NTA में दो निदेशक और संयुक्त निदेशक की नियुक्ति, नई जिम्मेदारी के लिए IPS-IAS चुने गए
एग्जाम की सांकेतिक तस्वीर
NTA Big Changes: केंद्र ने NTA में दो निदेशक और एक संयुक्त निदेशक नियुक्त किए हैं. NEET विवाद के बाद परीक्षा व्यवस्था में चार-स्तरीय पेपर चेकिंग समेत कई सुधार प्रस्तावित हैं.
NTA Big Changes: राष्ट्रीय स्तर की नीट परीक्षा में गड़बड़ी के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने दो निदेशक और एक संयुक्त निदेशक की नियुक्ति की है. यह कदम NEET समेत कई प्रमुख परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों के बीच NTA की कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
NTA में किन अधिकारियों की हुई नियुक्ति?
कार्मिक मंत्रालय की ओर से 27 अगस्त को जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार रवि कुमार सिंह, जो भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं, और प्रसन्न वेंकटेश वी, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी, को NTA में निदेशक नियुक्त किया गया है.
वहीं, अमित समदरिया, 2016 बैच के भारतीय राजस्व सेवा (IRS-Customs and Indirect Taxes) अधिकारी, को संयुक्त निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है. तीनों अधिकारियों को आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नई जिम्मेदारी संभालने को कहा गया है.
NTA में क्यों किया जा रहा है ये बदलाव?
NTA पिछले कुछ समय से देश की महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं के संचालन को लेकर सवालों के घेरे में रहा है. खासतौर पर NEET UGसे जुड़े पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी अन्य चिंताओं के बाद परीक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया गया है.
सरकार अब NTA के परीक्षा संचालन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम कर रही है. इसी व्यापक सुधार प्रक्रिया के तहत एजेंसी में प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किए जा रहे हैं.
परीक्षा व्यवस्था में क्या-क्या बदलाव होंगे?
NTA के परीक्षा सिस्टम में व्यापक सुधार की योजना के तहत चार-स्तरीय पेपर चेकिंग सिस्टम (NEET Paper Checking) लागू करने की बात सामने आई है. इसके अलावा करीब 600 एक्सपर्ट को हटाकर अलग-अलग विषयों के एक्सपर्ट को परीक्षा प्रक्रिया में शामिल करने की योजना भी बताई गई है.
इन बदलावों का उद्देश्य क्वेश्चन पेपर तैयार करना और उसकी जांच की प्रक्रिया को ज्यादा मजबूत बनाना है, ताकि परीक्षा की विश्वसनीयता और सुरक्षा बेहतर हो सके.
ये भी पढ़ें: एंटी माफिया चलाने वाली सीतामऊ SDM शिवानी का धाकड़ अंदाज, पहले प्रयास में PCS क्रैक
NEET विवाद के बाद NTA पर बढ़ा दबाव
NEET-UG समेत नेशनल लेवल की परीक्षाओं से जुड़े विवादों के बाद NTA की परीक्षा सिस्टम में सुधार की मांग लगातार उठती रही है. सरकार की ओर से अब परीक्षा सुरक्षा, क्वेश्चन पेपर की जांच और एक्सपर्ट की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.
नई नियुक्तियों को भी इसी व्यापक सुधार प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है. नए अधिकारियों के आने से NTA के प्रशासनिक और परीक्षा संचालन से जुड़े कामकाज को मजबूत करने की उम्मीद है.
छात्रों के लिए क्या मायने रखता है?
NTA देश की कई महत्वपूर्ण प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं का आयोजन करता है. ऐसे में परीक्षा व्यवस्था में होने वाले बदलावों का असर बड़ी संख्या में छात्रों पर पड़ सकता है.
सरकार की कोशिश है कि परीक्षा प्रक्रिया में सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़े. आने वाले समय में प्रश्नपत्र तैयार करने, उसकी जांच और परीक्षा संचालन से जुड़े नए नियमों का असर NTA की प्रमुख परीक्षाओं में देखने को मिल सकता है.
कौन हैं IPS रवि कुमार सिंह?
आईपीएस (IPS) अधिकारी रवि कुमार सिंह को NTA के निदेशक (Director) के रूप में 5 साल के लिए चुना गया है. वे 2012 बैच के IPS अधिकारी हैं. इससे पहले वे दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में DCP के पद पर तैनात थे.
कौन हैं IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी?
IAS प्रसन्ना वेंकटेश वी को NTA ने निदेशक (Director) के पद के लिए चुना है. वे आंध्र प्रदेश कैडर के 2012 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं.
कौन हैं IRS अमित समदरिया?
IRS अमित समदरिया भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के एक प्रशासनिक अधिकारी हैं. उन्हें NTA ने संयुक्त निदेशक के पद की जिम्मेदारी है. वे 2016 बैच के IRS अधिकारी हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार में शराबबंदी की कमान दिव्या शक्ति के हाथ में, IPS के बाद ऐसे बनीं IAS, देखें UPSC रैंक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए