LPG Price Hike: बिना सब्सिडी वाला घरेलू गैस सिलिंडर 144.5 रुपये महंगा, 6 साल में सबसे बड़ी वृद्धि

नयी दिल्ली : रसोई गैस की कीमतों में बुधवार को 144.5 रुपये प्रति सिलिंडर की भारी-भरकम वृद्धि की गयी. सरकारी पेट्रोलियम विपणन कंपनियों ने एक अधिसूचना में इसकी जानकारी दी. हालांकि सरकार ने रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी बढ़ाकर लगभग दोगुनी कर दी है. इससे सब्सिडी वाले सिलिंडर के उपभोक्ताओं पर अधिक बोझ नहीं […]
नयी दिल्ली : रसोई गैस की कीमतों में बुधवार को 144.5 रुपये प्रति सिलिंडर की भारी-भरकम वृद्धि की गयी. सरकारी पेट्रोलियम विपणन कंपनियों ने एक अधिसूचना में इसकी जानकारी दी.
हालांकि सरकार ने रसोई गैस पर मिलने वाली सब्सिडी बढ़ाकर लगभग दोगुनी कर दी है. इससे सब्सिडी वाले सिलिंडर के उपभोक्ताओं पर अधिक बोझ नहीं पड़ेगा. कंपनियों ने कहा कि एलपीजी सिलिंडर की कीमत पहले के 714 रुपये से बढ़ाकर 858.50 रुपये कर दी गयी है.
यह जनवरी 2014 के बाद से रसोई गैस के भाव में हुई सबसे बड़ी वृद्धि है. तब एलपीजी का भाव 220 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ाकर 1,241 रुपये कर दिया गया था. सरकार ने इसके साथ ही एलपीजी सिलिंडर पर मिलने वाली सब्सिडी 153.86 रुपये से बढ़ाकर 291.48 रुपये प्रति सिलिंडर कर दी है.
सब्सिडी पर उपभोक्ताओं को एक साल में 12 सिलिंडर मिलते हैं. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी 174.86 रुपये से बढ़ाकर 312.48 रुपये प्रति सिलिंडर कर दी गयी है.
सब्सिडी के बाद एक सिलिंडर एलपीजी का भाव सामान्य उपभोक्ताओं को 567.02 रुपये तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 546.02 रुपये पड़ेगा. सामान्यत: हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी के भाव में संशोधन किया जाता है.
हालांकि इस बार इसमें दो सप्ताह का अधिक समय लग गया. अधिकारियों ने इस बारे में कहा कि चूंकि बड़ी वृद्धि की जानी थी, इस कारण आवश्यक मंजूरियां लेने में समय लग गया.
हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी को हुए मतदान को देखते हुए रसोई गैस के दाम बढ़ाने की घोषणा टाल दी गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




