ePaper

UP Cricket T20 League: यूपी टी-20 लीग की टीमों में कानपुर की बोली सबसे महंगी, लखनऊ सस्ते में बिका

Updated at : 17 Aug 2023 1:04 PM (IST)
विज्ञापन
UP Cricket T20 League: यूपी टी-20 लीग की टीमों में कानपुर की बोली सबसे महंगी, लखनऊ सस्ते में बिका

UP Cricket T20 League: यूपी टी-20 लीग में सबसे बड़ी बोली कानपुर टीम के लिए लगी, जिसकी बिक्री लगभग 7.25 करोड़ में हुई. वहीं, लखनऊ की टीम 5.25 करोड़ रुपये में बिकी.

विज्ञापन

UP Cricket T20 League: यूपी टी-20 लीग में टीमों की नीलामी के दौरान जमकर पैसा बरसा है. सबसे बड़ी बोली कानपुर टीम के लिए लगी, जिसे लगभग 7.25 करोड़ में वी कार्प फ्लेवर्स प्राइवेट लि. (विमल पान मसाला) ने खरीदा है. वहीं, सबसे सस्ती लखनऊ की टीम बिकी, जिसे 5.25 करोड़ रुपये में ज्वाइंट वेंचर ऑफ इकाना स्पोर्ट्स सिटी प्रा. लि. एंड जीसी कंस्ट्रशन एंड डेवलपमेंट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने खरीदा.

आईपीएल की तर्ज पर होने जा रही यूपी टी-20 लीग की टीमों की नीलामी लखनऊ स्थित होटल में आठ फ्रेंचाइजी शामिल हुईं. जिसमें पांच करोड़ के बेस प्राइज से नीलामी शुरू की गई. सुबह आए आवेदनों की जांच के बाद दोपहर बाद बोली शुरू हुई.

ग्रीन पार्क में होने वाली लीग के लिए सर्वाधिक मारामारी कानपुर की टीम पर बाजी मारने के लिए हुई. अंततः करीब 7.25 करोड़ में कानपुर की टीम बिकी. इसके बाद वाराणसी की टीम को 6.50 करोड़ में जेके समूह ने खरीदा. गोरखपुर की टीम को छह करोड़ में गौर संस ने लिया, गौतमबुद्ध नगर की टीम 5.75 करोड़ में एनर्जी सॉल्युशन ने खरीदी और मेरठ की टीम को 5.50 करोड़ में ज्वाइंट वेंचर ऑफ एविएशन इंडिया प्रा.लि. ने लिया है. टीम की नीलामी के बाद अब 20 अगस्त को खिलाड़ी चुने जाएंगे.

बड़े नामों की रही डिमांड

यूपी टी-20 लीग में कई बड़े नाम ऐसे हैं जो क्रिकेट जगत में परचम लहरा रहे हैं. सभी छह फ्रेंचाइजी इन खिलाड़ियों को खरीदने का प्रयास करेंगे. आईपीएल खिलाड़ी अंकित राजपूत, भुवनेश्वर कुमार, प्रियम गर्ग, रिंकू सिंह, करण शर्मा, उपेंद्र यादव, अक्षदीप नाथ, आर्यन जुआल, शिवम मावी, सौरभ कुमार, कार्तिक त्यागी, शिवम त्यागी, पुणांक त्यागी जैसे खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों की निगाह रहेगी.

लीग का रंगारंग आगाज कानपुर के ग्रीन पार्क में 30 अगस्त को होगा. समापन 16 सितंबर को होगा. शुभारंभ, सेमीफाइनल और फाइनल छोड़कर बाकी दिन दो-दो मुकाबले होंगे. पहला मुकाबला दोपहर तीन से 7:30 बजे तक होगा. वहीं दूसरा आठ बजे से 1130 बजे रात तक चलेगा. खिलाड़ियों की नीलामी 20 अगस्त को लखनऊ में होगी. तीन पूल बनाकर इन्हें चुना जाएगा.

छह टीमों के लिए आठ कंपनियों की बिड

प्रदेश में आईपीएल की तरह पहली बार यूपी टी-20 लीग का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें हिस्सा लेने वाली छह टीमों के लिए कुल आठ कंपनियों ने बिड डाली है. यह सभी कंपनी ने लखनऊ के एक होटल में आयोजित नीलामी में हिस्सा लिया. नीलामी की शुरुआत से पहले इन सभी कंपनी ने पांच करोड़ रुपये और 18 फीसदी जीएसटी का डिमांड ड्राफ्ट यूपीसीए के खाते में जमा किया. यूपी टी-20 लीग के लिए यूपीसीए ने छह टीमों को अपने प्रमुख शहर कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और नोएडा के नाम से रखने का फैसला किया है.

हर दिन दो मैच डे नाइट मुकाबला

यूपी टी-20 लीग में दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मिलाकर 33 मैच होने हैं. इसलिए यूपीसीए एक दिन में दो मैच कराएगा. इसका शेड्यूल 20 अगस्त के बाद जारी होगा. इसलिए मुकाबले डे और नाइट दोनों ही होंगे. ग्रीनपार्क में फ्लड लाइट की टेस्टिंग शुरू हो गई है. खराब बल्ब बदले जा रहे हैं, जिससे मैच में किसी तरह की दिक्कत न हो.

दर्शकों को मिलेगा फ्री प्रवेश

ग्रीनपार्क में होने वाली यूपी टी-20 लीग में दर्शकों की इंट्री फ्री होगी. सभी मैच सफेद बाल से खेले जाएंगे. दर्शकों को धूप से बचाने के लिए कई गैलरी खोली जाएंगी. 30 अगस्त से 16 सितंबर तक लीग होगी. यूपीसीए ने इसकी रूपरेखा तैयार कर ली है. पहली बार यूपी में आईपीएल की तर्ज पर यह लीग हो रही है. जिसमें यूपीसीए ज्यादा से ज्यादा लोगों को मैच दिखाना चाहता है. जियो टीवी में मैच का लाइव प्रसारण होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola