60 की उम्र के बाद शरीर में होने लगते हैं ये 6 बदलाव, भूलकर भी न करें इन्हें बीमारी समझने की गलती

60 की उम्र के बाद शरीर में होने वाले कॉमन बदलाव Ai image
Body changes in old age: 60 की उम्र के बाद अगर आपको लगता है कि आपका शरीर पहले जैसा नहीं रहा, तो घबराने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. इस उम्र में कई ऐसे बदलाव होने लगते हैं जिन्हें देखकर अक्सर लोग डर जाते हैं, जबकि ये बढ़ती उम्र का बिल्कुल सामान्य हिस्सा हैं. आज हम आपको ऐसे ही कुछ बदलावों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें समझना हर बुजुर्ग के लिए जरूरी है.
Body changes in old age: उम्र का लगातार बढ़ते रहना एक ऐसी चीज है जिसे कोई भी रोक नहीं सकता है. यह कुदरत का एक ऐसा नियम है जिसका पालन हर किसी को करना है. वैसे तो हमारी उम्र हर दिन बढ़ रही है और शरीर में कोई न कोई बदलाव हो ही रहे हैं, लेकिन जब बात आती है 60 की उम्र के बाद की, तो इस समय हमारे शरीर में कुछ इस तरह के बदलाव आने लगते हैं जिन्हें देखकर अक्सर बड़े-बुजुर्ग घबरा जाते हैं, और उन्हें यह समझ ही नहीं आता कि आखिर उनके साथ हो क्या रहा है. कुछ लोग इन बदलावों को देखकर डर जाते हैं, तो कुछ ऐसे भी होते हैं जो इन्हें बीमारी समझने की गलती कर बैठते हैं. अगर आपकी उम्र भी 60 साल को पार कर चुकी है, तो आज का यह आर्टिकल खास आपके लिए ही है. आज हम आपको इस उम्र में होने वाले कुछ ऐसे फिजिकल और मेंटल बदलावों के बारे में बताने जा रहे हैं जो बिल्कुल नॉर्मल हैं, और आपको इनसे डरने या फिर घबराने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. तो चलिए, इन बदलावों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
स्किन का ढीला होना और रिंकल्स आना
जब हम 60 की उम्र को पार कर जाते हैं, तो हमारी स्किन के अंदर पाया जाने वाला एक खास प्रोटीन, जिसे हम कोलेजन के नाम से जानते हैं, वह कम होने लग जाता है. यह प्रोटीन हमारी स्किन को टाइट रखने में मदद करता है, लेकिन जैसे ही इसका प्रोडक्शन होना कम हो जाता है, हमारी स्किन अपनी टाइटनेस खोने लग जाती है. यह एक बड़ी वजह है कि इस उम्र के बाद हमारे चेहरे, हाथों और गर्दन पर रिंकल्स दिखाई देने लगते हैं, और साथ ही स्किन भी थोड़ी ड्राई और पतली नजर आने लगती है. यह एक बिल्कुल ही नेचुरल बदलाव है, जो अगर आपको अपने साथ होता हुआ दिखे, तो आपको घबराने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. इस प्रॉब्लम से बचने के लिए आपको अपनी स्किन को अच्छे से मॉइस्चराइज करना चाहिए और सही मात्रा में पानी पीना भी शुरू कर देना चाहिए.
ये भी पढ़ें: रात में बार-बार टूटती है नींद? सोने से पहले बदलें ये 5 आदतें, आएगी घोड़े बेचकर नींद
छोटी-मोटी बातें भूल जाना
अक्सर इस उम्र में लोग जब छोटी-छोटी बातों को भूलने लगते हैं, तो उन्हें इस बात का डर सताने लगता है कि कहीं उन्हें दिमाग से जुड़ी कोई बड़ी बीमारी तो नहीं हो गयी है. लेकिन बढ़ती उम्र के साथ कभी-कभार चाबी को कहीं पर रखकर, किसी का नाम याद करने में थोड़ा सा समय या फिर छोटी-छोटी चीजों को भूल जाना बिल्कुल ही कॉमन बात है. 60 की उम्र के बाद हमारे दिमाग की स्पीड थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हमारा दिमाग खराब हो रहा है. अगर आप इस प्रॉब्लम से बचे हुए रहना चाहते हैं तो न्यूजपेपर पढ़ना शुरू कर दें या फिर पजल्स सॉल्व करना शुरू कर दें.
हड्डियों और जोड़ों में हल्का दर्द
60 की उम्र के बाद हमारे शरीर में कैल्शियम कम होने लग जाता है और साथ ही हड्डियों और जोड़ों के बीच की चिकनाई भी थोड़ी घट जाती है. इसी वजह से अक्सर सुबह सोकर उठने के बाद जोड़ों में थोड़ा सा स्टिफनेस महसूस हो सकता है या फिर उठते और बैठते समय घुटनों से हल्की सी आवाज भी आ सकती है. अगर घुटनों का यह दर्द बहुत ज्यादा नहीं है, तो आपको डरने या फिर घबराने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. इस प्रॉब्लम से छुटकारा पाने के लिए हर सुबह थोड़ी देर वॉक करना शुरू कर दें और डॉक्टर की सलाह लेने के बाद कैल्शियम सप्लीमेंट लेना भी शुरू कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: अचानक लो हो जाए ब्लड प्रेशर, तो घबराने की जरूरत नहीं! अस्पताल जाने से पहले घर पर करें ये 5 आसान उपाय
खाना डाइजेस्ट होने में ज्यादा समय लगना
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, हमारे पेट के अंदर का सिस्टम भी थोड़ा स्लो हो जाता है. जवानी में जो खाना बहुत जल्दी और आसानी से डाइजेस्ट हो जाता था, 60 के बाद उसे ही डाइजेस्ट करने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है. यह एक बड़ी वजह है कि बुजुर्गों को अक्सर गैस या कब्ज की शिकायत रहती ही है. अगर आप इस प्रॉब्लम से बचना चाहते हैं, तो इसका सबसे सिंपल तरीका है कि अब आप अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल और दलिया जैसी चीजें शामिल करना शुरू कर दें, और साथ ही दिनभर में अच्छा-खासा पानी भी पीएं.
नींद का कम होना या जल्दी खुल जाना
अगर आपके घर में कोई बुजुर्ग हैं, तो आपने यह जरूर नोटिस किया होगा कि वे रात को बहुत जल्दी सो जाते हैं और अगली सुबह 4 से 5 बजे के बीच ही उनकी नींद खुल जाती है. या फिर कई बार ऐसा भी होता है कि उनकी नींद रात को बार-बार टूटती रहती है. अगर आप या फिर आपके घर में किसी के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो इसके लिए टेंशन लेने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. बुजुर्गों को उतनी गहरी नींद नहीं आती जितनी बच्चों या जवान लोगों को आती है. अगर वे दिनभर फ्रेश महसूस करते हैं, तो कम नींद आने पर भी घबराने की या नींद की गोली खाने की कोई जरूरत नहीं है.
कम दिखना और कम सुनाई देना
60 की उम्र के बाद हमारी आंखों के लेंस थोड़े कड़े यानी टाइट हो जाते हैं, जिसकी वजह से पास की चीजें धुंधली दिखाई देने लगती हैं. यही कारण है कि इस उम्र में न्यूजपेपर पढ़ने या मोबाइल चलाने के लिए चश्मे की जरूरत पड़ती है. ठीक इसी तरह, उम्र बढ़ने के साथ कान के अंदर की नसें भी थोड़ी कमजोर हो जाती हैं, जिससे बहुत धीमी आवाजें सुनने या समझने में थोड़ी परेशानी हो सकती है. यह बढ़ती उम्र का एक बहुत ही सामान्य असर है, जिसे एक अच्छे चश्मे या फिर कान की मशीन यानी कि हियरिंग ऐड की मदद से आसानी से दूर किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: 40 की उम्र के बाद हर पुरुष को जरूर कराने चाहिए ये हेल्थ चेकअप्स, कई गंभीर बीमारियां समय रहते चल जाएंगी पता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सौरभ पोद्दार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










