ट्रंप के बर्थडे पर व्हाइट हाउस के बाहर हुई UFC फाइट, 92 फुट ऊंची केज के भीतर जमकर चले लात-घूंसे, कौन जीता?
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 15 Jun 2026 10:06 AM
ट्रंप ने फ्रंट सीट पर बैठकर देखे मैच. फोटो- एक्स (WhiteHouse).
Donald Trump Birthday UFC Fights White House: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 80वें जन्मदिन का जश्न व्हाइट हाउस में UFC मुकाबलों के साथ मनाया. व्हाइट हाउस के साउथ लॉन को विशाल फाइटिंग एरिना में बदल दिया गया, जहां करोड़ों डॉलर के इस आयोजन में कई बड़े खिलाड़ी और ट्रंप समर्थक शामिल हुए.
Donald Trump Birthday UFC Fights White House: 14 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 80वां जन्मदिन बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया जा रहा है. व्हाइट हाउस का साउथ लॉन एक विशाल UFC फाइटिंग एरिना में बदल गया. बारिश की वजह से कार्यक्रम की शुरुआत में देरी जरूर हुई, लेकिन उसके बाद केज के अंदर जमकर लात घूसे चले. 92 फीट ऊंचे ‘द क्लॉ’ नाम के फाइटिंग केज में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) फाइटर्स के बीच मुकाबले को ट्रंप ने खुद फ्रंट रो में बैठकर देखा. इस आयोजन पर ट्रंप प्रशासन ने लगभग 60 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं.
करीब 6 करोड़ डॉलर की लागत वाले इस आयोजन की शुरुआत अमेरिकी वायुसेना के विशेष फ्लाईपास्ट से हुई. कार्यक्रम में छह एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट और छह एफ-16 फाइटिंग फाल्कन विमानों ने दुर्लभ ‘सुपर डेल्टा फॉर्मेशन’ में उड़ान भरी. इस दौरान ट्रंप सैल्यूट देते नजर आए. इसके बाद फाइटर्स संगीत की धुनों के बीच ट्रंप व्हाइट हाउस से निकलकर फाइटिंग केज तक पहुंचे और मुकाबलों का सिलसिला शुरू हुआ.
ट्रंप परिवार-प्रशासन रहा मौजूद
डोनाल्ड ट्रंप मुकाबले देखने के दौरान UFC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डाना व्हाइट और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए. उनके दोनों बेटे भी इस दौरान मौजूद रहे. इस कार्यक्रम में ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ सदस्य भी मौजूद रहे. इनमें स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर, काश पटेल और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ शामिल थे.
जन्मदिन या MAGA शक्ति प्रदर्शन?
ट्रंप ने इस आयोजन को अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ समारोह का हिस्सा बताया. लेकिन कार्यक्रम में मौजूद उनके समर्थकों के अंदाज से यह ट्रंप और उनके MAGA (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) आंदोलन का प्रदर्शन लग रहा था. वे लगभग पूरे कार्यक्रम के दौरान यूएसए यूएसए चिल्लाते रहे. इस कार्यक्रम के कई हिस्सों को व्हाइट हाउस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी पोस्ट किया गया.
ब्रिटिश हेवीवेट मुक्केबाज टायसन फ्यूरी जब फाइटिंग केज में पहुंचे तो उन्होंने ‘Donald Trump for Prime Minister’ (प्रधानमंत्री पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप) लिखी हुई टोपी पहन रखी थी. इसे यूरोप में दक्षिणपंथी राजनीति को बढ़ावा देने वाले MAGA समर्थकों के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
शुरुआती मुकाबलों में किसने मारी बाजी?
कार्यक्रम के दौरान कई मुकाबले संपन्न हुए. ट्रंप के करीबी माने जाने वाले बो निकल ने काइल डौकाउस को हराया. वहीं डिएगो लोपेस ने स्टीव गार्सिया के खिलाफ जीत दर्ज की. इन मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ट्रंप समर्थक और UFC प्रशंसक पहुंचे. खबर लिखे जाने तक यह फाइट्स जारी हैं. इन मुकाबलों में दुनिया भर के फाइटर्स पहुंचे हैं.
UFC और ट्रंप की राजनीति का पुराना रिश्ता
UFC लंबे समय से ट्रंप के MAGA समर्थक आधार और तथाकथित ‘मैनोस्फीयर’ समुदाय के बीच बेहद लोकप्रिय रहा है. लोकप्रिय पॉडकास्टर जो रोगन समेत UFC से जुड़े कई प्रभावशाली चेहरे ट्रंप के मुखर समर्थकों में गिने जाते हैं. यही वजह है कि यह आयोजन केवल खेल कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजनीतिक महत्व भी रखता है. यूएफसी के साथ ही ट्रंप WWE में भी हिस्सा ले चुके हैं.
क्या व्हाइट हाउस में स्थायी होगा UFC केज?
डोनाल्ड ट्रंप पहले भी ‘द क्लॉ’ की तुलना पेरिस के प्रसिद्ध एफिल टॉवर से कर चुके हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह शायद इस फाइटिंग केज को कभी हटाएंगे नहीं और इसे व्हाइट हाउस परिसर का स्थायी हिस्सा भी बनाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह व्हाइट हाउस में ट्रंप द्वारा किए गए बड़े बदलावों की सीरीज में एक नया चैप्टर होगा.
पहले ही ट्रंप प्रशासन के दौरान ईस्ट विंग के कुछ हिस्सों को हटाकर नया बॉलरूम बनाने, ऐतिहासिक रोज गार्डन को बदलकर पक्के डाइनिंग एरिया में तब्दील करने और इमारत के अंदरूनी हिस्सों को मार-ए-लागो शैली में सुनहरी सजावट देने जैसे बदलाव चर्चा में रह चुके हैं.
यह भी पढ़ें:- अमेरिका-ईरान समझौते के बाद तेल बाजार को राहत, कच्चे तेल के दाम 4% गिरे, भारत में भी कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम?
यह भी पढ़ें:- यूएस-ईरान समझौते में तेहरान की बल्ले-बल्ले! 12 अरब डॉलर तुरंत देगा अमेरिका, सेना भी हटाएगा; इन 14 पॉइंट में डील हुई सील
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










