ट्रंप के फैसले से शेयर बाजार में आज बंपर रिकवरी, इंडिगो और अडानी के शेयरों में जबरदस्त बढ़त

Stock Market
Indian Stock Market 8 April 2026: शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखी गई है. डोनाल्ड ट्रंप के बड़े फैसले से ग्लोबल मार्केट का मूड सुधरा है. जानिए किन शेयर्स में रही बढ़त और क्या है एक्सपर्ट की राय.
Indian Stock Market 8 April 2026:भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा. बुधवार की सुबह जैसे ही बाजार खुला, इन्वेस्टर्स के चेहरे खिल गए. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही रॉकेट की रफ्तार से ऊपर भागे. बीएसई सेंसेक्स लगभग 2,600 अंकों की बढ़त के साथ 77,250 के स्तर पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी में भी 770 अंकों से ज्यादा का उछाल देखा गया. यह तेजी इतनी जबरदस्त थी कि बाजार के खुलते ही इंवेसेटर्स की चांदी हो गई.
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का हमें क्या फायदा?
इस बड़ी तेजी के पीछे सबसे मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच हुआ 2 हफ्ते का सीजफायर है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस घोषणा के बाद इंटरनेशनल लेवल पर तनाव कम हुआ और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई. ब्रेंट क्रूड ऑयल, जो पहले 115 डॉलर के पार था, अब गिरकर 95 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है. भारत के लिए यह राहत की खबर है क्योंकि सस्ता तेल देश में महंगाई कम करने और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद करता है.
कौन से शेयर्स बने रॉकेट और किनमें रही सुस्ती?
बाजार की इस लहर में लगभग हर सेक्टर में खरीदारी देखी गई. सबसे ज्यादा फायदा रियल्टी एस्टेट सेक्टर को हुआ, जो करीब 5% से ज्यादा चढ़ गया. इसके अलावा बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी 3-4% की अच्छी बढ़त रही.
- टॉप गेनर्स: इंटरग्लोब एविएशन (IndiGo) करीब 10% बढ़ा, साथ ही L&T, बजाज फाइनेंस और अडानी पोर्ट्स के शेयरों में भी भारी तेजी रही.
- टॉप लूजर्स: तेल सस्ता होने की वजह से ONGC और कोल इंडिया जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई.
क्या बाजार में यह बढ़त आगे भी जारी रहेगी?
एक्स्पर्ट्स का मानना है कि जब तक निफ्टी 23,000 के स्तर से ऊपर बना रहता है, तब तक रिकवरी की उम्मीद बरकरार है. बाजार में उतार-चढ़ाव मापने वाला इंडेक्स (India VIX) भी 18% नीचे गिरा है, जिसका मतलब है कि इन्वेस्टर्स का डर कम हुआ है. साथ ही, आरबीआई (RBI) द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने की उम्मीद ने भी बाजार के मूड को बेहतर बनाया है. एशियाई बाजारों (जापान, कोरिया) में भी ऐसी ही बड़ी तेजी देखी गई है, जो भारतीय इन्वेस्टर्स के लिए एक पाजिटिव साइन है.
ये भी पढ़ें: RBI आज पेश करेगा साल की पहली मॉनेटरी पॉलिसी, क्या घटेगी महंगाई की मार?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










