कमाई का 40% बचा रहे Gen-Z : टूटी फिजूलखर्ची की छवि, बचत में नंबर-1
कमाई का 40% बचा रहे Gen-Z, सांकेतिक इमेज (PC : AI)
क्या Gen-Z वाकई सिर्फ YOLO जीती है? एक नई रिपोर्ट के अनुसार, यह पीढ़ी कमाई का 40% तक बचा रही है, जो मिलेनियल्स और Gen-X से कहीं ज्यादा है. जानिए कैसे युवा अपने भविष्य को सुरक्षित कर रहे हैं.
Gen Z Savings Report 2026 : अक्सर माना जाता है कि जेन-जी पीढ़ी सिर्फ 'यू ओनली लिव वन्स' (YOLO) यानी जिंदगी एक बार मिलती है वाली सोच के साथ जीती है. लोगों को लगता है कि युवा केवल नए गैजेट्स, घूमने-फिरने और कैफे कल्चर पर पैसा उड़ाते हैं. हालांकि, होम क्रेडिट इंडिया की ताजा रिपोर्ट 'द ग्रेट इंडियन वॉलेट 2026' के आंकड़े बिल्कुल उलट तस्वीर दिखाते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, 58 फीसदी जेन-जी युवा हर महीने अपनी कमाई का एक तय हिस्सा नियमित रूप से बचाते हैं. यह आंकड़ा मिलेनियल्स (53%) और जेन-एक्स (44%) से काफी ज्यादा है. साफ है कि यह पीढ़ी मौज-मस्ती के साथ-साथ अपने भविष्य को लेकर भी बेहद गंभीर है.
औसत 35 हजार की कमाई में 14 हजार की सीधी बचत
रिपोर्ट के मुताबिक, युवाओं की औसत मासिक आय करीब 35,000 रुपये है, जिसमें से लगभग 21,000 रुपये जरूरी घरेलू खर्चों में जाते हैं. इसके बाद भी युवा हर महीने औसतन 14,000 रुपये तक बचा रहे हैं.
हालांकि, तस्वीर का दूसरा पहलू यह भी है कि 36 फीसदी युवा ऐसे हैं जो महंगाई और सीमित आय की वजह से बचत नहीं कर पाते, जबकि 11 फीसदी युवाओं को अपने खर्चे पूरे करने के लिए उधारी का सहारा लेना पड़ता है. इसके बावजूद ओवरऑल ट्रेंड यही दिखाता है कि यह पीढ़ी निवेश और बचत को लेकर पहले से काफी ज्यादा सतर्क है.
नौकरी से ज्यादा अपना स्टार्टअप और बिजनेस शुरू करने का सपना
पुरानी पीढ़ियों की तरह जेन-जी सिर्फ रिटायरमेंट या पेंशन के भरोसे नहीं बैठना चाहती. रिपोर्ट में सामने आया है कि करीब 31 फीसदी युवाओं का सबसे बड़ा वित्तीय लक्ष्य अगले पांच सालों में खुद का बिजनेस या स्टार्टअप शुरू करना अथवा उसे आगे बढ़ाना है. इसके अलावा, युवाओं के अन्य बड़े लक्ष्यों में बच्चों की बेहतर पढ़ाई (14%), पुराने कर्ज चुकाना (10%) और खुद की कार खरीदना (9%) शामिल है.
किराए के मकान से तौबा, महिलाओं में घर खरीदने की होड़
इस रिपोर्ट का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि युवाओं में अपना खुद का आशियाना बनाने की ख्वाहिश सबसे ऊपर है. सर्वे में शामिल 31 फीसदी लोगों ने अगले पांच साल में अपना घर खरीदने को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया है. इसमें भी महिलाओं का रुझान चौंकाने वाला है; करीब 40 फीसदी कामकाजी महिलाओं ने अपना घर खरीदने को पहला वित्तीय लक्ष्य माना है, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 29 फीसदी रहा. आर्थिक मोर्चे पर बढ़ते इसी भरोसे के चलते 85 फीसदी युवाओं को यकीन है कि वे तय समय में अपने वित्तीय लक्ष्य हासिल कर लेंगे.
ये भी पढ़ें: आम जनमत पार्टी: एक पार्टी, 620 करोड़ का चंदा और सिर्फ एक उम्मीदवार! आखिर इसके पीछे की कहानी क्या है?
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के Bittu Tabahi का कमाल: 21 साल के छात्र ने अकेले साफ कर दी नदी, जज्बा देख मदद में उतरी नगरपालिका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए