ईरान का दावा: इजरायल का डिफेंस फेल, डिमोना हमले के बाद कहा- आसमान पर हमारा कब्जा

Updated at : 22 Mar 2026 10:03 AM (IST)
विज्ञापन
Iran Claims Dominance israel defense fails dimona attack

तस्वीर में ईरान की सेना के एरोस्पेस फोर्स के चीफ मेजर जनरल सैयद माजिद मूसावी.

Iran Claims: ईरान की सेना (IRGC) के एरोस्पेस फोर्स के चीफ मेजर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने शनिवार को बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब इजरायल के आसमान पर ईरान का दबदबा है. मूसावी के मुताबिक, आने वाले वक्त में होने वाले हमले अमेरिका और इजरायल के होश उड़ा देंगे.

विज्ञापन

Iran Claims: उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ईरान के बेटों ने दुश्मन के इलाके में मिसाइल कंट्रोल हासिल कर लिया है. नई तकनीक और लॉन्चिंग सिस्टम से इजरायली और अमेरिकी कमांडर हैरान रह जाएंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि इजराइल के दक्षिणी हिस्से का आसमान घंटों तक रोशनी (मिसाइलों) से जगमगाता रहेगा.

डिमोना में फेल हुआ इजरायल का सुरक्षा घेरा

ईरानी संसद के स्पीकर एम.बी. गालिबाफ ने भी इजरायल की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने X पर पोस्ट किया कि अगर इजरायल अपने सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ‘डिमोना’ इलाके में मिसाइलें नहीं रोक पा रहा, तो यह साफ है कि जंग अब नए फेज में पहुंच गई है. गालिबाफ के अनुसार, अब इजरायल का आसमान पूरी तरह असुरक्षित है और ईरान अपने अगले प्लान पर काम शुरू करने वाला है. उन्होंने इसी के साथ ईरानी जनता को नौरोज की बधाई भी दी.

अराद शहर में मिसाइल अटैक से मची भारी तबाही

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली एयरफोर्स इस बात की जांच कर रही है कि उनका डिफेंस सिस्टम एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोकने में कैसे फेल हो गया. यह मिसाइल सीधे दक्षिणी शहर ‘अराद’ में जाकर गिरी. इजरायली मीडिया ने सेना के हवाले से बताया कि मिसाइल को रोकने के दो प्रयास किए गए थे, लेकिन दोनों ही फेल रहे. अराद के मेयर यायर मायन ने बताया कि जिस इलाके में मिसाइल गिरी, वहां से करीब 150 परिवारों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना पड़ा है.

हमले में 100 से ज्यादा लोग घायल 

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि ईरान के इस मिसाइल हमले में बच्चों समेत 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. मंत्रालय ने इसे ‘वॉर क्राइम’ और ‘आतंकवाद’ करार दिया है. इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अराद के मेयर से बात कर घायलों के लिए दुआ की. नेतन्याहू ने कहा कि यह भविष्य की लड़ाई का बहुत मुश्किल समय है. उन्होंने सरकारी अधिकारियों को घायलों की मदद के निर्देश दिए हैं और जनता से होम फ्रंट कमांड की बातें मानने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: इजरायल का आरोप: सनकी ईरान का यरुशलम पर हमला, ईद के दिन अल-अक्सा मस्जिद के पास गिरी मिसाइल

इजरायल के दिग्गज नेताओं ने जताई चिंता

इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट और यायर लैपिड ने भी इस हमले की निंदा की है. बेनेट ने कहा कि पूरा देश अराद और डिमोना के साथ खड़ा है. वहीं, लैपिड ने इसे बड़ी आपदा बताते हुए रेस्क्यू टीम की सराहना की. बता दें कि इससे पहले ईरान की एक मिसाइल डिमोना शहर में गिरी थी, जहां इजरायल का न्यूक्लियर प्लांट स्थित है. इस हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव काफी बढ़ गया है.

ये भी पढ़ें:- ईरान को ट्रंप की चेतावनी: 48 घंटे में खोलें होर्मुज की खाड़ी, वरना मिट जाएंगे पावर प्लांट्स

विज्ञापन
Govind Jee

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola