ePaper

ट्रंप के घर में घुसकर होगा टैरिफ पर फैसला, वाशिंगटन जाएगी भारत की टीम

Updated at : 15 May 2025 10:22 PM (IST)
विज्ञापन
India US BTA

India US BTA

India-US BTA: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर वार्ता के लिए पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारतीय टीम वाशिंगटन जाएगी. विदेश मंत्री जयशंकर ने ट्रंप के 'जीरो टैरिफ' दावे को खारिज किया और बातचीत को जटिल बताया. सरकार ने सितंबर-अक्टूबर तक समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की योजना बनाई है. दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता तेजी से आगे बढ़ रही है.

विज्ञापन

India-US BTA: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर अमेरिकी राष्ट्रपति चाहे जो बयान दें, लेकिन भारत ने यह तय किया है कि इस पर फैसला ट्रंप के गृहदेश अमेरिका में ही होगा. इसके लिए भारतीय दल अमेरिका जाएगा. सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के लिए बातचीत बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रही है और एक टीम बातचीत के लिए जल्द ही वाशिंगटन रवाना होगी.

पीयूष गोयल करेंगे टीम की अगुआई

वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने गुरुवार को कहा कि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर आगे की चर्चा के लिए भारत की एक टीम वाशिंगटन जा रही है. इस टीम की अगुआई वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल करेंगे. भारतीय दल समझौते पर 17 से 20 मई तक अमेरिकी अधिकारियों के साथ चर्चा करेगा. इस दौरान पीयूष गोयल अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमिसन ग्रीर के साथ बैठक करेंगे.

व्यापार व्यवस्था की अंतरिम व्यवस्था की तलाश

सरकार की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि भारत और अमेरिका के बीच यह बातचीत सितंबर-अक्टूबर 2025 तक व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की दिशा में हो रही है. दोनों देश ‘शीघ्र पारस्परिक लाभ’ सुनिश्चित करने के लिए वस्तुओं में व्यापार की एक अंतरिम व्यवस्था की संभावना तलाश रहे हैं.

अमेरिका के साथ बातचीत जारी

सुनील बर्थवाल ने कहा, ‘‘अमेरिका के साथ बातचीत जारी है और इसमें बहुत अच्छी प्रगति हो रही है. अमेरिकी टीम के साथ आगे की बातचीत के लिए हमारी एक टीम अमेरिका जाने वाली है.’’

ट्रंप का विवादित दावा

इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के दोहा में विवादित तरीके से दावा किया कि भारत कई अमेरिकी उत्पादों पर ‘जीरो टैरिफ’ लगाने के लिए सहमत हो गया है. ट्रंप ने कहा, ‘‘भारत दुनिया के सबसे अधिक शुल्क वाले देशों में से एक है. भारत में बेचना बहुत कठिन है. उन्होंने हमें एक समझौते की पेशकश की है, जिसमें वे मूल रूप से एक तरह कोई भी शुल्क नहीं लेने वाले हैं.’’

इसे भी पढ़ें: जयशंकर ने ट्रंप के जीरो टैरिफ की खोल दी पोल, भारत-अमेरिका में अभी व्यापार वार्ता जारी

व्यापार समझौते पर जटिल है बातचीत: जयशंकर

डोनाल्ड ट्रंप के विवादित दावे के बाद विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता को ‘जटिल’ बताते हुए कहा कि सब कुछ होने तक कुछ भी तय नहीं होता है. जयशंकर ने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता चल रही है. असल में, एक टीम इस समय जाने वाली है. ये बहुत जटिल बातचीत हैं और सब कुछ होने तक कुछ भी तय नहीं होता है.’’

इसे भी पढ़ें: India: तुर्किए पर भारत की बड़ी कार्रवाई, सेलेबी एयरपोर्ट की सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola