28-30 सितंबर को 3 दिन बैंक स्ट्राइक: SBI ने जारी की एडवाइजरी, जानें कौन-कौन सी सेवाएं रहेंगी बंद
बैंक हड़ताल से रामगढ़ में ठप रहीं सेवाएं, तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, ग्राहकों की बढ़ी परेशानी
UFBU ने 28-30 सितंबर 2026 को 3 दिन की बैंक हड़ताल का आह्वान किया है. भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी कर जरूरी ब्रांच संबंधी काम पहले ही निपटाने की सलाह दी है, ताकि असुविधा से बचा जा सके. डिजिटल बैंकिंग विकल्प उपलब्ध रहेंगे.
देशभर में 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है. इसे देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे जरूरी ब्रांच संबंधी काम हड़ताल से पहले ही निपटा लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
UFBU ने किया है राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान
प्रस्तावित बैंक हड़ताल का आह्वान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने किया है. इससे पहले 11 सितंबर को भी UFBU की ओर से देशव्यापी हड़ताल की गई थी. यूनियन फोरम ने अक्टूबर में भी आंदोलन की घोषणा की है और 26 अक्टूबर से लगातार हड़ताल का कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है.
SBI ने ग्राहकों को पहले से काम निपटाने की दी सलाह
SBI ने ग्राहकों से कहा है कि जरूरी ब्रांच-आधारित लेनदेन को हड़ताल शुरू होने से पहले पूरा कर लें. रोजमर्रा की बैंकिंग जरूरतों के लिए ग्राहक डिजिटल बैंकिंग और वैकल्पिक चैनलों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
28, 29 और 30 सितंबर को रहेगी प्रस्तावित हड़ताल
प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर को होगी. इसके ठीक पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार है. ऐसे में नियमित ब्रांच सेवाओं के लिहाज से ग्राहकों को लगातार पांच दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
ATM और ADWM से कैश निकाल सकेंगे ग्राहक
SBI के मुताबिक, हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. ग्राहक ATM और Automated Deposit and Withdrawal Machines (ADWMs) के जरिए कैश निकालने समेत उपलब्ध अन्य सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि, अलग-अलग जगहों पर कर्मचारियों की भागीदारी के आधार पर ब्रांच संचालन प्रभावित हो सकता है.
CSP से भी मिलती रहेंगी चुनिंदा बैंकिंग सेवाएं
ग्राहकों के लिए Customer Service Points (CSPs) भी कुछ चुनिंदा बैंकिंग सेवाओं के लिए उपलब्ध रहेंगे. इसलिए जिन कामों के लिए ब्रांच जाना जरूरी नहीं है, उन्हें ग्राहक वैकल्पिक बैंकिंग चैनलों के जरिए पूरा कर सकते हैं.
YONO, मोबाइल बैंकिंग और UPI से नहीं रुकेगा रोजमर्रा का काम
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है. ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, SBI YONO और UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करने, बिल और अन्य भुगतान करने समेत रोजमर्रा के कई बैंकिंग काम कर सकेंगे.
चेक और ब्रांच वाले काम में हो सकती है देरी
ऐसे बैंकिंग काम जिनमें कर्मचारियों की सहायता या फिजिकल डॉक्यूमेंटेशन की जरूरत होती है, वे हड़ताल के दौरान प्रभावित हो सकते हैं. चेक से जुड़े प्रोसेस और अन्य ब्रांच-निर्भर सेवाओं में देरी या व्यवधान की संभावना है.
ग्राहकों के लिए SBI की जरूरी सलाह
SBI ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे 28 सितंबर से पहले जरूरी ब्रांच संबंधी काम पूरा कर लें. कैश निकासी, फंड ट्रांसफर और भुगतान जैसे रोजमर्रा के कामों के लिए ATM, ADWM, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, YONO और UPI जैसे डिजिटल विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: EPFO Wage Ceiling Hike: टेक-होम सैलरी घटेगी, लेकिन रिटायरमेंट फंड में होगा इजाफा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए