जल्द खत्म हो सकता है गाजा युद्ध: ट्रंप का दावा- हमास हथियार छोड़ेगा, धीरे-धीरे हटेगी इजरायली सेना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हमास और गाजा के दूसरे हथियारबंद संगठनों के हथियार छोड़ने पर एक बड़ा समझौता हुआ है. इसके बाद इजरायल अपनी सेना को चरणबद्ध तरीके से गाजा से हटाएगा. हालांकि, हमास ने अभी तक इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
Israel Hamas War : इजरायल और हमास के बीच लंबे समय से चला आ रहा संघर्ष जल्द ही समाप्त हो सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हमास के साथ हथियार छोड़ने को लेकर सहमति बन गई है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल में पोस्ट कर लिखा कि यह समझौता बोर्ड ऑफ पीस की अगुआई में कराया गया है. उनके मुताबिक इस समझौते से लंबे समय से चल रही हिंसा खत्म करने की दिशा में रास्ता खुलेगा.
हथियार छोड़ने के साथ पीछे हटेगी इजरायली सेना
ट्रंप ने कहा कि इस समझौते को कई चरणों में लागू किया जाएगा. जैसे-जैसे हमास हथियार छोड़ेगा, वैसे-वैसे इजरायली सेना गाजा से हटती जाएगी. इसके बाद एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल और नई फिलिस्तीनी पुलिस मिलकर गाजा की सुरक्षा संभालेंगे. ट्रंप का कहना है कि इससे इजरायल की सुरक्षा भी बनी रहेगी और गाजा का इस्तेमाल आगे किसी हमले के लिए नहीं हो सकेगा.

नई फिलिस्तीनी सरकार बनाने की तैयारी
ट्रंप के मुताबिक, आगे चलकर गाजा में नई फिलिस्तीनी सरकार बनाई जाएगी, जो बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर काम करेगी. उन्होंने कहा कि यह उनकी 20-पॉइंट योजना का अहम हिस्सा है, जिसका मकसद गाजा में युद्ध खत्म करना और इलाके में स्थिरता लाना है. ट्रंप ने इस समझौते में भूमिका निभाने के लिए मिस्र, कतर और तुर्किये का भी धन्यवाद किया.
हमास हथियार छोड़ने को तैयार, अमेरिका ने बताया बड़ा कदम
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, हमास पहली बार अपने हथियार छोड़ने और गाजा की सत्ता से अलग होने पर सहमत हुआ है. इसे युद्धविराम शुरू होने के बाद का सबसे अहम कदम माना जा रहा है. गुरुवार को जारी मसौदा योजना के अनुसार, सभी पक्षों की मंजूरी मिलने के 14 दिन के भीतर इस प्रक्रिया की शुरुआत हो सकती है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस समझौते की जानकारी दी. यदि यह योजना लागू होती है, तो गाजा में लंबे समय से जारी संघर्ष को खत्म करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जाएगा.
ये भी पढ़ें : 31 जुलाई की टॉप 20 खबरें: वंदे मातरम बिल संसद से पास, नेपाल बॉर्डर पर बवाल, EVM में कैद बांकीपुर का फैसला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए