नीलामी में बिकीं दुनिया की 5 सबसे महंगी कारें, विंटेज कारों की कीमत ने किया हैरान, ₹1200 करोड़ में बिकी मर्सिडीज
नीलामी में बिकीं दुनिया की 5 सबसे महंगी कारें
दुनिया में ऐसे शौकीन लोग हैं जो सैकड़ों करोड़ की नई कारें खरीदते हैं, वहीं ऐसे लोग भी हैं जो विंटेज और क्लासिक कारें के दिवाने हैं और उस पर हजारों करोड़ खर्च करते हैं. आज हम ऐसे ही कारों के बारे में जानेंगे जो ऑक्शन में आज तक सबसे महंगी बिकीं.
दुनिया में कार के शौकीनों की कमी नहीं है. कुछ लोग नई कारों पर करोड़ों रुपए खर्च करते हैं, तो कुछ को पुरानी और विंटेज कारों के कलेक्शन का शौक होता है. लोगों को ऐसी क्लासिक कारें खासी पसंद आती हैं, जिनका इतिहास रेसिंग और ऑटोमोबाइल की दुनिया से जुड़ा हो.
इन कारों की कीमत सिर्फ उनकी उम्र या डिजाइन से तय नहीं होती, बल्कि उनका इतिहास, रेसिंग रिकॉर्ड, दुर्लभता और ओरिजिनल कंडीशन भी मायने रखते हैं. यही वजह है कि दुनिया की कुछ पुरानी कारें हजारों करोड़ रुपए में नीलाम हुई हैं.
इसका सबसे बड़ा उदाहरण 2022 में देखने को मिला, जब 1955 मर्सिडीज-बेंज 300 SLR उलेनहॉट कूपे 142 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹1,263.8 करोड़ में बिकी. इसके साथ ही इस कार ने नीलामी में बिकने वाली सबसे महंगी कार का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. आइए जानते हैं नीलामी में बिकने वाली दुनिया की सबसे महंगी 5 कारों के बारे में...
नीलामी में बिकीं दुनिया की 5 सबसे महंगी कारें
1964 शेल्बी कोबरा डेटोना कूपे
- नीलामी कीमत: ₹381.8 करोड़ (2026) डॉलर में कीमत: 42.9 मिलियन डॉलर

शेल्बी कोबरा डेटोना कूपे अमेरिका की सबसे मशहूर रेसिंग कारों में से एक है. इसकी खास बात यह है कि दुनिया में इसके सिर्फ 6 मॉडल ही बनाए गए थे.
इनमें से जिस कार की नीलामी हुई, उसके मालिक खुद इसके निर्माता कैरोल शेल्बी थे. 1965 की वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतने में भी इस कार की अहम भूमिका रही थी. यही वजह है कि कार कलेक्टर्स के बीच इसकी कीमत काफी ज्यादा है.
ये भी पढ़ें: 1 लाख से भी कम के बजट में पावरफुल बाइक चाहिए? 100cc के अंदर ये 5 बाइक्स हैं सबसे बेहतरीन, माइलेज भी मिलता है तगड़ा
1962 फेरारी 250 GTO
- नीलामी कीमत: ₹430.8 करोड़ (2018) डॉलर में कीमत: 48.4 मिलियन डॉलर

फेरारी 250 GTO दुनिया की सबसे खास क्लासिक कारों में गिनी जाती है. कार कलेक्टर्स के बीच इसकी काफी डिमांड है.
इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसकी ओरिजिनल कंडीशन है. इसके 95% से ज्यादा पार्ट्स आज भी वही हैं, जो इसे फैक्ट्री से निकलते समय मिले थे. कार की दुर्लभता और बेहतरीन हालत ने इसकी नीलामी कीमत को कई सौ करोड़ रुपए तक पहुंचा दिया.
1962 फेरारी 330 LM/250 GTO
- नीलामी कीमत: ₹460.1 करोड़ (2023) डॉलर में कीमत: 51.7 मिलियन डॉलर

यह कार भी फेरारी की बेहद दुर्लभ कारों में शामिल है. इसमें V12 इंजन दिया गया था.
इसकी खासियत सिर्फ इसका डिजाइन या इंजन नहीं है. यह उन केवल दो कारों में से एक है, जिन्हें खुद फेरारी की इन-हाउस रेसिंग टीम ने रेस ट्रैक पर उतारा था.
कार को इतने अच्छे तरीके से संभालकर रखा गया है कि इसे कई क्लासिक कार शो में अवॉर्ड भी मिल चुके हैं.
1954 मर्सिडीज-बेंज W 196 R स्ट्रोमलिनिएनवैगन
- नीलामी कीमत: ₹470.8 करोड़ (2025) डॉलर में कीमत: 52.9 मिलियन डॉलर

मर्सिडीज-बेंज की यह कार मोटरस्पोर्ट के इतिहास से जुड़ी हुई है. इसे दुनिया के दो महान फॉर्मूला-1 ड्राइवर्स जुआन मैनुअल फैंगियो और स्टर्लिंग मॉस चला चुके हैं.
कार की टॉप स्पीड बढ़ाने के लिए इसके पहियों को खास डिजाइन के कवर से ढका गया था. इसकी रेसिंग हिस्ट्री और दुर्लभता ने इसे कलेक्टर्स के लिए बेहद खास बना दिया.
1955 मर्सिडीज-बेंज 300 SLR उलेनहॉट कूपे
- नीलामी कीमत: ₹1,263.8 करोड़ (2022) डॉलर में कीमत: 142 मिलियन डॉलर

अब बात उस कार की जिसने नीलामी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. मर्सिडीज-बेंज 300 SLR उलेनहॉट कूपे को 2022 में 142 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹1,263.8 करोड़ में बेचा गया था.
यह सिर्फ नीलामी में बिकने वाली दुनिया की सबसे महंगी कार नहीं है, बल्कि अब तक की सबसे महंगी कारों में भी इसका नाम सबसे ऊपर आता है.
इस सिल्वर कलर की कार को मर्सिडीज-बेंज के इंजीनियर रुडोल्फ उलेनहॉट के नाम से जाना जाता है. इसकी नीलामी से मिली पूरी रकम को मर्सिडीज-बेंज फंड में दान कर दिया गया. यह फंड पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं को स्कॉलरशिप देता है.
आगे भी टूट सकते हैं ये रिकॉर्ड
क्लासिक और विंटेज कारों की दुनिया में हर कार की कीमत उसकी दुर्लभता, इतिहास और कंडीशन के हिसाब से तय होती है. ऐसे में आने वाले समय में कोई और दुर्लभ कार नीलामी में आ सकती है और इन रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ सकती है. यानी कारों की दुनिया में करोड़ों की कीमत सिर्फ नई कारों की नहीं होती. कई दशक पुरानी एक खास कार भी कलेक्टर्स के लिए अरबों रुपए की हो सकती है.
ये भी पढ़ें: महिलाओं के लिए ये 5 स्कूटी हैं बेस्ट: हल्की बॉडी, स्टाइलिश लुक और शानदार माइलेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए