West Bengal Breaking News : सुप्रीम कोर्ट ने एनएचआरसी के फैसले को किया रद्द
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
राजस्थान में ट्रेन के धक्के से बीरभूम का युवक मृत, शव पहुंचा गांव
बीरभूम जिले के तारापीठ थाना क्षेत्र के मिसरा ग्राम के निवासी और राजस्थान में प्रवासी श्रमिक के रूप में काम करनेवाले पलाश बायन( 20) नामक युवक की वहां ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी है. शुक्रवार रात उसका शव राजस्थान से स्थानीय पुलिस व प्रशासन की मदद से बीरभूम लौटा. प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया. शव की अंत्येष्टि कर दी गयी. वह बीते माह ही राजस्थान में काम के लिए गया था. बीते गुरुवार रात को राजस्थान में स्टेशन के पास वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया और बेमौत मारा गया. पीड़ित परिवार ने शव लाने में स्थानीय पुलिस व प्रशासन को मदद की गुहार लगायी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने एनएचआरसी के फैसले को किया रद्द
सुप्रीम कोर्ट ने कलकत्ता हाइकोर्ट के उस आदेश में दखल देने से इंकार कर दिया, जिसमें पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनावों के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के फैसले को रद्द कर दिया था. इस दौरान शीर्ष कोर्ट ने कहा कि ऐसी कई जगहें हैं, जहां मानवाधिकार आयोग हस्तक्षेप कर सकता है, लेकिन वे केवल कुछ स्थानों पर कदम रख रहे हैं और किसी सुपर निकाय की तरह काम कर रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने कहा कि इस तरह के कदम की अनुमति देना राज्य चुनाव आयोग की भूमिका को हड़पने जैसा होगा. शीर्ष अदालत ने कहा कि इस संबध में जारी एनएचआरसी की अधिसूचना अनुच्छेद 243के का उल्लंघन थी.
ममता बोलीं मतदान में धांधली का है मकसद
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त की चयन समिति में मुख्य न्यायाधीश को शामिल नहीं किया गया. केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा राज्यसभा में नया बिल पेश किए जाने का बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने दावा किया कि यह कदम चुनाव में धांधली के लिए है.
पीएम मोदी पर ममता का कटाक्ष, एनडीए के भ्रष्टाचार पर नहीं बोलते प्रधानमंत्री
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र ने मणिपुर में अत्याचार करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है. सीएम ममता बनर्जी ने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार पर नहीं बोल सकते क्योंकि उनकी सरकार पीएम केयर फंड, राफेल डील और नोटबंदी जैसे मुद्दों से घिरी हुई है.
पांच लाख परिवारों तक नेताजी का संदेश पहुंचायेगा फाॅरवर्ड ब्लाॅक
फाॅरवर्ड ब्लाॅक 26 जनवरी तक देश के पांच लाख परिवारों के घरों में तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतर रहा है. इस कार्यक्रम के मार्फत पार्टी लोगों के बीच नेताजी के आदर्शों को पहुंचना चाहती है. पार्टी की केंद्रीय समिति के निर्णय को लागू करने के लिए राज्य समिति की बैठक हुई. तीन दिवसीय चर्चा के दौरान तय हुआ कि एक सितंबर से ‘घर-घर नेताजी’ नारे के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी. यह कार्यक्रम 26 जनवरी तक जारी रहेगा. पांच लाख परिवारों तक नेताजी का संदेश पहुंचा जायेगा. इस दौरान प्रति परिवार 10 रुपये की सहयोग राशि भी मांगी जायेगी. पार्टी के राज्य सचिव नरेन चट्टोपाध्याय के मुताबिक, हम पश्चिम बंगाल में पांच लाख परिवारों तक पहुंचेंगे. मूल रूप से यह कार्यक्रम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विचारों पर आधारित है.
ममता की विधानसभा सीट भवानीपुर में दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने आ रहे हैं शाह
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में आयोजित दुर्गा पूजा के उद्घाटन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आने की संभावना है. प्रदेश भाजपा सूत्रों के मुताबिक यह खबर है. पूजा के कुछ महीने बाद देश में लोकसभा चुनाव की अंतिम तैयारियां शुरू हो जाएंगी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए