रूस के सैन्य ठिकानों पर यूक्रेन का हमला, जेलेंस्की बोले- अब मॉस्को पर और सख्ती जरूरी

Updated:
विज्ञापन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की (फाइल फोटो)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के सैन्य ठिकानों पर लंबी दूरी के हमलों का दावा किया है. उन्होंने बताया कि सारातोव ऑयल रिफाइनरी और एंगेल्स सैन्य एयरबेस जैसे खास जगहों को निशाना बनाया गया. जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों से रूस की युद्ध क्षमता कमजोर हुई है.

विज्ञापन

Ukraine Russia War : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना ने रूस के अंदर कई अहम सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर लंबी दूरी के हमले किए हैं. उन्होंने कहा कि इन हमलों में सारातोव ऑयल रिफाइनरी, एंगेल्स सैन्य एयरबेस, कालुगा क्षेत्र के ल्यूदिनोव्स्काया ऑयल डिपो और ब्रायंस्क क्षेत्र में ड्रोन लॉन्च साइट को निशाना बनाया गया. जेलेंस्की ने कहा कि इन ठिकानों पर हमला रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर करने के उद्देश्य से किया गया है.

विज्ञापन
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सारातोव में निशाना बनाए गए दोनों ठिकाने फ्रंटलाइन से 600 किलोमीटर से अधिक दूर हैं. उन्होंने यूक्रेन की रक्षा सेनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता लगातार बढ़ रही है और यूक्रेन अब "युद्ध को वहीं वापस ले जा रहा है, जहां से इसकी शुरुआत हुई थी."

एक हफ्ते में 1,900 ड्रोन और 144 मिसाइलें दागने का आरोप

न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जेलेंस्की ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन के 16 क्षेत्रों पर बड़े पैमाने पर हमले किए. उनके मुताबिक, इस दौरान रूस ने करीब 1,900 ड्रोन, 1,600 हवाई बम और 144 मिसाइलें, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल हैं, दागीं. उन्होंने कहा कि इन हमलों में 1,500 से ज्यादा जगहों को नुकसान पहुंचा, जिनमें सैकड़ों रिहायशी इमारतें शामिल हैं.

रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग

जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर और सख्त प्रतिबंध लगाने की अपील की. उनका कहना है कि रूस की कई कंपनियां अब भी ड्रोन, मिसाइल और गाइडेड बम बनाने के लिए जरूरी उपकरण तैयार कर रही हैं और उन पर अभी तक कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. उन्होंने कहा कि रूस के रक्षा उद्योग और तेल क्षेत्र पर दबाव बढ़ाना जरूरी है, क्योंकि इससे आम यूक्रेनी नागरिकों पर होने वाले हमलों को कम किया जा सकता है.

इससे पहले भी जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोपीय देशों से यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की अतिरिक्त मिसाइलें देने की अपील की थी. उनका कहना था कि रूस लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों और नए तरह के ड्रोन से हमले कर रहा है, इसलिए यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करना बेहद जरूरी है.

Also read : Video : ग्रीस में आग बुझाने के दौरान टकराए दो हेलीकॉप्टर, 2 क्रू को बचाया गया, 2 की तलाश जारी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola