10वीं के बाद क्या करें, ऐसे चुनें बेस्ट करियर ऑप्शन

स्टूडेंट की सांकेतिक फोटो (AI Generated)
10वीं यानी मैट्रिक परीक्षा सिर्फ एक एग्जाम नहीं, बल्कि हर स्टूडेंट और उसके परिवार के लिए भविष्य की बुनियाद होती है. मैट्रिक का रिजल्ट आते ही लगभग हर घर में एक चर्चा शुरू हो जाती है कि अब आगे क्या करना है? युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं होती है. ऐसे में सही समय पर सही जानकारी न मिलने के कारण कई बार स्टूडेंट गलत राह चुन लेते हैं. इस आर्टिकल में 10वीं के बाद किस फील्ड में करियर बनाए, हम यही बताने वाले हैं.
10वीं के बाद बेस्ट कोर्स: 10वीं के बाद बहुत से स्टूडेंट्स की पहली प्राथमिकता अक्सर एक सुरक्षित और सम्मानजनक करियर होती है. जहां कुछ स्टूडेंट यूपीएससी (UPSC) या स्टेट पीसीएस की तरफ जाना चाहते हैं, कुछ स्टूडेंट इंजीनियरिंग या मेडिकल जैसे बड़े सपनों के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं, वहीं कई स्टूडेंट ऐसे भी होते हैं जो अपने परिवार की आर्थिक परिस्थितियों के कारण कम समय और कम खर्च में सीधे कोई रोजगार या जॉब करना चाहते हैं. आइए जानते हैं 10वीं के बाद कौन से करियर ऑप्शन सबसे बढ़िया और फायदेमंद हो सकते हैं.
रेगुलर 11वीं और 12वीं की पढ़ाई
10वीं के बाद अगर आप आगे चलकर ग्रेजुएशन और उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, तो BA, BSc, BCom में एडमिशन ले सकते हैं. 11वीं में एडमिशन लेते समय सही स्ट्रीम चुनना सबसे जरूरी है.
इस प्रकार चुनें सही स्ट्रीम-
- Arts/Humanities: 10वीं पास करने के बाद यह Stream बेहद क्रिएटिव है. अगर आप सिविल सर्विसेज (UPSC), कानून (Law), पत्रकारिता (Journalism), फैशन डिजाइनिंग और ग्राफिक्स इत्यादि फील्ड में शानदार करियर बनाना चाहते है तो 11वीं में ऑर्ट्स विषय से एडमिशन ले सकते हैं. आगे ग्रेजुएशन करने के बाद इस फील्ड के दरवाजे खुल जाते हैं.
- Science Stream: अगर आपकी रुचि टेक्नोलॉजी या मेडिकल क्षेत्र में है, तो आपको 11वीं में साइंस विषय में एडमिशन लेना चाहिए. इंजीनियरिंग के फील्ड में जाना है तो फिजिक्स, कैमिस्ट्री और मैथमेटिक्स विषय चुनें. अगर मेडिकल लाइन में आगे बढ़ना है तो फिजिक्स, कैमिस्ट्री और बॉयोलॉजी विषय चुन सकते हैं.
- Commerce Stream : अगर आपको बिजनेस और इकोनॉमिक्स पसंद है, तो 11वीं में कॉमर्स स्ट्रीम में एडमिशन ले सकते हैं. इस स्ट्रीम में पास होने के बाद आप BBA, MBA भी कर सकते हैं. आगे चलकर आप चार्टर्ड एकाउंटेंसी (CA), बैंकिंग, फाइनेंस और बिजनेस मैनेजमेंट जैसे फील्ड में करियर बना सकते है.
पॉलिटेक्निक कोर्स
10वीं के बाद अगर आप कम समय में इंजीनियर बनना चाहते हैं, तो 3 साल का पॉलिटेक्निक डिप्लोमा एक बेहतरीन विकल्प है. मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल या कंप्यूटर साइंस से डिप्लोमा करने के बाद आपको सीधे जूनियर इंजीनियर की नौकरी मिल सकती है. इसके बाद आप चाहे तो सीधे BTech के दूसरे साल में भी दाखिला ले सकते हैं.
आईटीआई
10वीं पास करने के बाद जल्दी रोजगार पाने के इच्छुक स्टूडेंट्स के लिए आईटीआई (ITI) सबसे अच्छा शॉर्ट-टर्म ऑप्शन है. फिटर, इलेक्ट्रिशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर (COPA) और वेल्डर जैसे 1 से 2 साल के कोर्सेज करके आप रेलवे, भेल (BHEL) या डिफेंस जैसे सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में तुरंत टेक्निकल फील्ड के जॉब्स पा सकते हैं.
पैरामेडिकल कोर्सेज
मेडिकल क्षेत्र में रुचि रखने वाले स्टूडेंट्स 10वीं के बाद सीधे पैरामेडिकल कोर्सेज में भी एडमिशन ले सकते हैं. इसमें मेडिकल लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे या ओटी टेक्नीशियन जैसे कोर्स में डिप्लोमा के ऑप्शन मौजूद हैं.
शॉर्ट-टर्म स्किल कोर्सेज
10वीं के बाद ऐसे भी शॉर्ट-टर्म स्किल कोर्सेज मौजूद है जिसे पूरा कर आप अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं. इनमें डिजिटल मार्केटिंग, कोडिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वेब डेवलपमेंट जैसे प्रोफेशनल कोर्सेज शामिल हैं. ये कोर्स आज के समय में हाई-पेइंग जॉब्स की गारंटी देते हैं.
आखिरी में सबसे ध्यान देने वाली बात
स्टूडेंट्स 10वीं के बाद कोई भी ऑप्शन को चुनते समय दूसरों की देखा-देखी नहीं करें. स्टूडेंट्स को अपनी ताकत, अपनी रुचि के अनुसार आगे का ऑप्शन चुनना चाहिए. सही समय पर सही फैसला ही आपको सफलता की ऊंचाइयों पर ले जाता है.
ये भी पढ़ें: CTET की तैयारी कैसे करें: ये रहा CTET Exam पास करने का सबसे आसान और सटीक गाइड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










