IND vs AUS Boxing Day Test: ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार, भारत ने 8 का बदला 8 से चुकाया

Melbourne: India's Jasprit Bumrah, second left, is congratulated by teammates after dismissing Australia's Steve Smith during play on day three of the second cricket test between India and Australia at the Melbourne Cricket Ground, Melbourne, Australia, Monday, Dec. 28, 2020. AP/PTI Photo(AP28-12-2020_000025A)
IND vs AUS Boxing Day Test मेलबर्न : एडीलेड में मिले जख्मों पर मरहम लगाते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मंगलवार को खेल के हर विभाग में ऑस्ट्रेलिया का ‘मानमर्दन' करते हुए आठ विकेट से जीत के साथ चार मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली है. लंच के समय ऑस्ट्रेलिया को 200 रन पर आउट करने के बाद भारत को मात्र 70 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 195 रन पर आउट करने के बाद भारत ने 326 रन बनाये थे.
IND vs AUS Boxing Day Test मेलबर्न : एडीलेड में मिले जख्मों पर मरहम लगाते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट के चौथे दिन मंगलवार को खेल के हर विभाग में ऑस्ट्रेलिया का ‘मानमर्दन’ करते हुए आठ विकेट से जीत के साथ चार मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली है. लंच के समय ऑस्ट्रेलिया को 200 रन पर आउट करने के बाद भारत को मात्र 70 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 195 रन पर आउट करने के बाद भारत ने 326 रन बनाये थे.
एडीलेड में अपने न्यूनतम टेस्ट स्कोर 36 रन पर आउट होने से मिले जख्मों पर इस जीत से मरहम लगेगा. इसके साथ ही अपने नियमित कप्तान और आईसीसी दशक के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर विराट कोहली की गैर मौजूदगी में मिली इस जीत में अजिंक्य रहाणे ने अपनी कुशल कप्तानी का लोहा मनवाने के साथ पहली पारी में शतक भी ठोका. रहाणे की कप्तानी में भारत ने अब तक खेले तीनों टेस्ट में जीत दर्ज की है, जिनमें दो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और एक जीत अफगानिस्तान के खिलाफ मिली.
छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दूसरी पारी में मयंक अग्रवाल (पांच) और चेतेश्वर पुजारा (तीन) के विकेट गंवा दिये. इसके बाद शुभमन गिल (36 गेंद में 35 रन) और रहाणे (40 गेंद में 27 रन) ने टीम को जीत तक पहुंचाया. टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले गिल ने दोनों पारियों में ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक तेज आक्रमण को बखूबी झेलकर साबित कर दिया कि वह भविष्य के सितारे हैं.
Also Read: ICC Awards की हुई घोषणा, जानें कोहली-धौनी के अलावा विश्व के किन-किन खिलाड़ियों ने मारी बाजी…
उमेश यादव के चोटिल होने के बावजूद मोहम्मद सिराज ने उनकी कमी महसूस नहीं होने दी और पहले ही टेस्ट में प्रभावित किया. अपने कल के स्कोर छह विकेट पर 136 रन से आगे खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 200 रन पर आउट हो गई. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 27 ओवर में दो और सिराज ने 21.3 ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिये. दोनों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए संयम से काम लिया और सपाट पिच पर बहुत प्रयोग की कोशिश नहीं की.
रविचंद्रन अश्विन ने 37.1 ओवर में 71 रन देकर दो विकेट लिये जबकि रविंद्र जडेजा ने 14 ओवर में 28 रन देकर दो विकेट चटकाये. ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरन ग्रीन और पैट कमिंस ने सातवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े लेकिन दूसरी नयी गेंद का सामना नहीं कर सके. ग्रीन ने 146 गेंद में 45 रन बनाये जबकि कमिंस ने 103 गेंद में 22 रन की पारी खेली.
रहाणे ने चौथे दिन सुबह बुमराह से तीन ओवर का स्पैल ही कराया क्योंकि गेंद पुरानी होने से मदद नहीं मिल रही थी. इसके बाद उन्हें हटा दिया ताकि वह दूसरी नयी गेंद से तरोताजा होकर गेंदबाजी कर सके. बुमराह ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए दूसरी नयी गेंद से कमिंस का विकेट लिया. उनके बल्ले और जबड़े के बीच उछली गेंद को दूसरी स्लिप में मयंक अग्रवाल ने लपका.
ग्रीन ने सिराज को पूल शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन मिडविकेट पर जडेजा ने कैच लपक लिया. इसके बाद सिराज ने नाथन लियोन को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवाया. पहले सत्र में भारतीयों ने ढीली गेंदें नहीं फेंकी लेकिन आक्रमण खतरनाक भी नहीं दिखा. इसका श्रेय ग्रीन और कमिंस को भी जाता है जिन्होंने कोई जोखिम नहीं लिया. दोनों ने 192 गेंदों में 50 रन की साझेदारी की.
Posted By: Amlesh Nandan
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




