TMKOC: दुल्हन के भूतिया पुतले ने हिलाया घूंघट, गायब हुए गहने... पोपटलाल पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, जानिए नए ट्रैक में क्या होगा
TMKOC का आने वाला ट्रैक, फोटो- इंस्टाग्राम
TMKOC: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में शादी के चक्कर में पोपटलाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दुल्हन का पुतला घर लाते ही गहने चोरी के इल्जाम में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. अब इस पूरे ट्रैक पर एक्टर श्याम पाठक ने बात की है.
TMKOC: पॉपुलर सिटकॉम 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है. गोकुलधाम सोसाइटी के कुंवारे पत्रकार पोपटलाल की शादी को लेकर एक बार फिर नया बखेड़ा खड़ा हो गया है. शादी का सपना पूरा करने के चक्कर में पोपटलाल इस बार सीधे जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं. आइए आपको बताते हैं कि आखिर पोपटलाल के घर में ऐसा क्या हुआ कि पूरी गोकुलधाम सोसाइटी सन्न रह गई.
शादी के लिए घर ले आए दुल्हन का पुतला
पोपटलाल का किरदार निभाने वाले एक्टर श्याम पाठक ने मिड-डे को दिए इंटरव्यू में इस मजेदार ट्रैक के बारे में खुलकर बात की है. उन्होंने बताया कि पोपटलाल शादी करके घर बसाने के लिए बेकरार हैं. किसी दोस्त ने उन्हें सलाह दी कि अगर किसी चीज को रोज मन से सोचो, तो वो जल्दी मिल जाती है. बस फिर क्या था, पोपटलाल सीधे बाजार गए और दुल्हन के कपड़ों में सजा एक पुतला खरीदकर अपने घर ले आए. पोपटलाल सुबह-शाम उस पुतले को देखकर अपनी असली दुल्हन की कल्पना करने लगे ताकि उनकी शादी जल्दी हो जाए.
पुतले ने हिलाया घूंघट और शुरू हुआ डरावना खेल
पुतला घर आने के बाद पोपटलाल के साथ अजीब-ओ-गरीब घटनाएं होने लगीं. कभी घर से डरावनी आवाजें आने लगीं, तो कभी उस बेजान पुतले का घूंघट अपने आप उठने और गिरने लगा. पोपटलाल जितनी बार घूंघट ठीक करते, वो अपने आप ऊपर हो जाता. इस बात से पोपटलाल बुरी तरह घबरा गए कि आखिर इस पुतले में जान कहां से आ गई.
ये भी पढ़ें: Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: पोपटलाल का कैसा है जेठालाल-भिड़े संग रिश्ता, बोले- सेट पर आते ही…
गोकुलधाम में चोरी और पोपटलाल की गिरफ्तारी
कहानी में असली मोड़ तब आया जब गोकुलधाम सोसाइटी के लोगों के घरों से एक-एक करके गहने गायब होने लगे. पूरी सोसाइटी में चोर की तलाश शुरू हुई. तभी किस्मत का खेल देखिए, चोरी हुए सारे गहने पोपटलाल के उसी दुल्हन वाले पुतले के पास से बरामद हो गए. पुलिस को लगा कि चोरी पोपटलाल ने ही की है, इसलिए पुलिस ने आव देखा न ताव और उन्हें हिरासत में ले लिया. हालांकि गोकुलधाम वाले पोपटलाल को बेकसूर मानते हैं और असली चोर को पकड़ने में जुट गए हैं.
'क्या अब भूतनी ही पोपटलाल से शादी करेगी?'
शो में बार-बार आने वाले भूतिया ट्रैक और शादी के ड्रामे पर श्याम पाठक ने हंसते हुए कहा कि शायद भूतों की दुनिया में भी यह चर्चा चल रही है कि जब इस आदमी की इंसानों में शादी नहीं हो रही, तो क्यों न कोई भूतनी ही इससे शादी कर ले.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए