गर्लफ्रेंड की जासूसी और US इंटेलिजेंस का जाल, ऐसे ढेर हुआ मेक्सिको का सबसे बड़ा डॉन 'एल मेंचो'

मेक्सिको के ड्रग माफिया 'एल मैचों' की तस्वीर
Mexico Drug Lord El Mencho Killed: मेक्सिको के सबसे खूंखार ड्रग माफिया 'एल मेंचो' का अंत हो गया है. अमेरिकी खुफिया एजेंसी और मेक्सिकन सेना ने एक फिल्मी स्टाइल ऑपरेशन में इस डॉन को मार गिराया. चौंकाने वाली बात यह है कि सेना ने मेंचो की गर्लफ्रेंड का पीछा करते हुए उसके सीक्रेट ठिकाने का पता लगाया. इस खूनी मुठभेड़ और उसके बाद भड़की हिंसा में अब तक 25 जवानों समेत 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. जानिए कैसे एक 'लव ट्रेल' ने खत्म किया 30 साल पुराना आतंक का साम्राज्य.
Mexico Drug Lord El Mencho Killed: मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग माफिया और ‘जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल’ (CJNG) के चीफ नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंट्स उर्फ ‘एल मेंचो’ का अंत हो गया है. रविवार को मेक्सिको के जलिस्को राज्य में सेना के एक बड़े ऑपरेशन में 59 साल का यह डॉन मारा गया. अमेरिकी इंटेलिजेंस और मेक्सिकन सेना ने मिलकर इस मिशन को अंजाम दिया.
गर्लफ्रेंड का पीछा करते हुए ठिकाने तक पहुंची सेना
मेक्सिको के डिफेंस सेक्रेटरी रिकार्डो ट्रेविला के मुताबिक, एल मेंचो तक पहुंचने का रास्ता उसकी एक रोमांटिक पार्टनर (गर्लफ्रेंड) से होकर गुजरा. सेना काफी समय से इस महिला के एक करीबी साथी पर नजर रख रही थी. शुक्रवार को वह साथी महिला को लेकर टपालपा के पहाड़ी इलाके में पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात एल मेंचो से हुई. अमेरिकी इंटेलिजेंस ने पक्की लोकेशन कन्फर्म की और जैसे ही महिला वहां से निकली, स्पेशल फोर्सेस ने धावा बोल दिया.
रॉकेट लॉन्चर से हुआ हमला
रविवार तड़के जब सेना ने घेराबंदी की, तो माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. एल मेंचो अपने दो बॉडीगार्ड्स के साथ झाड़ियों में छिपकर भागने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान कार्टेल के गुर्गों ने सेना पर रॉकेट लॉन्चर से हमला किया. यह वही मॉडल था जिससे 2015 में सेना का हेलीकॉप्टर गिराया गया था. मुठभेड़ इतनी भीषण थी कि सेना का एक हेलीकॉप्टर क्रैश लैंडिंग करने पर मजबूर हो गया, जिसमें 3 जवान घायल हुए. अंत में, घायल एल मेंचो को एयरलिफ्ट कर मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
मौत के बाद भड़की हिंसा
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, एल मेंचो के मरते ही पूरे मेक्सिको में कोहराम मच गया. कार्टेल के सदस्यों ने बदला लेने के लिए 20 राज्यों में 250 से ज्यादा जगहों पर सड़कें जाम कर दीं और बसों में आग लगा दी. इस हिंसा में अब तक 70 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 25 नेशनल गार्ड्स के जवान भी शामिल हैं. जलिस्को, मिचोआकन और गुआनाजुआतो जैसे राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है.
कौन था एल मेंचो और क्यों था इतना खौफ?
एल मेंचो ने करीब 2009 में CJNG कार्टेल बनाया था. वह 90 के दशक में अमेरिका में जेल भी काट चुका था. उसका गैंग ड्रोन और आईईडी (बम) जैसे आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल करने के लिए कुख्यात था. अमेरिका ने 1.5 करोड़ डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) का इनाम भी रखा था. वह मेक्सिको से अमेरिका में कोकीन, फेंटानिल और मेथामफेटामाइन जैसे ड्रग्स की तस्करी करता था. उस पर मेक्सिको सिटी के पुलिस चीफ पर हमले का भी आरोप था.
फिलहाल हालात काबू में हैं
राष्ट्रपति क्लौडिया शिनबॉम और सुरक्षा सचिव उमर गार्सिया हरफच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिलहाल हालात काबू में हैं और सड़कें खोल दी गई हैं. इलाके में शांति बनाए रखने के लिए 2,500 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं. हालांकि, जानकारों का मानना है कि एल मेंचो की मौत के बाद अब गैंग्स के बीच वर्चस्व की नई लड़ाई शुरू हो सकती है.
ये भी पढ़ें: मैक्सिको का सबसे खूंखार ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ ढेर, एयरलिफ्ट के दौरान आसमान में तोड़ा दम
ये भी पढ़ें: क्या है नेतन्याहू का ‘Hexagon’ प्लान? PM मोदी के साथ मिलकर बना रहे ‘महा-चक्रव्यूह’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




