UAE में भारतीय की हत्या: कंपनी के फ्लैट में रहता था परिवार, 2 महीने बाद कार में मिले शव के 9 टुकड़े

Updated:
विज्ञापन

कर्नाटक का युवक (मृतक) और उसकी पत्नी की फाइल फोटो, PC : X

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

शारजाह में कर्नाटक के भारतीय नागरिक की हत्या कर शव के 9 टुकड़े कार में छिपाए गए. 2 महीने बाद घटना का खुलासा हुआ. कंपनी फ्लैट में रहने वाली टीचर पत्नी और बेटा रहस्यमयी तरीके से लापता हैं.

विज्ञापन

UAE के शारजाह से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले एल्विन प्रकाश कुंदर की जुलाई महीने में नृशंस हत्या कर दी गई थी. इस खौफनाक हत्याकांड की परतें करीब दो महीने बाद तब खुलीं, जब भारत में मौजूद परिवार ने उनके लापता होने पर लगातार खोजबीन शुरू की.

विज्ञापन
जांच के दौरान ओमान जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक लावारिस कार से प्रकाश का शव बरामद हुआ. हत्यारों ने बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए शव के नौ टुकड़े कर दिए थे और उन्हें दो अलग-अलग बैग में भरकर कार में छिपा रखा था.

एक संदिग्ध मैसेज- वॉयस नोट भेजने वाला अचानक शांत

एल्विन प्रकाश पिछले 14 सालों से शारजाह एयरपोर्ट पर नौकरी कर रहे थे. वह वहां अपनी पत्नी टीना कुंदर और 10वीं में पढ़ने वाले बेटे के साथ कंपनी के दिए फ्लैट में रहते थे. टीना भी वहां एक स्कूल में शिक्षिका थीं.

घटना का सुराग तब लगना शुरू हुआ जब 20 जुलाई के आसपास प्रकाश के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने उन्हें फोन किया. प्रकाश ने कॉल नहीं उठाया, लेकिन कुछ देर बाद एक टेक्स्ट मैसेज आया कि 'मैं ठीक हूं'. भाई अनिल को यह बात खटकी, क्योंकि प्रकाश हमेशा वॉयस मैसेज से बात किया करते थे. एक हफ्ते बाद दोबारा संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला.

वॉचमैन ने बताया- "भारत चले गए हैं"

चिंता बढ़ने पर अनिल ने शारजाह में रहने वाले प्रकाश के एक सहपाठी मनोहर से संपर्क किया और फ्लैट जाकर देखने को कहा. वहां पहुंचने पर बिल्डिंग के वॉचमैन और फिर कंपनी के एचआर विभाग ने बताया कि प्रकाश परिवार सहित भारत चले गए हैं.

अनिल ने जब कंपनी को बताया कि प्रकाश भारत नहीं पहुंचे हैं, तो पासपोर्ट की जांच करवाई गई. रिकॉर्ड से खुलासा हुआ कि प्रकाश का पासपोर्ट तो शारजाह से बाहर गया ही नहीं है. इसके बाद स्थानीय पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और तलाश के दौरान लावारिस कार से उनका कई टुकड़ों में कटा शव बरामद हुआ.

पत्नी और बेटा भी रहस्यमयी तरीके से हैं लापता

इंडिया टुडे के अनुसार हत्या के बाद से ही प्रकाश की पत्नी टीना और उनका बेटा लापता हैं. कुछ रिपोर्टों में आशंका जताई जा रही है कि वे शारजाह छोड़कर भारत निकल चुके हैं, हालांकि उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है और न ही हत्या में उनकी सीधी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि हुई है.

परिवार का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह के विवाद की उन्हें कभी जानकारी नहीं थी.

शारजाह पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. इधर, उडुपी में मृतक के भाई ने पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात कर मामले में मदद और शव को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की गुहार लगाई है. भारतीय पुलिस अब शारजाह प्रशासन से आधिकारिक रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है.

ये भी पढ़ें: अमेरिका : 'मैंने पत्नी को मार डाला'... फोन पर कुबूलनामा, 3 राज्यों में घेराबंदी के बाद पकड़ाया आरोपी पति

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola