रक्षाबंधन पर भाई को खिलाएं बिना चीनी की ये 5 मिठाइयां, स्वाद ऐसा कि बाजार की मिठाई भूल जाएंगे

Updated:
विज्ञापन

रक्षाबंधन के लिए बिना चीनी की बनने वाली मिठाई Ai image

Sugar Free Sweets Recipe: रक्षाबंधन पर अगर भाई का मुंह मीठा कराने के लिए कुछ खास बनाना चाहती हैं, तो इस बार बाजार की मिठाई छोड़कर घर पर ही कुछ अलग ट्राई करें. खजूर रोल से लेकर नारियल के लड्डू और मूंगफली की कतली तक, ये मिठाइयां स्वाद में भी कमाल लगेंगी और त्योहार की मिठास भी दोगुनी कर देंगी.

विज्ञापन

Sugar Free Sweets Recipe: रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के बीच के प्यार और उनकी मीठी यादों को दर्शाने का एक बेहद खास दिन होता है. इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनकी पसंदीदा मिठाई खिलाकर उनका मुंह भी मीठा कराती हैं. आज के समय में ज्यादातर लोगों की यह कोशिश होती है कि वे किसी भी मौके पर घर पर बनी हुई मिठाई ही खाएं. ऐसा इसलिए क्योंकि बाजार की इन मिठाइयों में या तो चीनी बहुत ज्यादा होती है या फिर इनमें मिलावट होने का खतरा रहता है. ज्यादा चीनी और मिलावटी चीजें खाने से सेहत भी खराब होने की संभावना बढ़ जाती है.

विज्ञापन

अगर आप इस रक्षाबंधन अपने भाई और बाकी परिवार के सदस्यों की सेहत का ख्याल रखना चाहते हैं, तो सबसे बेहतर होगा कि आप घर पर ही मिठाइयां तैयार कर लें. इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसी खास मिठाइयों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप काफी आसानी से और कम समय में बिना चीनी के घर पर ही तैयार कर सकते हैं. तो चलिए इन रेसिपीज के बारे में जानते हैं और साथ ही जानते हैं इन्हें बनाने का सबसे आसान तरीका.

sugar free sweets for raksha bandhan
sugar free sweets for raksha bandhan

खजूर और ड्राई फ्रूट्स रोल

खजूर में अपनी नेचुरल स्वीटनेस होती है जिस वजह से आपको इसमें अलग से चीनी डालने की जरुरत बिल्कुल नहीं पड़ती है. खजूर और ड्राई फ्रूट्स रोल बनाने के लिए सबसे पहले खजूर के अंदर से बीज निकाल लें और उसे मिक्सी में डालकर हल्का पीस लें. अब एक पैन में एक छोटा चम्मच देसी घी गर्म करें और उसमें अपने मनपसंद ड्राई फ्रूट्स जैसे काजू, बादाम और पिस्ता को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर हल्का सा रोस्ट कर लें. इसके बाद पिसे हुए खजूर को पैन में डालें और धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह एकदम सॉफ्ट न हो जाए. अब इसमें भुने हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें. जब यह मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तो इसे हाथों से बेलन की तरह लंबा रोल बना लें और 1 से 2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें ताकि यह जम जाए. जमने के बाद चाकू से इसके गोल-गोल पीस काट लें.

ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर भाई को सरप्राइज देना है तो जरूर बनाएं ये 5 टेस्टी रेसिपीज, प्यार के साथ मिलेगा स्वाद का परफेक्ट तड़का

अंजीर और खसखस बर्फी

अंजीर को सेहत के बहुत ही फायदेमंद माना जाता है और इसका जो स्वाद होता है वह भी काफी बेहतरीन होता है. अंजीर और खसखस बर्फी बनाने के लिए सूखी अंजीर को लगभग 2 घंटे के लिए गर्म पानी में भिगोकर छोड़ दें. जब वह सॉफ्ट हो जाए, तो पानी निकालकर उसे मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें. अब एक पैन में थोड़ा सा घी डालकर 2 चम्मच खसखस को हल्का सा भूनकर अलग निकाल लें. इसके बाद उसी पैन में अंजीर के पेस्ट को धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा होकर पैन को छोड़ने न लगे. इसके बाद इसमें कटे हुए काजू, बादाम और भुनी हुई खसखस मिला दें. अब इस पूरे पेस्ट को घी लगी हुई प्लेट पर अच्छे से फैला दें और ठंडा होने पर चाकू से बर्फी के टुकड़ों में काट लें.

नारियल और गुड़ के लड्डू

नारियल के लड्डू हर किसी की ही पसंद आते हैं. अगर आप इस रक्षाबंधन घर पर नारियल के लड्डू बनाने की सोच रहे हैं, तो चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करके इसे और भी ज्यादा हेल्दी बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में कद्दूकस किया हुआ फ्रेश नारियल या नारियल का सूखा पाउडर डालकर धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट भून लें. अब इसमें कसा हुआ गुड़ या गुड़ का पाउडर डालें और तब तक चलाएं जब तक गुड़ पिघलकर नारियल के साथ अच्छी तरह से मिल न जाए. इसमें थोड़ी सी इलायची पाउडर डालकर मिलाएं ताकि अच्छी खुशबू आए. जब मिश्रण हल्का गर्म हो, तो हाथों में थोड़ा सा घी लगाकर इसके गोल-गोल लड्डू बना लें.

ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदने की जरूरत नहीं, घर आए मेहमानों को इम्प्रेस करने के लिए मिनटों में बनाएं ये 5 सुपर टेस्टी मिठाइयां

मूंगफली और गुड़ की कतली

अगर आपको काजू कतली खाना अच्छा लगता है, तो मूंगफली से बनी हुई कतली आपको जरूर पसंद आएगी। मूंगफली से बनी कतली खाने में टेस्टी भी होती है और इसे कम खर्चे में भी आसानी से बनाया जा सकता है. इसे बनाने के लिए मूंगफली के दानों को कढ़ाई में ड्राई रोस्ट कर लें और ठंडा होने पर उनका छिलका साफ करें और मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. अब एक पैन में थोड़ा सा गुड़ और दो चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं. जैसे ही गुड़ पिघल जाए, उसमें मूंगफली का पाउडर और इलायची पाउडर डालकर तुरंत मिलाएं. जब यह गाढ़ा होकर पैन छोड़ने लगे, तो इसे बटर पेपर या घी लगी थाली पर रखें और बेलन की मदद से थोड़ा पतला बेलकर काजू कतली की तरह बर्फी के शेप में काट लें.

ओट्स और खजूर के लड्डू

ओट्स को सेहत के लिए बहुत ही अच्छा माना जाता है एयर इससे बनी मिठाई बहुत ही लाइट और न्यूट्रिशियस होती है. ओट्स और खजूर के इस लड्डू को बनाने के लिए सबसे सबसे पहले ओट्स को कढ़ाई में बिना घी के 3 से 4 मिनट तक भून लें और ठंडा होने पर मिक्सी में पीस लें. अब बिना बीज वाले सॉफ्ट खजूर को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें. इसके बाद एक बड़े बर्तन में ओट्स का पाउडर, खजूर का पेस्ट, थोड़े से भुने हुए सफेद तिल और बादाम का पाउडर डालें. स्वाद के लिए थोड़ा सा इलायची पाउडर मिलाएं और सभी चीजों को हाथों से अच्छे से मसलकर मिला लें. अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें. इन आसान और हेल्दी मिठाइयों से आप इस रक्षाबंधन अपने भाई का मुंह भी मीठा करा सकती हैं और उनकी सेहत का ख्याल भी रख सकती हैं.

ये भी पढ़ें: नमकीन से लेकर मीठे तक, मखाने से बनाएं ये 5 इंस्टेंट स्नैक्स, मिटेगी शाम की भूख और चाय का मजा भी होगा दोगुना


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola