इजरायल के सामने झुका लेबनान? राष्ट्रपति औन बोले- सीजफायर ही इकलौता समाधान

तस्वीर में लेबनान के राष्ट्रपति औन
Lebanon President: लेबनान और इजरायल के बीच तनाव चरम पर है. इस संकट के बीच लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात का एकमात्र समाधान सीजफायर यानी युद्धविराम ही है.
Lebanon President: राष्ट्रपति औन ने मैरोनाइट समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि अगर एक बार सीजफायर हो जाता है, तो दोनों देशों के बीच सीधी बातचीत का रास्ता खुल सकता है. ‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, औन ने उम्मीद जताई है कि लेबनान के इस प्रस्ताव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और वे अन्य देशों से भी इस पर चर्चा कर रहे हैं.
नेतन्याहू बोले- सीधी बातचीत होगी लेकिन हमला जारी रहेगा
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे लेबनान के साथ जल्द से जल्द सीधी बातचीत शुरू करें. हालांकि, ‘द गार्जियन’ की एक रिपोर्ट में इजरायली अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि यह बातचीत और लड़ाई साथ-साथ चलेगी. यानी बातचीत के दौरान भी इजरायल के हमले रुकेंगे नहीं. नेतन्याहू ने स्पष्ट किया है कि लेबनान में अभी कोई सीजफायर नहीं हुआ है और हिजबुल्ला के खिलाफ सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक क्षेत्र में पूरी तरह सुरक्षा बहाल नहीं हो जाती.
इजरायली सेना का कड़ा रुख
इजरायली सेना (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ अयाल जमीर ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि सेना लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ ऑपरेशन बंद नहीं कर रही है. ‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में इजरायली बमबारी की वजह से लेबनान में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम नेतन्याहू से लेबनान मामले में थोड़ा संयमित रुख अपनाने को कहा है. वहीं, IDF ने हिजबुल्ला के लॉन्च साइट्स पर नए सिरे से हमले शुरू कर दिए हैं.
अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते का हुआ सीजफायर
अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते का हुआ सीजफायर समझौता अब खतरे में नजर आ रहा है. ‘फार्स’ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका लेबनान में सीजफायर लागू नहीं कराता और इजरायल हमले बंद नहीं करता, तब तक इस्लामाबाद में होने वाली शांति वार्ता रुकी रहेगी. ईरान ने उन खबरों को भी गलत बताया है जिनमें कहा गया था कि उनका प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुका है. बुधवार को ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) को बंद कर दिया था, जिसे इजरायली हमलों का जवाब माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: इजरायल के दबाव के बाद लेबनान के PM जाएंगे अमेरिका; क्या खत्म होगी मिडिल ईस्ट की जंग?
वाशिंगटन जाएंगे लेबनान के प्रधानमंत्री
लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम जल्द ही वाशिंगटन डीसी की यात्रा करेंगे. सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने लेबनान के सामने दो शर्तें रखी हैं: पहली हिजबुल्ला का निशस्त्रीकरण (हथियार डालना) और दूसरी एक ऐतिहासिक शांति समझौता. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान से अपील की है कि वे इजरायली हमलों की वजह से इस नाजुक समझौते को टूटने न दें. वेंस ने ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ से बातचीत में कहा कि यह शायद एक कानूनी गलतफहमी है जिसे सुलझाया जा सकता है. फिलहाल पाकिस्तान ने शनिवार को दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करने की पेशकश की है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में US-ईरान वार्ता पर बैठक: इस्लामाबाद बना किला, सड़कों पर कंटेनर और कटीले तार, लोग घरों में कैद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




