Bihar Election Express: कल्याणपुर में चौपल पर उठा जूट मिल का मुद्दा, मुक्तापुर रेलवे गुमटी पर जल्द बनेगा आरओबी

Published by : Ashish Jha Updated At : 15 Sep 2025 10:03 AM

विज्ञापन

Bihar Election Express: प्रभात खबर का इलेक्शन एक्सप्रेस का समस्तीपुर जिले में रविवार को पहला दिन था. कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के कुशियारी चौक के समीप एक निजी स्कूल के सभागार में चौपाल सजाया गया. इसमें समाज के सभी वर्ग के लोग शामिल हुए. विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. आम जनता ने कई मुद्दे उठाकर सवालों की झड़ी लगा दी. राज्य सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी ने धैर्य पूर्वक सवालों को सुना और बारी-बारी से जवाब दिये. सत्ता पक्ष ने अपनी उपलब्धियां गिनायीं. विपक्ष ने समस्याओं को रखा और भ्रष्टाचार, पलायन व बेरोजगारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया.

विज्ञापन

Bihar Election Express: समस्तीपुर. प्रभात खबर इलेक्शन एक्सप्रेस का शनिवार को पहला दिन था. जटमलपुर तीरा चौक, कल्याणपुर चौक व वीरसिंहपुर चौक पर चौराहा कार्यक्रम में क्षेत्र का वास्तविक चेहरा देखने को मिला. इसके साथ ही जनता का मन भी टटोलने का प्रयास हुआ. इसके बाद कुशियारी चौक पर एक निजी स्कूल के बड़े से सभागार में चौपाल सजा. चौपाल में विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी, पूर्व भाकपा माले प्रत्याशी रंजीत राम, भाजपा नेता सह पूर्व मुखिया विजय शर्मा, भाजपा के मुकेश सिंह, राजद युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार ने लोगों के सवालों के जवाब दिये.

क्षेत्र में नहीं रहते हैं विधायक

बिहार सरकार के मंत्री ने कहा कि विधानसभा के पांच साल के कार्यकाल में वे 20-25 दिन क्षेत्र में रहकर कार्य किये हैं. शिक्षा के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है. करुआ डिग्री कॉलेज के मान्यता की अनुशंसा की गयी है. नामापुर में बागमती नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है. शांति नदी पर नया पुल बनाया गया है. बांध पर सड़क बनायी गयी है. हर पंचायत व हर गांव को संपर्क सड़क से जोड़ने का काम किया है. क्षेत्र में अब ऐसी कोई सड़क नहीं बची है, जिसपर काम न हुआ हो.

सड़क और बिजली में हुआ है सुधार

भाजपा के मुकेश सिंह ने कहा कि 2005 से पहले की सरकार ने सड़कों को गड्ढे में तब्दील कर दिया था. नीतीश व मोदी ने बिहार का कायाकल्प किया है. 125 यूनिट बिजली फ्री की है. हर क्षेत्र में विकास का काम हुआ है. पूर्व मुखिया सह भाजपा नेता विजय शर्मा ने कहा कि कल्याणपुर जूट मिल को विधायक ने व्यक्तिगत पहल कर चालू कराया. कुछ लोग जूट मिल की आड़ में राजनीतिक कर बार-बार बंद कराते हैं. उन्होंने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए पहल करने की मांग की.

गरीबों की बस्ती पर नहीं बनी सड़क

पूर्व भाकपा माले प्रत्याशी रंजीत राम ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सुरक्षित क्षेत्र है, यहां जो प्रत्याशी जीतकर जाते रहे हैं, उन्होंने महादलित व गरीबों के क्षेत्र को उपेक्षित रखा है. गरीबों की बस्ती में आज तक संपर्क पथ नहीं बना है. क्षेत्र के लोग कोरोना के काल में गांव के डॉक्टरों के भराेसे रहे हैं. जाति व निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पांच सौ रुपये देने पड़ते हैं. दाखिल-खारिज में लूट है. जटमलपुर से हायाघाट रोड बहुत संकीर्ण है. लोगों को बहुत परेशानी होती है. जूट मिल हुकुड़-हुकुड़ कर रहा है. मिल के मजदूरों की माली हालत खराब है. राजद युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार ने कहा कि शराबबंदी सिर्फ पेपर है. भ्रष्टाचार चरम पर है. पलायन यहां बहुत है.

Also Read: Bihar News: कृषि नहीं अब टेक्सटाइल और लेदर उद्योग से जाना जायेगा बिहार, सरकार ने भी खोला रियायतों का पिटारा

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन