ePaper

त्योहारों में इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की बिक्री 20 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद

Updated at : 25 Sep 2023 12:10 AM (IST)
विज्ञापन
त्योहारों में इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की बिक्री 20 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद

उद्योग का मानना है कि त्योहारी सत्र के बीच आइसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के आयोजन से कारोबार को बढ़ावा मिलेगा. इससे टेलीविजन की बिक्री में वृद्धि होगी. खासतौर से बड़े स्क्रीन वाले टीवी की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.

विज्ञापन

त्योहारी सीजन में ब्रिकी को लेकर रेडसीर और डेलॉयट की सर्वे रिपोर्ट के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़ी कंपनियों ने भी अच्छी बिक्री का अनुमान जताया है. दक्षिण भारतीय बाजारों में ‘ओणम’ के साथ अच्छी शुरुआत से उत्साहित उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को इस त्योहारी सत्र में बिक्री में लगभग 18-20 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है. उद्योग का मानना है कि त्योहारी सत्र के बीच आइसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के आयोजन से कारोबार को बढ़ावा मिलेगा. इससे टेलीविजन की बिक्री में वृद्धि होगी. खासतौर से बड़े स्क्रीन वाले टीवी की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है. इसके अलावा बैटरी से चलने वाले पार्टी स्पीकर, साउंडबार, वायरलेस हेडफोन और इयर बड्स जैसे ऑडियो उत्पादों की बिक्री भी बढ़ेगी. एलजी इलेक्ट्रॉनिक, पैनासोनिक और थॉमसन सहित टीवी विनिर्माताओं को उम्मीद है कि 55 इंच स्क्रीन आकार से बड़े आकार के स्मार्ट टीवी पैनल के साथ ही पारंपरिक और छोटे आकार के टीवी की बिक्री भी बढ़ेगी. बड़े स्क्रीन वाले टीवी, उच्च क्षमता वाले रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसे प्रीमियम उत्पादों की बिक्री में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि होगी.

कंपनियां पेश कर रहीं आकर्षक छूट व ब्याज-मुक्त लोन

ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियां नयी पेशकश के साथ ही आकर्षक छूट और ब्याज-मुक्त वित्त योजनाओं को लाने की तैयारी कर रही हैं. हालांकि, किफायती शुरुआती स्तर के उत्पादों की बिक्री को लेकर चिंताएं भी हैं. गोदरेज अप्लायंसेज के कारोबार प्रमुख और कार्यकारी उपाध्यक्ष कमल नंदी ने कहा कि इस साल अधिक कीमत वाले प्रीमियम उत्पादों में 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी होगी.

दीपावली, छठ तक बिक्री ~70,000 करोड़ को कर सकती है पार

इस साल उपकरण और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की बिक्री 70,000 करोड़ रुपये को पार करने की उम्मीद है. त्योहारी सत्र की बिक्री दक्षिण में ओणम से शुरू होती है और गणेश चतुर्थी, दुर्गा पूजा और दीपावली-छठ तक चलती है. कुल बिक्री में इसका लगभग 25-27 प्रतिशत का योगदान होता है.

बड़े स्क्रीन वाले टीवी, पार्टी स्पीकर व साउंडबार की रहेगी मांग

एलजी इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने कहा कि कंपनी ने उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए त्योहारी सत्र से पहले दिवाली ऑफर की पेशकश की है. उन्होंने बड़े स्क्रीन वाले टीवी, बैटरी वाले पार्टी स्पीकर और साउंडबार की अच्छी मांग आने की उम्मीद जतायी. ऐसे कई उपभोक्ता हैं जो अपने घरों को बेहतर बनाते हैं या नये घरों में शिफ्ट होते हैं, इसलिए प्रीमियम उत्पादों की मांग रहती है. इनमें बड़े स्क्रीन वाले टीवी, बड़े आकार के रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव ओवन और एसी जैसे खंड में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

मर्सिडीज बेंज, लेक्सस और ऑडी जैसे लक्जरी कारों की बिक्री में भारी उछाल की उम्मीद

लक्जरी कार कंपनियां- मर्सिडीज बेंज, लेक्सस और ऑडी को चालू त्योहारी सीजन में बिक्री की रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है. उनका कहना है कि त्योहारी सीजन में महंगी गाड़ियों की मांग काफी अच्छी है. मर्सिडीज-बेंज इंडिया के एमडी और सीइओ संतोष अय्यर ने कहा कि इस साल त्योहारी सीजन पिछले साल की तुलना में ज्यादा अच्छा प्रतीत हो रहा है. चार महीने तक चलनेवाले इस त्योहारी सीजन को लेकर आशान्वित हैं, क्योंकि हमने ‘ओणम’ से बहुत सकारात्मक शुरुआत की है. लेक्सस इंडिया के अध्यक्ष नवीन सोनी ने कहा कि देश में लक्जरी कार बाजार लगातार वृद्धि कर रहा है. इस साल महंगी कारों की मांग से उद्योग उत्साहित है. उच्च संपदा वाले व्यक्तियों (एचएनआइ), युवा आबादी, खर्च योग्य आमदनी बढ़ने, स्थिर आर्थिक वृद्धि के साथ यात्रा करने वाले लोगों की बढ़ती संख्या इस वृद्धि को बढ़ावा दे रही है. ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि कंपनी 2023 की पहली छमाही में 3,474 गाड़ियां बेच चुकी है, जो सालाना आधार पर 97 प्रतिशत वृद्धि है.

अधिक खर्च करने को तैयार हैं भारतीय उपभोक्ता, डेलॉयट ने अपने सर्वे में बताया

डेलॉयट की एक सर्वे रिपोर्ट में बताया है कि भारतीय उपभोक्ताओं का खर्च इस त्योहारी सीजन में बढ़ने की उम्मीद है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विलासिता वाले उत्पादों और त्योहारी सीजन की वस्तुओं की खरीद पर खर्च बढ़ने से कुल उपभोक्ता खर्च बढ़ेगा. डेलॉयट के ‘कंज्यूमर सिग्नल्स’ शोध में कहा गया है कि लगभग आधे प्रतिभागियों को लगता है कि निकट भविष्य में अप्रत्याशित खर्च को वे आसानी से संभाल सकते हैं. सर्वे में शामिल 56 प्रतिशत लोगों ने उत्सव वाली वस्तुएं खरीदने को लेकर अपनी तैयारी के संकेत दे दिये हैं. शोध में कहा गया कि त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ताओं का मुख्य रूप से कपड़ों, निजी देखभाल के उत्पादों, मनोरंजन आदि पर खर्च बढ़ने की संभावना है. डेलॉयट एशिया-प्रशांत के ‘भागीदार और उपभोक्ता उद्योग लीडर राजीव सिंह ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में अच्छी वृद्धि उपभोक्ताओं को ‘प्रीमियम’ और ‘लक्जरी’ वस्तुओं पर खर्च के लिए प्रेरित करती है.

विज्ञापन
Rakesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rakesh Kumar

Rakesh Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola