मोदी-मैक्रों मुलाकात: भारत-फ्रांस के बीच 13 बड़े समझौते, AI से लेकर UPI और रक्षा तक हुई डील
पीएम मोदी और इमैनुएल मैक्रों के बीच नीस शहर में मीटिंग हुई.
India France Deal: फ्रांस दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच नीस शहर में बैठक हुई. इसमें भारत और फ्रांस ने AI, व्यापार, रक्षा, अंतरिक्ष, शिक्षा, रेलवे और परमाणु ऊर्जा समेत 13 बड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनाई। जानिए दोनों देशों के बीच हुई प्रमुख डील्स के बारे में.
India France Deal: फ्रांस दौरे के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच हुई वार्ता कई महत्वपूर्ण नतीजों के साथ संपन्न हुई. दोनों नेताओं ने रक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अंतरिक्ष, व्यापार, शिक्षा, परमाणु ऊर्जा और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई. इस दौरान भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाले 13 अहम फैसलों की घोषणा की गई.
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नीस में आयोजित विशेष ब्रीफिंग में बताया कि दोनों देशों ने उभरती तकनीकों, आर्थिक सुरक्षा और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कई नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा, ‘दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिए उच्चस्तरीय तंत्र स्थापित करने, आर्थिक सुरक्षा संवाद शुरू करने, इनोवेशन रोडमैप 2030 अपनाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर संयुक्त कार्य समूह बनाने पर सहमति दी है.’
भारत-फ्रांस के बीच हुईं 13 बड़ी डील्स और घोषणाएं
1. भारत-फ्रांस इनोवेशन रोडमैप 2030 अपनाया गया
दोनों देशों ने उभरती तकनीकों, अनुसंधान और नवाचार में दीर्घकालिक सहयोग के लिए ‘इंडिया-फ्रांस इनोवेशन रोडमैप 2030’ को मंजूरी दी.
2. AI पर संयुक्त वर्किंग ग्रुप बनेगा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उसके वैश्विक नियमन पर सहयोग बढ़ाने के लिए भारत-फ्रांस संयुक्त AI वर्किंग ग्रुप बनाने पर सहमति बनी.
3. पांच साल में व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य
भारत और फ्रांस ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिए उच्चस्तरीय तंत्र (हाई-लेवल मैकेनिज्म) स्थापित करने का फैसला किया.
4. आर्थिक सुरक्षा संवाद शुरू होगा
महत्वपूर्ण खनिजों और सप्लाई चेन सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने के लिए ‘इकोनॉमिक सिक्योरिटी डायलॉग’ शुरू किया जाएगा.
5. फ्रांस में UPI के विस्तार पर सहमति
भारत के डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म यूपीआई के इस्तेमाल को फ्रांस में और व्यापक बनाने पर दोनों देशों ने सहमति जताई.
6. 19 संस्थागत समझौतों पर हस्ताक्षर
दोनों देशों के नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े संस्थानों के बीच 19 अलग-अलग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.
7. कानपुर में एयरोनॉटिक्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (NSTI), कानपुर में एयरोनॉटिक्स और संबद्ध क्षेत्रों के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा.
8. पेरिस के स्टेशन-एफ में 10 नए भारतीय स्टार्टअप
दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप परिसरों में शामिल स्टेशन-एफ (पेरिस) में 10 अतिरिक्त भारतीय स्टार्टअप्स को जगह दी जाएगी.
9. डिजिटल साइंस सेंटर की स्थापना
भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और फ्रांस की INRIA संस्था मिलकर डिजिटल साइंस सेंटर स्थापित करेंगे.
10. पेरिस-सैकले विश्वविद्यालय में इंडिया चेयर
‘AI, Innovation and Culture’ विषय पर आईसीसीआर इंडिया चेयर स्थापित की जाएगी.
11. स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और फ्रांस के हेल्थ डेटा हब के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर हुए.
12. रेलवे और हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं में साझेदारी
भारत में रेलवे और हाई-स्पीड रेल विकास के लिए सहयोग बढ़ाने संबंधी घोषणा-पत्र जारी किया गया.
13. अंतरिक्ष और सुरक्षा सहयोग मजबूत होगा
इसरो और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी CNES ने माइक्रोग्रैविटी रिसर्च और मानव अंतरिक्ष मिशनों में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया. साथ ही गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान और सुरक्षा से जुड़ा जनरल सिक्योरिटी एग्रीमेंट भी हुआ.
रक्षा और परमाणु ऊर्जा पर भी हुई अहम चर्चा
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई. दोनों नेताओं ने रक्षा उपकरणों के सह-डिजाइन, सह-विकास और सह-उत्पादन पर विशेष जोर दिया. इसके साथ ही नागरिक परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी चर्चा हुई. दोनों पक्षों ने माना कि भारत में लागू हुए ‘शांति अधिनियम’ (SHANTI Act) के बाद छोटे और उन्नत मॉड्यूलर रिएक्टरों के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं खुली हैं.
ये भी पढ़ें:- पहली बार स्लोवाकिया पहुंचे भारतीय प्रधानमंत्री, ‘नून-रोटी’ से हुआ स्वागत; पीएम मोदी ने बताई परंपरा की खासियत
ये भी पढ़ें:- ट्रंप के बर्थडे पर व्हाइट हाउस के बाहर हुई UFC फाइट, 92 फुट ऊंची केज के भीतर जमकर चले लात-घूंसे, कौन जीता?
छात्रों और पेशेवरों के लिए भी खुलेंगे नए अवसर
विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों को नई शिक्षा नीति के तहत भारत में अपने कैंपस खोलने का निमंत्रण दिया. वहीं राष्ट्रपति मैक्रों ने फ्रांस में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले भारतीय छात्रों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा, ‘दोनों नेताओं ने छात्रों और पेशेवरों की आवाजाही आसान बनाने तथा शैक्षणिक योग्यताओं की पारस्परिक मान्यता बढ़ाने पर भी चर्चा की.’
नीस में हुई अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच यह बैठक नीस स्थित विला केरीलोस में हुई. इस वर्ष की शुरुआत में भारत और फ्रांस ने अपने संबंधों को ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक पहुंचाया था. उसी के बाद दोनों नेताओं की यह पहली औपचारिक मुलाकात थी. दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-फ्रांस साझेदारी केवल दोनों देशों के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
पीएम मोदी इस मीटिंग के बाद स्लोवाकिया रवाना हुए. वहां वह तीन दिन की राजकीय यात्रा पर गए हैं. इसके बाद पीएम मोदी फिर फ्रांस लौटेंगे, जहां वह G7 मीटिंग में हिस्सा लेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










