VIDEO: 'दारू पीये थे...' कहने के बाद चली गयी युवक की जान, भागलपुर में दो और संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

Bihar Sharab News: बिहार के भागलपुर में दो और लोगों की संदिग्ध मौत ने हड़कंप मचाया है. एक व्यक्ति ने मौत से पहले मीडिया के सामने दारू पीने की बात स्वीकार की.
भागलपुर में संदिग्ध परिस्थिति में हो रही मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. लोदीपुर थाना क्षेत्र के चौधरीडीह गांव में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में दो लोगों की मौत हो गयी. परिजनों ने कैमरे के सामने शराब पीने की बात स्वीकार की, लेकिन पुलिस को बयान देने से इंकार कर दिया. अस्पताल में इलाज के क्रम में सुबोध यादव ने भी शनिवार सुबह मरने से पहले कैमरे के सामने अचेत अवस्था में शराब पीने की बात स्वीकार की थी. हालांकि इस मामले में पुलिस पदाधिकारी किसी भी तरह का बयान देने से इंकार कर रहे हैं.
मायागंज अस्पताल पहुंचे मृतक सुबोध यादव के भाई विनय यादव ने बताया कि शुक्रवार रात सुबोध यादव और उसके चचेरे भाई आनंद यादव एक साथ गांव के एक पासीखाना में शराब पीने गये थे. वहां देसी शराब पी वह लोग अपने घर लौटे. आनंद की तबीयत देर रात खराब हुई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी. शनिवार सुबह जब इस बात की खबर सुबोध को हुई तो उसकी तबीयत भी बिगड़ने लगी. पहले उसने पेट दर्द और सिर दर्द और फिर चक्कर आने की बात कही.
बताया कि उसने आंख से धुंधला दिखने की बात कही. परिजन उसे लेकर तिलकामांझी स्थित एक निजी डाॅक्टर के क्लिनिक में पहुंचे. डाॅक्टर ने उसका इलाज करने से इंकार कर दिया और मायागंज अस्पताल जाने की सलाह दी. मायागंज अस्पताल में सुबोध को भर्ती कर लिया गया. कुछ ही देर बाद उसकी आंखों की रोशनी पूरी तरह से चली गयी. इलाज के क्रम में शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गयी.
मौत के पहले दारू पीने की बात स्वीकार कर रहा युवक…भागलपुर में लगातार संदिग्ध मौत की घटना pic.twitter.com/lNjqt4zDR1
— Thakur Shaktilochan shandilya (@Ershaktilochan) March 27, 2022
Also Read: मुकेश सहनी की VIP के बाद अब बिहार कांग्रेस में तोड़ की तैयारी कर रही BJP? दावों पर बोले MLA अजित शर्मा…
लोदीपुर थाना क्षेत्र के चौधरीडीह गांव स्थित एक अवैध पासीखाना में कई लोगों के साथ में बैठ कर शराब पीने की चर्चा ने देर शाम अचानक तूल पकड़ लिया. इलाके के लोगों की बीच चर्चा थी कि चौधरीडीह के दो लोगों के साथ-साथ भागलपुर शहरी क्षेत्र के भी कुछ लोग शराब पीने के लिए उनके साथ ही उसी पासीखाना में बैठे थे. चर्चा यह भी है कि मिरजान स्थित कुतुबगंज के रहने वाले एक व्यक्ति की भी मौत इसी क्रम में हो गयी. हालांकि इस बात जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं मिली. वहीं मृतक का इलाज किसी सरकारी अस्पताल में नहीं कराया गया था. देर शाम तक पुलिस भी चर्चा के आधार पर मामले की जांच में जुट गयी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




