अमेरिका में पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर 17 बार चाकू से हमला, वॉशरूम में घुसते ही टूट पड़ा हमलावर
जकारा मूवमेंट के लीगल सर्विस डायरेक्टर जसजीत सिंह धनोआ ने घायल ट्रक ड्राइवर (गोल घेरे में) से बात की (फोटो: X)
अमेरिका में एक पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर बर्बर हमला हुआ, जिसमें उस पर 17 बार चाकू से वार किए गए. गनीमत रही कि एक हिस्पैनिक परिवार ने उसकी जान बचाई और हमलावर को पकड़वाने में मदद की. इस घटना ने सिख ड्राइवरों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है.
अमेरिका में रहने वाले 28 वर्षीय पंजाबी सिख ट्रक ड्राइवर पर बर्बर हमले की खबर सामने आई है. कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो के रहने वाले सिंह (इनकी पहचान सरनेम से ही हो पाई है) रविवार तड़के अपना ट्रक लेकर पेंसिल्वेनिया की ओर जा रहे थे. रास्ते में वायोमिंग राज्य के इंटरस्टेट 80 पर बने 'बिटर क्रीक रेस्ट एरिया' में वह फ्रेश होने के लिए रुके. जैसे ही वह वॉशरूम के अंदर गए, पीछे से आए एक शख्स ने बिना किसी वजह के उन पर हमला बोल दिया और चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार करने लगा.
गर्दन, सीने और पसलियों पर 17 वार, हिस्पैनिक परिवार ने बचाई जान
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर ने सिंह की गर्दन, सीने, दोनों बाजुओं और पसलियों पर 17 बार चाकू घोंपा. लहूलुहान हालत में किसी तरह जान बचाकर वह वॉशरूम से बाहर भागे और सड़क पर गिरकर मदद की गुहार लगाई. मौके पर मौजूद एक हिस्पैनिक परिवार ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत उनकी मदद की और पुलिस को सूचना दी. सिंह ने बताया कि उस परिवार ने न सिर्फ उनकी जान बचाई, बल्कि हमलावर के ट्रक की जानकारी भी पुलिस को दी.
70 मील दूर पकड़ा गया आरोपी, मर्डर की कोशिश का केस
सूचना मिलते ही वायोमिंग हाईवे पेट्रोल की टीम ने पीछा कर घटनास्थल से करीब 70 मील (112 किमी) दूर रॉलिंस के पास से संदिग्ध के ट्रक को घेर लिया. पुलिस ने आरोपी एंड्रयू क्रिस बज्डाक (Andrew Kris Bzdak) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर की कोशिश (Attempted Murder) का मुकदमा दर्ज किया है, हालांकि हमले के पीछे की वजह का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है.
ट्रंप प्रशासन के 'मिस्टर सिंह' विवाद के बीच बढ़ी चिंता
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब कुछ ही दिन पहले अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (DHS) द्वारा जारी एक विवादित विज्ञापन पर भारी बवाल मचा था, जिसमें सिख पगड़ी वाले व्यक्ति की तस्वीर लगाकर "गेट ऑफ अवर रोड्स मिस्टर सिंह" (सड़कों से हट जाओ मिस्टर सिंह) लिखा गया था. विरोध के बाद उस पोस्ट को हटा दिया गया था.
ये भी पढ़ें: Mausam Update : 18 सितंबर को दिल्ली-UP से राजस्थान तक मौसम बदलेगा, जानें अगले 3 दिन कहां होगी बारिश
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे सिंह ने चिंता जताई है कि इस घटना और नफरती माहौल के बाद अमेरिका के हाईवे पर गाड़ियां चलाने वाले बाकी सिख व पंजाबी ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए