Bihar Election 2025: कौन हैं चंचल सिंह? जो जन सुराज के टिकट पर तेजस्वी यादव को देंगे टक्कर
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 15 Oct 2025 12:34 PM
चंचल सिंह और प्रशांत किशोर की तस्वीर
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में राघोपुर सीट पर बड़ा राजनीतिक मुकाबला तय हो गया है. जन सुराज पार्टी ने तेजस्वी यादव के खिलाफ चंचल सिंह को उम्मीदवार बनाया है. जो जेडीयू के व्यापारिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं. इस खबर में पढ़िए दोनों के बीच कितना दिलचस्प मुकाबला हो सकता है.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के बीच जन सुराज पार्टी ने मंगलवार को बड़ा एलान करते हुए राघोपुर सीट से चंचल सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया. इस सीट पर लंबे समय से चर्चा थी कि जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर खुद मैदान में उतर सकते हैं, लेकिन उन्होंने सबको चौंकाते हुए नया दांव चल दिया.
उदय सिंह ने चंचल सिंह को सौंपा पार्टी का सिंबल
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने 14 अक्टूबर को चंचल सिंह को पार्टी का सिंबल सौंपा. जिसके साथ ही यह तय हो गया कि राघोपुर में इस बार तेजस्वी यादव के सामने जन सुराज के उम्मीदवार के रूप में चंचल सिंह चुनाव लड़ेंगे. गौरतलब है कि जन सुराज पार्टी अब तक दो चरणों में 116 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है. जबकि राघोपुर का नाम पहली दो सूचियों में शामिल नहीं था.
कौन हैं चंचल सिंह?
37 वर्षीय चंचल सिंह राजपूत समुदाय से आते हैं और जेडीयू के व्यापारिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं. वे पेशे से व्यवसायी हैं और होटल व रियल एस्टेट के क्षेत्र में एक्टिव हैं. चंचल सिंह ने जेडीयू की कई रैलियों में संयोजक की भूमिका निभाई थी.
उन्होंने नमामी गंगे प्रोजेक्ट के तहत सोनपुर और सिमरिया घाट के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाई. इसके अलावा, हाजीपुर और विदुपुर में उनके कई व्यावसायिक और आवासीय प्रोजेक्ट हैं. नई दिल्ली में भी उनका होटल व्यवसाय फैला हुआ है.
प्रशांत किशोर का रणनीतिक दांव
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा थी कि प्रशांत किशोर खुद राघोपुर या रोहतास की करगहर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. लेकिन, दोनों सीटों पर अब उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं. राघोपुर को लेकर प्रशांत किशोर ने पहले ही तेजस्वी यादव को सीधी चुनौती दी थी. 11 अक्टूबर को अपने अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा था- “अगर तेजस्वी यादव राघोपुर से चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें दो सीटों से नामांकन करना पड़ सकता है, क्योंकि राघोपुर में उनका हाल राहुल गांधी के अमेठी जैसा होगा.”
PK ने खुद चुनाव न लड़कर चंचल सिंह को मैदान में उतारा
उनके इस बयान ने बिहार की सियासत में नई हलचल मचा दी थी. अब, जब उन्होंने खुद चुनाव न लड़कर चंचल सिंह को मैदान में उतारा है, तो इसे एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है. जहां जन सुराज स्थानीय चेहरों को आगे लाकर क्षेत्रीय स्तर पर अपनी जड़ें मजबूत करना चाहता है.
तेजस्वी 15 अक्टूबर को करेंगे नामांकन
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव 15 अक्टूबर को राघोपुर सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे. यह उनकी लगातार तीसरी पारी होगी. वे 2015 में पहली बार इस सीट से विधायक बने थे और उपमुख्यमंत्री बने. 2020 में उन्होंने इसी सीट से दोबारा जीत हासिल की थी.
मुकाबला हो सकता है दिलचस्प
राघोपुर सीट अब तेजस्वी यादव बनाम जन सुराज के नए चेहरे चंचल सिंह के बीच दिलचस्प हो चली है. जहां एक ओर तेजस्वी अनुभव और जनाधार के बल पर चुनावी मैदान में हैं, वहीं दूसरी ओर जन सुराज पार्टी इस सीट को अपनी राजनीतिक पैठ का प्रतीक बनाना चाहती है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राघोपुर का मुकाबला इस बार केवल दो उम्मीदवारों का नहीं, बल्कि दो राजनीतिक विचारधाराओं- “संगठन आधारित राजनीति बनाम चेहरे आधारित राजनीति” का भी प्रतीक बनने जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










