घर बैठे मोबाइल से बन जाएगा लोकल टोल पास, NHAI ने लॉन्च की नई सुविधा

अगर आप रोजाना नेशनल हाईवे पर सफर करते हैं और हर महीने लोकल टोल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा जाना पड़ता था, तो अब यह झंझट खत्म होने वाला है.
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अपने RajmargYatra मोबाइल ऐप में दो नए फीचर जोड़े हैं. इनमें डिजिटल लोकल पास और MargMitra हेल्प सेंटर शामिल हैं. इन सुविधाओं की मदद से अब कई काम घर बैठे मोबाइल से ही किए जा सकेंगे.
कैसे मिलेगा घर बैठे लोकल टोल पास?
अब टोल प्लाजा के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. RajmargYatra ऐप के जरिए पात्र लोग अपने मोबाइल से ही मासिक अनलिमिटेड ट्रैवल वाला लोकल पास खरीद सकेंगे. इस सुविधा का फायदा उन लोगों को मिलेगा जो किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं. पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने पड़ते थे. अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी.
किन जानकारियों से होगी पात्रता की जांच?
लोकल पास जारी करने के लिए ऐप सरकार के DigiLocker और VAHAN प्लेटफॉर्म से सहमति के आधार पर जानकारी लेगा. इसके जरिए नीचे दी गई जानकारियों की पुष्टि अपने आप हो जाएगी:
- पता (Address)
- गाड़ी का नंबर
- लिंक्ड FASTag की जानकारी
इसके बाद GIS आधारित लोकेशन वेरिफिकेशन से यह जांच होगी कि आवेदक 20 किलोमीटर के दायरे में रहता है या नहीं. इससे कागजी प्रक्रिया की जरूरत खत्म हो जाएगी. फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत दिल्ली के Urban Extension Road-II स्थित Mundka–Bakkarwala Toll Plaza से की गई है. आने वाले महीनों में इसे दूसरे टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा.
MargMitra क्या है और इससे क्या फायदा होगा?
NHAI ने RajmargYatra ऐप में MargMitra नाम का AI आधारित हेल्प सेंटर भी शुरू किया है. इसकी मदद से हाईवे से जुड़े सवाल, शिकायत या फीडबैक भारत की 22 अनुसूचित भाषाओं में लिखकर या बोलकर भेजे जा सकते हैं.
इस प्लेटफॉर्म पर कई जरूरी सेवाएं एक ही जगह मिलेंगी.
| सुविधा | क्या कर सकेंगे? |
| FASTag | रिचार्ज, KYC और ब्लैकलिस्ट स्टेटस देख सकेंगे |
| पास संबंधी जानकारी | लोकल पास और एनुअल पास से जुड़े सवाल पूछ सकेंगे |
| रिफंड | रिफंड स्टेटस चेक कर सकेंगे |
| शिकायत | शिकायत दर्ज कर उसकी प्रगति रियल टाइम में ट्रैक कर सकेंगे |
| अन्य जानकारी | लंबित e-Notice देख सकेंगे और सड़क पर रुके वाहन या अतिक्रमण जैसी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की सूचना दे सकेंगे |
अगर किसी शिकायत पर कार्रवाई की जरूरत होगी, तो वह अपने आप संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी. यदि समाधान से संतुष्टि नहीं होती है, तो ऐप के जरिए अपील भी की जा सकेगी.
RajmargYatra ऐप का कितना इस्तेमाल हो रहा है?
NHAI के मुताबिक, RajmargYatra ऐप के जरिए अब तक 80 लाख से अधिक एनुअल पास रियल टाइम एक्टिवेशन के साथ जारी किए जा चुके हैं. यह ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. नए फीचर्स के जुड़ने से हाईवे यात्रियों को टोल पास, FASTag और शिकायत से जुड़ी कई सेवाएं अब एक ही ऐप में आसानी से मिल सकेंगी.
ये भी पढ़ें: बिना इंटरनेट भी चलेगा UPI! अब PoS मशीन पर टैप करके ₹2000 तक कर सकेंगे पेमेंट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सौम्या शाहदेव
सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










