Career after 10th : दसवीं के बाद सरकारी नौकरी की ओर बढ़ाएं कदम

Published by :Prachi Khare
Published at :16 Apr 2026 3:11 PM (IST)
विज्ञापन
Career after 10th

Career after 10th

सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में इस वर्ष 93.70 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं. इनमें ऐसे कई छात्र होंगे, जिन्होंने दसवीं के बाद सरकारी नौकरी से जुड़ने का लक्ष्य रखा होगा. आप भी अगर ऐसे छात्रों में शामिल हैं, तो आपके लिए भारतीय सेना की अग्निवीर योजना से लेकर रेलवे, बैंकिंग और एसएससी तक कई राहें खुली हैं...

विज्ञापन

Career after 10th : दसवीं के बाद सरकारी नौकरी से जुड़ने का इरादा रखनेवाले युवाओं के लिए रेलवे से लेकर सेना व अन्य क्षेत्र में मौके उपलब्ध हैं. आप अपनी पसंद के अनुसार इन विकल्पों के लिए खुद को तैयार कर सकते हैं…

ज्वाइन करें इंडियन आर्मी

भारतीय सेना दसवीं पास अभ्यर्थियों को अग्निवीर के तौर पर जुड़ने का मौका देती है. इन सभी पदों पर आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु साढ़े 17 से 21 वर्ष के बीच होना चाहिए. इंडियन आर्मी समय-समय पर इन पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी करती है. जानें किन पदों पर दसवीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं.
अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) : कम से कम 45 प्रतिशत अंकों के साथ मैट्रिक पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. वैध लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) ड्राइविंग लाइसेंस की योग्यता रखनेवाले अभ्यर्थी को ड्राइवर के पद पर वरीयता दी जाती है.
अग्निवीर (टेक) : न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं पास (इंग्लिश, मैथ्स, साइंस में कम से कम 40 प्रतिशत अंक होने चाहिए) होने के साथ दो वर्षीय टेक्निकल ट्रेनिंग आइटीआइ की योग्यता रखनेवाले आवेदन कर सकते हैं.
अग्निवीर ट्रेड‍समैन : दसवीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, कुल प्रतिशत की कोई शर्त नहीं है, लेकिन प्रत्येक विषय में कम से कम 33 फीसदी स्कोर होना चाहिए.
अग्निवीर (जनरल ड‍यूटी) सैन्य पुलिस कोर में महिला : कम से कम 45 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं पास, जिसमें प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक होने चाहिए.
इंडियन आर्मी की वेबसाइट देखें : https://joinindianarmy.nic.in/

नौसेना में बनें अग्निवीर

भारतीय नौसेना अग्निवीर (एमआर) शेफ/ स्टुअर्ड/ हाइजिनिस्ट के पदों पद दसवीं पास अभ्यर्थियों की भर्ती करती है. इन पदों पर आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु साढ़े 17 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आप दसवीं पास कर इन पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होनेवाली ऑनलाइन परीक्षा, लिखित परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं.
नेवी की वेबसाइट देखें : https://www.joinindiannavy.gov.in/en/page/agniveer-mr.html

इंडियन कोस्ट गार्ड में बन सकते हैं नाविक

भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के तहत समुद्री सुरक्षा के लिए काम करनेवाला इंडियन कोस्ट गार्ड दसवीं पास युवाओं को नाविक (डोमेस्टिक ब्रांच) बनने का मौका देता है. अभ्यर्थी की आयु 18 से 22 के बीच, हाइट 157 सेंटीमीटर एवं आइ साइट 6/36 होनी चाहिए. विस्तार से जानने के लिए इंडियन कोस्ट गार्ड की वेबसाइट https://joinindiancoastguard.gov.in/sailorentry.html देखें.

इसे भी पढ़ें : NHPC recruitment : अप्रेंटिस के 182 पदों पर मांगे गये आवेदन

रेलवे से आगे बढ़ाएं करियर की गाड़ी

दसवीं पास उम्मीदवारों के लिए भारतीय रेलवे में कई प्रकार की नौकरियां उपलब्ध हैं. इनमें से अधिकतर नौकरियां ग्रुप-डी एवं ग्रुप-सी कैटेगरी में आती हैं. इनमें असिस्टेंट लोको पायलट, टेक्नीशियन ट्रैकमैन, हेल्पर/ असिस्टेंट, गैंगमैन, हउसकीपिंग असिस्टेंट, केबिन मैन, कीमैन, पोर्टर, लीवरमैन, वेल्डर, हेल्पर, स्विचमैन, फिटर आदि पदों पर काम कर सकते हैं. इन पदों पर बहाली रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (आरआरबी) एवं रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (आरआरसी) के माध्यम से की जाती हैं. इसके अलावा आरपीएफ कांस्टेबल परीक्षा के माध्यम से आप रेलवे में कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल की सरकारी नौकरी से जुड़ने का मौका प्राप्त कर सकते हैं.

बैंकिंग के क्षेत्र में करियर राहें

सरकारी नौकरी के लिहाज से बैकिंग एक अहम क्षेत्र है. 10वीं पास युवा मल्टी पर्पज स्टाफ के रूप में इस क्षेत्र में जॉब कर सकते हैं. इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड आदि के पदों पर आवेदन कर सकेंगे.

कर्मचारी चयन आयोग

कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कम्बाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) परीक्षा करायी जाती है, जिसके द्वारा एंट्री लेवल पोजीशन पर 10वीं पास युवाओं की भर्ती की जाती है. आम तौर पर ऐसे युवाओं की भर्ती मल्टी टास्किंग स्टाफ, डाटा एंट्री ऑपरेटर और लोअर डिवीजन क्लर्क के रूप में की जाती है. इसके अलावा कर्मचारी चयन आयोग विभिन्न अर्धसैनिक बलों में कांस्टेबल की भर्ती भी करता है.

राज्य सरकारें भी देती हैं मौका

केंद्र सरकार के अलावा तमाम राज्य सरकारें भी अपने यहां बहाली के लिए परीक्षाएं आयोजित करती हैं. राज्यों के लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ये परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं. इनमें न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होती है. कुछ मामलों में उम्मीदवार का उस राज्य का स्थायी निवासी होना जरूरी होता है, जहां की वेकेंसी है. आमतौर पर राज्य सरकारें 10वीं पास उम्मीदवारों की भर्ती इन पदों के लिए करती हैं – लोअर डिवीजन क्लर्क, लोअर डिवीजन असिस्टेंट, मल्टी टास्किंग स्टाफ, अपर डिवीजन क्लर्क, जेल कांस्टेबल/ प्रहरी, ट्रेड्समैन, पटवारी, फॉरेस्ट गार्ड, असिस्टेंट फोरमैन आदि.

विज्ञापन
Prachi Khare

लेखक के बारे में

By Prachi Khare

Sr. copy-writer. Working in print media since 15 years. like to write on education, healthcare, lifestyle, fashion and film with the ability of produce, proofread, analyze, edit content and develop quality material.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola