एनिमल चली तो चलो सब हिंसा कर लेते हैं... एक जैसी फिल्में बनाने पर Kareena Kapoor ने बॉलीवुड को दिखाया आईना
करीना कपूर खान, फोटो - इंस्टाग्राम
बॉलीवुड में एक फिल्म के हिट होते ही उसी जॉनर की कई फिल्में बनने लगती हैं. करीना कपूर ने इसे "हर्ड मेंटैलिटी" बताते हुए इंडस्ट्री के ट्रेंड पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि दर्शक अब पहले से ज्यादा समझदार हैं.
बॉलीवुड में अक्सर ऐसा देखने को मिलता है कि एक तरह की फिल्म हिट होते ही उसी तरह की कई और फिल्में बनने लगती हैं. पहले हॉरर कॉमेडी का ट्रेंड खूब चला और अब ‘एनिमल’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों की सफलता के बाद एक्शन फिल्मों की लाइन लगी हुई है. इसी ट्रेंड को लेकर अब करीना कपूर ने बॉलीवुड पर सवाल उठाए हैं. एक्ट्रेस ने इसे ‘हर्ड मेंटैलिटी’ बताया है.
‘एनिमल' चली तो सब हिंसा करने लगे’, करीना ने क्या कहा?

करीना कपूर ने Yuvaa को दिए इंटरव्यू में कहा कि आज के दर्शक पहले से ज्यादा समझदार हैं. उन्हें पता होता है कि कौन सी फिल्म अच्छी है और वे वही देखना चाहते हैं.
एक्ट्रेस ने कहा कि आज सिर्फ यंग लव स्टोरी बनाना ही काफी नहीं है. उन्होंने फिल्मों में हिंसा के बढ़ते ट्रेंड का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर ‘एनिमल’ चल गई तो सभी सोचने लगते हैं कि अब हिंसा वाली फिल्में बनाते हैं. करीना ने इसी सोच को ‘हर्ड मेंटैलिटी’ कहा.
हर फिल्म को 200-500 करोड़ कमाने की जरूरत नहीं
करीना ने यह भी कहा कि हर फिल्म के लिए 200 करोड़ या 500 करोड़ रुपये कमाना जरूरी नहीं है. उनके मुताबिक, इंडस्ट्री धीरे-धीरे बदल रही है और इसमें दर्शकों की भी बड़ी भूमिका है.
एक्ट्रेस ने कहा कि आज लोग सिर्फ किसी बड़े स्टार का नाम देखकर फिल्म देखने नहीं जाते. वे ट्रेलर देखते हैं, कहानी समझते हैं और फिर तय करते हैं कि फिल्म देखनी है या नहीं.
दर्शक अब सवाल भी पूछते हैं
करीना ने कहा कि आज की युवा ऑडियंस कई तरह के सवाल पूछती है. ऐसे में फिल्ममेकर्स यह मानकर नहीं चल सकते कि सिर्फ कॉमेडी है तो लोग फिल्म देखने पहुंच जाएंगे.
उनके मुताबिक, कुछ ऐसे फिल्ममेकर्स भी हैं जो अलग तरह की कहानियां बनाना चाहते हैं, लोगों को सोचने पर मजबूर करना चाहते हैं और अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं. ऐसे लोगों की अपनी ऑडियंस भी है.
अब ‘दायरा’ में दिखेंगी करीना कपूर
करीना कपूर जल्द ही फिल्म ‘दायरा’ में नजर आएंगी. इस फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड जीत चुकीं मेघना गुलजार कर रही हैं. फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका में हैं. ‘दायरा’ एक कोर्टरूम ड्रामा है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है. कहानी दो पुलिस अधिकारियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक चौंकाने वाले अपराध, अपनी जिम्मेदारी और इंसाफ के बीच फंस जाते हैं.
फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए