‘वेलकम टू रोम माय फ्रेंड’, इटली पहुंचे PM मोदी के साथ जॉर्जिया मेलोनी ने शेयर की सेल्फी, खास अंदाज में हुआ स्वागत

Updated:
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की सेल्फी. फोटो- एक्स.

PM Modi Italy Giorgia Meloni: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे. इस दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सेल्फी शेयर कर उनका स्वागत किया. दोनों नेताओं के बीच IMEC, व्यापार, रक्षा और रणनीतिक सहयोग पर अहम चर्चा होगी.

विज्ञापन

PM Modi Italy Giorgia Meloni: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में इटली पहुंच गए हैं. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक सेल्फी साझा करते हुए अपने दोस्त पीएम मोदी का खास अंदाज में स्वागत किया. उन्होंने कहा ‘Welcome to Rome, my friend!’ यानी रोम में स्वागत है, मेरे दोस्त!’. पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और इटली के बीच तेजी से मजबूत हो रहे रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है. इस दौरे में दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने वाली है.

विज्ञापन

रोम एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो तजानी ने किया. इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री का उत्साह के साथ स्वागत किया. पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की. 

इटली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि वह रोम पहुंच चुके हैं. उन्होंने लिखा, ‘मैं राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला और प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मिलूँगा और उनके साथ चर्चा करूँगा. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-इटली सहयोग को बढ़ावा देना होगा, जिसमें विशेष रूप से ‘भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे’ (IMEC) पर जोर दिया जाएगा.’

उन्होंने आगे कहा कि इस दौरान, ‘संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029’ की भी समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा, मैं ‘खाद्य एवं कृषि संगठन’ (FAO) के मुख्यालय का भी दौरा करूँगा और बहुपक्षवाद के साथ-साथ वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करूँगा.’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई को पांच देशों की यात्रा पर निकले थे. उन्होंने यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा किया. पीएम मोदी और इटली की प्राइम मिनिस्टर जॉर्जिया मेलोनी की बॉन्डिंग काफी चर्चा में रहती है. ऐसे में भारत और इटली के  रिश्ते भी कूटनीतिक स्तर पर बेहतर होने की उम्मीद है. अब आखिरी चरण में इटली पहुंचे हैं. पीएम मेलोनी की सेल्फी देखें-

होटल में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

रोम स्थित होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. यहां शास्त्रीय नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वाद्य यंत्रों की शानदार प्रस्तुति दी गई. इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली. पीएम मोदी इटली के पियाजा डेला रिपब्लिका में स्थित अनंतारा होटल में ठहरेंगे. इस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी की गई है. 

पीएम मोदी ने इटली में रहने वाले भारतीयों से भी होटल में मुलाकात की.


इटली दौरे पर पीएम मोदी का कार्यक्रम कैसा रहेगा?

पीएम मोदी का इटली में पहला कार्यक्रम क्विरिनाले पैलेस का दौरा होगा, जहां वे राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से मुलाकात करेंगे. इसके बाद विला पैम्फिली में प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ एक शिखर सम्मेलन होगा.  इसके बाद, दोनों नेता कई प्रमुख इटालियन और भारतीय औद्योगिक समूहों के प्रमुखों के साथ एक वर्किंग लंच में शामिल होंगे.

G7 समिट के बाद पहली द्विपक्षीय इटली यात्रा

यह जून 2024 में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के बाद पीएम मोदी की पहली द्विपक्षीय इटली यात्रा है. वह प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के खास निमंत्रण पर इटली पहुंचे हैं. बुधवार को पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात 17वीं सदी के ऐतिहासिक विला डोरिया पाम्फिली में होगी. माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों देश एक संयुक्त घोषणा-पत्र पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें:- बांग्लादेश में भारतीय मिशन के अधिकारी की मौत, चट्टोग्राम हाई कमिशन परिसर में मिला शव

ये भी पढ़ें:- Taiwan के चुनावी पोस्टर में भारत-विरोध,  झंडे और पगड़ी लगाया ‘NO’, नस्लवाद के आरोप

भारत-इटली रिश्तों में लगातार बढ़ रही मजबूती

पीएम मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और इटली के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं. दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रहे हैं. इस योजना के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान एवं तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

व्यापार और निवेश में भी बढ़ा सहयोग

भारत और इटली के बीच व्यापार 2025 में 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली से भारत में कुल 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आया है. दोनों देश अब आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में काम कर रहे हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola