सुबह 4 बजे से एयरपोर्ट पर फंसी रहीं सोनाक्षी सिन्हा, एयर इंडिया पर निकाला गुस्सा

Sonakshi Sinha Slams Air India
Sonakshi Sinha: मुंबई से उड़ान में 6 घंटे की देरी होने पर अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने एयर इंडिया पर नाराज़गी जताई. सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने एयरलाइन की सेवाओं पर सवाल उठाए. इससे पहले भी अनुष्का शंकर और रवीना टंडन एयर इंडिया की आलोचना कर चुकी हैं.
Sonakshi Sinha: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने एयर इंडिया की सेवाओं पर नाराजगी जताई है. मुंबई से सुबह जल्दी उड़ान भरने वाली उनकी फ्लाइट करीब 6 घंटे लेट हो गई, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. अभिनेत्री ने इस देरी को लेकर सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी बात रखी.
सोनाक्षी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए एयर इंडिया को लताड़ा
सोनाक्षी ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि वह सुबह 4 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं. उनकी फ्लाइट सुबह 5 बजे की थी, लेकिन उसे बिना किसी साफ वजह के बार-बार आगे बढ़ाया गया. आखिरकार फ्लाइट को सुबह 11 बजे के लिए शिफ्ट कर दिया गया. सोनाक्षी ने फ्लाइट की खिड़की से एक तस्वीर शेयर करते हुए एयर इंडिया को टैग किया और लिखा कि उन्हें एयरलाइन से बेहद निराशा हुई है. उन्होंने ‘नेशनल कैरियर’ कहे जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एयर इंडिया को अपनी सेवाएं बेहतर करनी चाहिए. हालांकि, बाद में उन्होंने यह पोस्ट हटा ली.
इससे पहले भी एयर इंडिया पर सेलेब्रिटीज ने की है टिप्पणी
यह पहला मौका नहीं है जब किसी सेलेब्रिटी ने एयर इंडिया की शिकायत की हो. कुछ समय पहले मशहूर संगीतकार अनुष्का शंकर ने भी एयर इंडिया पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने बताया था कि यात्रा के दौरान उनके कीमती सितार को नुकसान पहुंचा, जबकि इसके लिए उनसे अलग से हैंडलिंग फीस भी ली गई थी. अनुष्का ने इसे बेहद दुखद और लापरवाही भरा अनुभव बताया था.
रवीना टंडन ने भी की थी शिकायत
इसके अलावा अभिनेत्री रवीना टंडन भी एयर इंडिया की नीतियों को लेकर नाराजगी जता चुकी हैं. उन्होंने पालतू जानवरों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को होने वाली दिक्कतों पर एयर इंडिया को घेरा था. रवीना ने सोशल मीडिया पर एक निजी एयरलाइन की सुविधा का उदाहरण देते हुए एयर इंडिया को सुधार की सलाह दी थी.
इन लगातार शिकायतों से साफ है कि यात्रियों को एयर इंडिया की सेवाओं से कई बार परेशानी होती है. समय की पाबंदी, यात्रियों की सुविधा और खास जरूरतों को लेकर एयरलाइन को ज्यादा ध्यान देने की जरूरत महसूस की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बॉर्डर 2 से पहले सुनील शेट्टी ने ‘बॉर्डर’ के क्लाइमैक्स का किया रियल खुलासा, बताया टैंक के नीचे की असली फीलिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pushpanjali
मेरा नाम पुष्पांजलि है. मैं पिछले 2.5 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट के तौर पर काम कर रही हूं. इस दौरान मैंने मुख्य रूप से लाइफस्टाइल, हेल्थ, फैशन, ब्यूटी और होम टिप्स से जुड़े कंटेंट पर काम किया है. मुझे ऐसे आर्टिकल लिखना पसंद है जो आसान भाषा में हों और पाठकों के लिए उपयोगी भी हों. मैं ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर रिसर्च करके SEO-फ्रेंडली कंटेंट तैयार करती हूं. इसके साथ ही आकर्षक हेडलाइन लिखना, सही जानकारी जुटाना और डिजिटल ऑडियंस की पसंद के अनुसार कंटेंट तैयार करना मेरी प्रमुख जिम्मेदारियों का हिस्सा रहा है. मैं हमेशा नई चीजें सीखने और अपने लेखन को बेहतर बनाने की कोशिश करती हूं. मेरा उद्देश्य ऐसा कंटेंट तैयार करना है जो लोगों तक सही जानकारी सरल और दिलचस्प तरीके से पहुंचाए.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










