बहुत ही आसान है और इनका स्वाद भी इतना जबरदस्त होता है कि आपका भाई इन्हें खाने के बाद आपकी तारीफ करते नहीं थकेगा. तो चलिए, जानते हैं इनके बारे में विस्तार से.

भाई को कैफे का खाना पसंद है तो चीजी गार्लिक पॉकेट्स
अगर आपके भाई को पिज्जा या फिर कैफे का खाना अच्छा लगता है, तो यह ब्रेकफास्ट उसे जरूर पसंद आएगा. इस डिश की खासियत होती है कि यह बाहर से क्रिस्पी होता है और जैसे ही आप इसे काटते हैं इसके अंदर से पिघली हुई चीज निकलती है. कैफे स्टाइल इस डिश को घर पर बनाना बहुत ही ज्यादा आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड के चारों तरफ के कड़े किनारों को काटकर अलग कर दें और बेलन से ब्रेड को बेलकर थोड़ा पतला कर लें. अब एक कटोरी में कद्दूकस किया हुआ चीज, बारीक कटा लहसुन, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो और थोड़ी सी बारीक कटी शिमला मिर्च मिला लें. ब्रेड के बीच में यह चीज़ वाला मसाला रखें. ब्रेड के किनारों पर हल्का सा पानी लगाकर उसे मोड़ें और पॉकेट जैसा बंद कर दें. अब तवे पर बटर लगाएं और इन पॉकेट्स को दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेक लें.
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर भाई को खिलाएं बिना चीनी की ये 5 मिठाइयां, स्वाद ऐसा कि बाजार की मिठाई भूल जाएंगे
इस रक्षाबंधन ट्राई करें क्रिस्पी कॉर्न कटलेट
जब बात टिक्की होती है टिक्की की तो अक्सर हम सभी के दिमाग में आलू टिक्की का नाम आता है. लेकिन अगर आप हर दिन के बोरिंग आलू टिक्की की जगह पर कुछ नया ट्राय करना चाहते हैं, तो क्रिस्पी कॉर्न कटलेट आपके लिए परफेक्ट चॉइस है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए स्वीट कॉर्न को मिक्सी में डालकर हल्का सा दरदरा पीस लें. अब एक बर्तन में कॉर्न, उबला और मैश किया हुआ आलू, थोड़ा सा कद्दूकस किया पनीर, हरी मिर्च, गरम मसाला, अमचूर और नमक मिला लें. टिक्की को टूटने से बचाने के लिए इसमें 2 चम्मच कॉर्नफ्लोर या ब्रेड का चूरा यानी कि ब्रेडक्रम्ब्स मिला लें. अब इसकी गोल-गोल टिक्कियां बनाएं और गरम तेल में दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें. इसे हरी चटनी के साथ सर्व करें और अपने भाई के चेहरे की मुस्कान को देखें.
घर पर बनाएं मार्केट जैसा तवा पनीर काठी रोल
अगर आपके भाई को काठी रोल खाना अच्छा लगता है, तो आप उसे घर पर ही मार्केट जैसा तवा पनीर काठी रोल बनाकर खिला सकते हैं. यह ब्रेकफास्ट पेट भरने वाला होता है और यह दिखने में भी हैवी और बहुत स्पेशल लगता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले पनीर, प्याज और शिमला मिर्च को लंबे और पतले टुकड़ों में काट लें. अब एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें और इन सब चीजों को तेज आंच पर 2 मिनट भूनें. इसके बाद इसमें सेजवान सॉस, टोमैटो सॉस, थोड़ा गरम मसाला और नमक डालकर मिला लें. अब नॉर्मल गेहूं के आटे की पतली रोटी या पराठा बनाएं. रोटी के ऊपर थोड़ी हरी चटनी फैलाएं, बीच में पनीर की स्टफिंग रखें, ऊपर से थोड़ा सा कच्चा प्याज और नींबू निचोड़कर रोल कर दें.
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर भाई को सरप्राइज देना है तो जरूर बनाएं ये 5 टेस्टी रेसिपीज, प्यार के साथ मिलेगा स्वाद का परफेक्ट तड़का
तीखा और चटपटा पसंद है तो इंस्टेंट मूंग दाल कचौड़ी
अगर आपके भाई को तीखा और चटपटा खाना अच्छा लगता है, तो बिना मैदा गूंथे ब्रेड से बनने वाली यह कचौड़ी आपके लिए सबसे बेस्ट और परफेक्ट चॉइस है. इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले भीगी हुई धुली मूंग दाल को मिक्सी में दरदरा पीस लें. अब एक पैन में थोड़ा तेल गरम करके सौंफ, हींग, धनिया पाउडर, अमचूर और लाल मिर्च के साथ इस दाल को अच्छे से भून लें. इसके बाद ब्रेड स्लाइस को पानी में हल्का सा डुबोएं और हाथों से दबाकर पूरा पानी निचोड़ दें. अब ब्रेड के बीच में चटपटा दाल का मसाला भरें और हाथों से गोल-गोल घुमाकर कचौड़ी की शेप दे दें. इसे मीडियम आंच पर गरम तेल में गोल्डन होने तक तलें.
दिखने में फ्रेंच फ्राइज की तरह हैं सूजी-पनीर क्रिस्पी फिंगर्स
सूजी और पनीर से बनने वाले ये क्रिस्पी फिंगर्स दिखने में बिल्कुल ही फ्रेंच फ्राइज की तरह लगते हैं. लेकिन इनका जो स्वाद होता है वह काफी ज्यादा क्रंची और मजेदार होता है. सूजी-पनीर क्रिस्पी फिंगर्स बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में 1 कप पानी, थोड़ा सा नमक और एक चम्मच तेल डालकर उबालें. अब इसमें आधा कप सूजी डालें और तब तक चलाएं जब तक वह गाढ़ी होकर आटे जैसी न बन जाए. इसके बाद इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दें. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, बारीक कटी सब्जियां, चिली फ्लेक्स और हरा धनिया डालकर आटे की तरह गूंथ लें. इसके बाद इस मिश्रण को प्लेट पर फैलाकर लंबे-लंबे फिंगर्स के शेप में काट लें और गरम तेल में क्रिस्पी होने तक तल लें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए