कर्ज का बोझ घटा तो बदली राह, अब स्विट्जरलैंड में नौकरी करेंगे सुभाष चंद्रा
सुभाष चंद्रा (Photo: X)
75 साल की उम्र में जब ज्यादातर लोग रिटायरमेंट की सोचते हैं, तब दिग्गज कारोबारी सुभाष चंद्रा ने अपने अगले प्रोफेशनल कदम का ऐलान कर चौंका दिया है. मीडिया से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर और एम्यूजमेंट पार्क तक फैले कारोबार के चेयरमैन सुभाष चंद्रा अब स्विट्जरलैंड में नौकरी करने की तैयारी में हैं.
मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा ने कहा है कि वह स्विट्जरलैंड में निवेश से जुड़े पेशेवरों के साथ काम करने का प्लान बना रहे हैं. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि स्टार्टअप में निवेश करने के लिए जरूरत पड़ने पर परिवार से पैसे उधार ले सकते हैं. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) ने उनके खिलाफ कर्ज मामले में भुगतान योजना को मंजूरी दी है. इस मामले में लेनदारों ने कुल 22,006.57 करोड़ रुपये का दावा किया था.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सुभाष चंद्रा ने कहा है कि उनके पास अब करीब 6.5 करोड़ रुपये ही बचे हैं, जिसे तय योजना के तहत चुकाना होगा. उन्होंने कहा कि उनके पास एक छोटा-सा घर है, जिसे किराये पर दिया है और उसी से खर्च चला रहे हैं. हालांकि, उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है. उन्होंने भरोसा जताया कि वह फिर से कमाई करेंगे और नई चीजें करने का अपना काम जारी रखेंगे.
स्विट्जरलैंड में नौकरी करने की योजना बना रहे हैं सुभाष चंद्रा
एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा का कारोबार मीडिया से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर और एम्यूजमेंट पार्क तक फैला है. सुभाष चंद्रा ने कहा कि अब वह स्विट्जरलैंड में नौकरी करने की योजना बना रहे हैं. उनके इस फैसले ने लोगों का ध्यान खींचा है.
मंजूर की गई भुगतान योजना के तहत लेनदारों को करीब 6.5 करोड़ रुपये ही मिलेंगे, जबकि उन्होंने 22,006.57 करोड़ रुपये का दावा किया था. यानी लेनदारों को उनकी मांगी गई रकम का सिर्फ 0.03 फीसदी ही वापस मिलेगा.
अगले एक-दो हफ्तों में आगे की जानकारी देंगे सुभाष चंद्रा
सुभाष चंद्रा ने कहा कि फिलहाल उनकी योजना स्विट्जरलैंड में निवेश के क्षेत्र में काम करने वाले अपने दोस्तों के साथ काम करने की है. उन्होंने कहा कि अगले एक-दो हफ्तों में इस बारे में और जानकारी देंगे. उन्होंने यह भी बताया कि परिवार से 2 से 4 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर कुछ स्टार्टअप में निवेश करने की संभावना है, ताकि उन्हें आगे बढ़ाया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए