नये कलर और हार्डवेयर अपग्रेडस के साथ आ रही है 2026 KTM 200 Duke

केटीएम 200 ड्यूक
KTM 200 Duke का 2026 मॉडल भारतीय बाजार में नए Atlantic Blue कलर और कई हार्डवेयर अपडेट्स के साथ आने वाला है. बाइक में हल्के अलॉय व्हील्स, बड़ा 320 mm फ्रंट डिस्क, बदला हुआ सस्पेंशन सेटअप और नया रियर टायर दिया गया है, जबकि इंजन और फीचर्स पहले जैसे ही रखे गए हैं.
स्पोर्टी लुक और दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाने वाली KTM अपनी पॉपुलर नेकेड बाइक KTM 200 Duke को इंडियन मार्केट के लिए अपग्रेड करने जा रही है. 2026 मॉडल अब एक नए और फ्रेश Atlantic Blue कलर स्कीम में आने वाला है. बाइक की डीलरशिप्स पर एंट्री शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसकी ऑफिशियल लॉन्चिंग भी हो सकती है.
Atlantic Blue कलर से बदला पूरा लुक
नई Atlantic Blue कलर स्कीम में ब्लू और ऑरेंज का दमदार कॉम्बिनेशन दिया गया है, जो बाइक को पहले से ज्यादा स्पोर्टी बनाता है. इसके अलॉय व्हील्स अब ब्लैक फिनिश में आते हैं, जबकि Duke की ब्रांडिंग को व्हाइट कलर में किया गया है. रियर सब-फ्रेम को ऑरेंज रंग दिया गया है और मेन फ्रेम को ग्लॉस ब्लैक फिनिश मिली है, जिससे बाइक का ओवरऑल लुक ज्यादा अग्रेसिव और प्रीमियम नजर आता है.
390 Duke से लिए गए नए अलॉय व्हील्स
2026 मॉडल में KTM ने 200 Duke को 390 Duke से लिए गए नए अलॉय व्हील्स के साथ अपडेट किया है. ये व्हील्स पहले से हल्के हैं और इनमें नया ब्रेक कैलिपर डिजाइन दिया गया है. इसके साथ ही फ्रंट डिस्क ब्रेक का साइज भी बढ़ाया गया है, जो अब 300mm की जगह 320mm का हो गया है. बेहतर ब्रेकिंग के लिए बाइक में ड्यूल-चैनल ABS मिलता है. साथ ही SuperMoto ABS फीचर भी दिया गया है, जिसमें रियर व्हील का ABS जरूरत पड़ने पर बंद किया जा सकता है.
सस्पेंशन और हार्डवेयर में बदलाव
सस्पेंशन सेटअप में भी बदलाव किया गया है. पहले जहां 43 mm के फ्रंट फोर्क्स मिलते थे, अब उनकी जगह 37 mm के WP Apex अपसाइड-डाउन सस्पेंशन दिए गए हैं. इसके अलावा, ग्रैब रेल और पिलियन के लिए रियर फुटपेग भी नए हैं. रियर टायर का साइज 150 सेक्शन से घटाकर 140 सेक्शन कर दिया गया है. इन सभी बदलावों से बाइक का वजन थोड़ा कम होगा, जिससे हैंडलिंग बेहतर होने के साथ-साथ माइलेज में भी सुधार देखने को मिल सकता है.
इंजन वही, परफॉर्मेंस भरोसेमंद
इंजन कि बात करें, तो KTM ने इसमें कोई बदलाव नहीं किया है. 200 Duke में वही 199 cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 10,000rpm पर 25PS की पावर और 8,000 rpm पर 19.3 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है, हालांकि अब भी इसमें क्विकशिफ्टर की सुविधा नहीं दी गई है.
फीचर्स और टेक्नोलॉजी
फीचर्स के तौर पर बाइक में पहले की तरह TFT डिस्प्ले मिलता है, जिसे पिछले अपडेट में पेश किया गया था. इसके साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी की सुविधा भी दी गई है, लेकिन क्रूज कंट्रोल और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स अभी भी इसमें शामिल नहीं किए गए हैं. कुल मिलाकर, 2026 KTM 200 Duke नए लुक और कुछ अहम हार्डवेयर अपडेट्स के साथ उन राइडर्स को आकर्षित कर सकती है, जो स्टाइल के साथ परफॉर्मेंस भी चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या आपको पता है KTM का पूरा नाम और मतलब? जिनके पास है वो भी नहीं जानते होंगे इसका जवाब
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shivani Shah
डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




