ePaper

छत्तीसगढ़ चुनाव : कोरबा में बीजेपी उम्मीदवार रामदयाल उइके के वाहन से 11.50 लाख नकद बरामद

Updated at : 17 Feb 2024 2:29 PM (IST)
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ चुनाव : कोरबा में बीजेपी उम्मीदवार रामदयाल उइके के वाहन से 11.50 लाख नकद बरामद

कोरबा के एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने पसान पुलिस थाना क्षेत्र के तहत झुनकीड़ी गांव के पास उइके के वाहन को रोका और लगभग एक बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने वाहन की तलाशी ली और 11.50 लाख रुपए बरामद किए.

विज्ञापन

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की पुलिस ने बृहस्पतिवार (16 नवंबर) को एक गांव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उम्मीदवार के वाहन से कथित तौर पर 11.50 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोरबा जिले की पाली-तानाखार सीट से बीजेपी उम्मीदवार रामदयाल उइके के वाहन से 11.50 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं. इस दौरान उइके वाहन में मौजूद थे. कोरबा जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने पसान पुलिस थाना क्षेत्र (पाली-तानाखार निर्वाचन क्षेत्र) के तहत झुनकीड़ी गांव के पास उइके के वाहन (एक एसयूवी) को रोका और लगभग एक बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. शुक्ला ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली और 11.50 लाख रुपए नकद बरामद किए. उइके द्वारा नकदी के संबंध में दस्तावेज पेश करने में विफल रहने के बाद पुलिस ने नकदी और वाहन को जब्त कर लिया है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

2018 में बीजेपी में शामिल हुए थे उइके

पाली-तानाखार उन 70 सीटों में से एक है, जहां दूसरे चरण में शुक्रवार (17 नवंबर) को मतदान होगा. राज्य की कुल 90 सीटों में से 20 सीटों पर सात नवंबर को पहले चरण का मतदान हुआ था. वरिष्ठ आदिवासी नेता उइके ने वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ दी थी और बीजेपी में चले गए थे. उइके वर्ष 1998 में मरवाही सीट से बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए थे. वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद जब अजीत जोगी ने पहले मुख्यमंत्री के रूप शपथ ली, तब उइके ने जोगी के लिए मरवाही सीट खाली कर दी थी. बाद में जोगी इस सीट से विधायक चुने गए.

2003 में तानाखार से विधायक बने थे उइके

उइके ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में वर्ष 2003 में तानाखार (जो 2008 में परिसीमन के बाद पाली तानाखार बन गया) से तथा उसके बाद वर्ष 2008 और वर्ष 2013 में पाली तानाखार सीट से जीत हासिल की थी. बाद में वह वर्ष 2018 में बीजेपी में लौट गए और पाली-तानाखार से चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार से हार गए. उइके को बीजेपी ने पाली तानाखार से फिर से उम्मीदवार बनाया है, जहां कांग्रेस ने अपने मौजूदा विधायक को टिकट न देकर महिला उम्मीदवार दुलेश्वरी सिदार को मैदान में उतारा है.

Also Read: पाली-तानाखार से लगातार दो बार विधायक रहे रामदयाल उइके कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आए, तो तीसरे नंबर पर खिसके

अब तक 73.90 करोड़ रुपए जब्त

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए नौ अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से बुधवार तक 73.90 करोड़ रुपए, अवैध शराब और अन्य सामान जब्त किया गया है. इसमें 20.15 करोड़ रुपये नकद शामिल है.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola