एअर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश शुरू

एअर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन (फोटो/PTI)
Air India CEO Campbell Wilson Resigns: एअर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने इस्तीफा दे दिया है और वे सितंबर में अपने पद से हट सकते हैं. एयरलाइन फिलहाल ₹20,000 करोड़ के संभावित घाटे और अहमदाबाद प्लेन क्रैश की जांच जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है.
Air India CEO Campbell Wilson Resigns: टाटा समूह के ओनरशिप वाली एअर इंडिया के नेतृत्व में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, कैंपबेल विल्सन सितंबर 2026 में अपना पद छोड़ सकते हैं. हालांकि उनका कार्यकाल जुलाई 2027 तक था, लेकिन पिछले हफ्ते हुई बोर्ड बैठक में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. कंपनी ने अब नए CEO के लिए उम्मीदवारों की तलाश तेज कर दी है.
इस्तीफे के पीछे की 3 बड़ी वजहें
- भारी वित्तीय नुकसान की आशंका: वित्त वर्ष 2026 में एअर इंडिया को करीब ₹20,000 करोड़ का नुकसान होने का अनुमान है. इसका सबसे बड़ा कारण पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) में जारी तनाव है, जिसकी वजह से एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगे हैं. रूट बदलने और अतिरिक्त ईंधन खर्च के कारण इंटरनेशनल फ्लाइट्स की लागत काफी बढ़ गई है.
- अहमदाबाद प्लेन क्रैश: पिछले साल अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट (AI 171) के दुर्घटनाग्रस्त होने से एयरलाइन की छवि और ऑपरेशंस पर गहरा असर पड़ा है. इस हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट जून 2026 तक आने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के बाद ही नए CEO की औपचारिक नियुक्ति की जाएगी.
- विमानों की डिलीवरी में देरी: एअर इंडिया ने विमानों के बड़े ऑर्डर दिए थे, लेकिन उनकी डिलीवरी में हो रही देरी से कंपनी की विस्तार योजनाएं प्रभावित हुई हैं. इससे एयरलाइन की क्षमता बढ़ाने पर दबाव बना हुआ है.
कैंपबेल विल्सन का सफर
विल्सन ने 2022 में एअर इंडिया की कमान संभाली थी. इससे पहले वे सिंगापुर एयरलाइंस की लो-कॉस्ट एयरलाइन ‘स्कूट’ (Scoot) के CEO थे. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1996 में एक मैनेजमेंट ट्रेनी के तौर पर की थी और उनके पास कनाडा, जापान और हॉन्ग कॉन्ग जैसे देशों में काम करने का व्यापक अनुभव है.
सिर्फ एअर इंडिया ही नहीं, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में भी हाल ही में बड़ा बदलाव हुआ है. 10 मार्च को इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद 30 मार्च को विलियम वॉल्श ने उनकी जगह ली. दोनों ही बड़ी एयरलाइंस इस समय ऑपरेशनल संकट और घाटे से उबरने की कोशिश कर रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhishek Pandey
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










