बेटी हुई तो खाते में आएंगे इतने रुपए, जानें सरकार की इस स्कीम का कैसे उठाएं फायदा

PMMVY 2026: केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अब माताओं और बेटियों के लिए बड़ी ताकत बन गई है. योजना के तहत पहली बार मां बनने पर 5,000 रुपए और दूसरी बार बेटी होने पर 6,000 रुपए की सीधी मदद मिलती है. जानिए, आप इस सरकारी शगुन का लाभ कैसे उठा सकते हैं.
PMMVY 2026: केंद्र सरकार देश की माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के जरिए बड़ी आर्थिक सहायता दे रही है. साल 2017 से नए रूप में चल रही यह योजना गर्भवती महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. इसका मुख्य लक्ष्य महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण के लिए पैसे देना और बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करना है.
पैसा कितना और कब मिलेगा?
यह स्कीम दो तरह से लाभ देती है जिसमें पहले बच्चे के जन्म पर सरकार कुल 5,000 रुपए की मदद देती है. यह पैसा तीन किस्तों में आता है जिसमें
- पहली किस्त में 1,000 रुपए फॉर्म भरने और रजिस्ट्रेशन कराने पर.
- दूसरी किस्त में 2,000 रुपए गर्भावस्था के 6 महीने पूरे होने और एक बार डॉक्टर से जांच कराने पर.
- तीसरी किस्त में 2,000 रुपए बच्चे के जन्म का रजिस्ट्रेशन और ज़रूरी टीके (जैसे BCG) लगने के बाद.
अगर किसी परिवार में दूसरी संतान लड़की होती है, तो मां को 6,000 रुपये का एक और लाभ मिलता है. इस तरह, कुल मिलाकर 11,000 रुपए तक का फायदा उठाया जा सकता है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं:
- महिला की उम्र कम से कम 19 साल होनी चाहिए.
- परिवार की सालाना कमाई 8 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
- यदि आपके पास ई-श्रम कार्ड, बीपीएल कार्ड, मनरेगा कार्ड है या आप दिव्यांग श्रेणी में हैं, तो आप आसानी से आवेदन कर सकती हैं.
कैसे करें आवेदन
इस योजना के लिए आवेदन करना बहुत आसान है. आप अपने नज़दीकी आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर सकते हैं, या फिर सीधे योजना की वेबसाइट www.pmmvy.wcd.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. फॉर्म भरते समय आपको कुछ जरूरी कागजात जमा करने होंगे. फ़ॉर्म अप्लाई करते समय आधार कार्ड/पहचान पत्र, बैंक पासबुक और गर्भावस्था का प्रमाण पत्र इन दस्तावेज़ों का आपके पास होना जरुरी है तभी आप इस लाभ के हक़दार बन सकेंगे.
करोड़ महिलाओं तक पहुंची सरकारी मदद
सरकारी आंकड़ों (PIB) के अनुसार, इस योजना ने अब तक देश की 4 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है. सरकार अब तक करीब 19,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर चुकी है. यह योजना न केवल आर्थिक मदद देती है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सोच को भी बदल रही है.
Also Read: क्या आप जानते हैं कि डेबिट कार्ड से मिलता है लाखों का इंश्योरेंस? जानें क्लेम का प्रोसेस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anshuman Parashar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










