Israel-Hezbollah War : लेबनान में इजराइल ने बरसाए बम, 492 की मौत, 2006 के बाद सबसे बड़ा पलायन
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 24 Sep 2024 9:15 AM
Israel-Hezbollah War : इजराइली हमले में मरने वालों की तादाद 2020 में बेरूत के विनाशकारी बंदरगाह विस्फोट से बहुत ही ज्यादा है, जब एक गोदाम में रखे सैकड़ों टन अमोनियम नाइट्रेट में विस्फोट हो गया था.
Israel-Hezbollah War : लेबनान में सोमवार को इजराइल ने हमला किया जिसमें 490 से अधिक लोगों की मौत हो गई. हमले में 90 से अधिक महिलाएं एवं बच्चों की जान गई है. लेबनान की ओर से इसकी जानकारी दी गई. वर्ष 2006 में इजराइल-हिज्बुल्ला युद्ध के बाद यह सबसे भीषण हमला है. इजराइल की सेना ने हिज्बुल्ला के खिलाफ अपने व्यापक हवाई हमले के तहत दक्षिणी एवं पूर्वी लेबनान के निवासियों को जगह खाली करने की चेतावनी दी थी.
हजारों लेबनानी नागरिक दक्षिण से पलायन करने लगे तथा दक्षिणी बंदरगाह शहर सिडोन से गुजरने वाला मुख्य राजमार्ग बेरूत की ओर जाने वाली कारों से जाम हो गया. यह 2006 के बाद सबसे बड़ा पलायन था. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमलों में 35 बच्चों और 58 महिलाओं सहित 492 लोग मारे गए और 1,645 लोग घायल हुए. देश अभी पिछले सप्ताह हुए संचार उपकरणों पर घातक हमले से उबरा भी नहीं था कि तभी यह घातक हमला किया गया.
इस हमले में मरने वालों की तादाद 2020 में बेरूत के विनाशकारी बंदरगाह विस्फोट से कहीं ज्यादा है, जब एक गोदाम में रखे सैकड़ों टन अमोनियम नाइट्रेट में विस्फोट हो गया था. इस घटना में कम से कम 218 लोग मारे गए थे और 6,000 से अधिक लोग घायल हुए थे. इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रिकॉर्ड किए गए संदेश में लेबनानी नागरिकों से इलाके को खाली करने के इजराइली संदेश के संदर्भ में कहा, इस चेतावनी को गंभीरता से लें. नेतन्याहू ने कहा, कृपया अब खतरे से दूर हो जाएं। हमारा अभियान खत्म हो जाने के बाद आप सुरक्षित रूप से अपने-अपने घरों में वापस जा सकते हैं.

इजराइल के सैन्य प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने कहा कि सेना इजराइल के साथ लेबनान की सीमा से हिज्बुल्ला को खदेड़ने के लिए जो भी जरूरी होगा वह करेगी. हगारी ने दावा किया कि सोमवार को किए गए व्यापक हवाई हमलों से हिज्बुल्ला को भारी नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा, हम युद्ध नहीं चाहते हैं. हम खतरों को खत्म करना चाहते हैं. हम इस मिशन को पूरा करने के लिए जो भी करना होगा, वह करेंगे. हमें उम्मीद है कि हम इसे जल्द से जल्द पूरा कर लेंगे.

हगारी ने कहा कि हिज्बुल्ला ने पिछले अक्टूबर से इजराइल को निशाना बनाकर लगभग 9,000 रॉकेट और ड्रोन से हमले किए हैं, जिनमें अकेले सोमवार को 250 रॉकेट और ड्रोन दागे गए. सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि इजराइली युद्धक विमानों ने सोमवार को हिज्बुल्ला के 1,300 ठिकानों पर हमले किए, जिससे क्रूज मिसाइलें, लंबी और छोटी दूरी के रॉकेट और हमलावर ड्रोन नष्ट हो गए. उन्होंने कहा कि हिज्बुल्ला के कई लड़ाके रिहायशी इलाकों में छिपे हुए थे, उन्होंने निजी घरों में छिपाकर रखे गए हथियारों की तस्वीरें दिखाईं.

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हिज्बुल्ला ने दक्षिणी लेबनान को युद्ध क्षेत्र में बदल दिया है. इजराइल का अनुमान है कि हिज्बुल्ला के पास लगभग 150,000 रॉकेट और मिसाइलें हैं, जिनमें ‘गाइडेड मिसाइलें’ और लंबी दूरी के प्रक्षेपास्त्र शामिल हैं जो इजराइल में कहीं भी हमला करने में सक्षम हैं.
(इनपुट पीटीआई)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










