ट्रंप का दावा: तेहरान पर जबरदस्त हमला, ईरान के टॉप मिलिट्री लीडर मारे गए, शेयर किया वीडियो

Updated at : 05 Apr 2026 7:28 AM (IST)
विज्ञापन
Trump Claims Massive Attack on Tehran Iran's Top Military Leader Killed

वीडियो में विस्फोट के बाद आग का गोला और धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है.

Trump Iran Attack Video: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार रात को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि ईरान के कई शीर्ष सैन्य नेता मारे गए. उन्होंने कहा कि वे खराब और गलत तरीके से नेतृत्व कर रहे थे.

विज्ञापन

Trump Iran Attack Video: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि तेहरान पर एक बड़े हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य नेताओं को खत्म कर दिया गया है. राष्ट्रपति ने यह दावा शनिवार को अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर किए गए एक पोस्ट के जरिए किया. उन्होंने इस पोस्ट के साथ एक मिनट सात सेकंड का एक वीडियो भी साझा किया. इसमें कथित तौर पर आसमान में धमाकों की रोशनी दिखाई दे रही है. 

अपने बयान में ट्रंप ने कहा, ‘ईरान के कई सैन्य नेता, जिन्होंने उन्हें खराब और गलत तरीके से नेतृत्व दिया, इस बड़े हमले में खत्म कर दिए गए हैं, साथ ही बहुत कुछ और भी नष्ट हुआ है.’ पोस्ट के साथ साझा किया गया वीडियो काफी धुंधला नजर आता है, लेकिन उसमें विमानों की आवाज और तेज धमाकों की आवाज साफ सुनाई देती है. हालांकि, इस गंभीर दावे के बावजूद राष्ट्रपति ट्रंप ने हमले के टारगेट या तकनीकी विवरणों के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी.

ट्रंप ने दिया है अल्टीमेटम

यह कथित हमला उस सख्त अल्टीमेटम के बाद सामने आया है, जो राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को ईरान को दिया था. उन्होंने कहा कि तेहरान के पास समझौता करने या होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए 48 घंटे हैं, वरना उन पर कहर बरपेगा. ट्रंप का यह संदेश उनके पहले दिए गए 10 दिन के अल्टीमेटम की भी याद दिलाता है. 

इसमें उन्होंने ईरान से समझौते में प्रगति करने या इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को खोलने को कहा था. 26 मार्च को ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमलों को 10 दिन के लिए रोक रहे हैं, जो सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को शाम 8 बजे तक जारी रहेगा. यह फैसला चल रही कूटनीतिक बातचीत के तहत लिया गया था. 

इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को कहा कि याद है जब मैंने ईरान को 10 दिन दिए थे कि या तो समझौता करें या होर्मुज खोलें. समय खत्म हो रहा है. 48 घंटे बचे हैं, वरना उन पर कहर टूट पड़ेगा. भगवान की महिमा हो… उन्होंने अपने पोस्ट में दावा किया था कि यह घोषणा ईरानी सरकार के अनुरोध पर की गई है और बातचीत बहुत अच्छी तरह चल रही है.

ये भी पढ़ें:- ब्राजील में रेस्टोरेंट पर गिरा विमान, 4 लोगों की दर्दनाक मौत; सामने आया रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो

ये भी पढ़ें:- अमेरिकी विमान गिराकर बोला ईरान- अब आसमान पर होगा हमारा कब्जा; इजरायल के लिए ‘ब्लैक फ्राइडे’

लापता अमेरिकी सैनिक की हो रही खोज

राष्ट्रपति ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिकी सेना एक लापता अमेरिकी क्रू सदस्य की तलाश तेज कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही दिन में अमेरिका के दो फाइटर जेट ईरान के ऊपर मार गिराए गए. यह करीब छह हफ्ते से चल रहे इस युद्ध में पहली ऐसी घटना थी. इन घटनाओं में एक अमेरिकी F-15 गिरा, जिसके एक पायलट को बचा लिया गया, लेकिन दूसरा अब भी लापता है. वहीं डाउन हुए विमान की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च-एंड-रेस्क्यू मिशन में शामिल एक अमेरिकी A-10 वॉरथॉग विमान भी निशाना बना और क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उसका पायलट सुरक्षित बचा लिया गया.

अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक क्रू सदस्य अभी भी ईरान में लापता है, जिसके चलते एक बेहद जोखिम भरा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. वहीं, ईरानी अधिकारियों ने अपने नागरिकों से उस अमेरिकी को “जिंदा पकड़ने” की अपील की है और इसके लिए इनाम की घोषणा भी की है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola