West Bengal Breaking News : राष्ट्रपति की जी20 रात्रिभोज में शामिल होंगी सीएम ममता बनर्जी
West Bengal Breaking News Updates :पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
खेजुरी में हुए हंगामे व बमबाजी मामले में पांच गिरफ्तार
पूर्व मेदिनीपुर के खेजुरी ब्लॉक-2 अंतर्गत पंचायत समिति की स्थायी समिति के निर्वाचन को केंद्र कर गत मंगलवार को स्थानीय बीडीओ कार्यालय के पास हुए हंगामे और बमबाजी की घटना में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के नाम सुब्रत पात्र, मिलन मंडल, पांचू प्रमाणिक, चंचल मंडल और शीतल मंडल बताये गयेहैं. वे खेजुरी थाना क्षेत्र के टांगारामारी इलाके के निवासी हैं. उन्हें गत बुधवार को अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के खिलाफ सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने, हत्या की कोशिश समेत भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत शिकायत दर्ज की गयी है
पति समेत नौ लोगों के खिलाफ वधू ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
बीरभूम जिले के दुबराजपुर थाना के गोहलिया ग्राम में एक गृहिणी ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ प्रताड़ना का आरोप थाने में दर्ज किया है. बताया जाता है कि दो दिन पूर्व ही प्रशांत दास ने अपनी पत्नी पर अपने परिवार के साथ मिलकर मानसिक और शारीरिक अत्याचार चलाया था. अस्पताल में इलाज के बाद प्रशांत दास की पत्नी रिया दास ने अपने पति समेत ससुराल के नौ लोगों के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दायर किया है. पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गई है. घटना के बाद पति समेत सभी ससुराल के लोग फरार बताये जा रहे है.
नदिया से पेरिस जा रही है फाइबर की बनी दुर्गा प्रतिमा
नदिया जिला के चाकदा के मूर्तिकार अनूप गोस्वामी की बनायी फाइबर की प्रतिमा पेरिस भेजी जा रही है. अनूप गोस्वामी ने बताया कि उनकी कारीगरी देख विदेशों से ऑर्डर मिलने लगे. श्री गोस्वामी ने बताया कि मिट्टी से बनी मूर्तियां वजनी होती हैं और कुछ हद तक कमजोर भी. इसलिए फाइबर मूर्तियों को बनाने का ऑर्डर मिला है. इससे पहले अनूप द्वारा बनायी गयी मूर्तियां ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में जा चुकी हैं.
सरकार ने राज्य के मंत्रियों व विधायकों का वेतन बढ़ाया
राज्य के मंत्रियों और विधायकों के वेतन में बढ़ोतरी की गई है. सरकार ने प्रत्येक स्तर पर वेतन में 40 हजार रुपये की बढ़ोतरी की है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की. हालांकि ममता ने यह भी कहा कि वह अपना वेतन नहीं बढ़ाएंगी.
पोइला बैसाख को ही पश्चिम बंग दिवस के रूप में किया जाएगा पालित : मुख्यमंत्री
पोइला बैसाख को ही पश्चिम बंग दिवस के रुप में पालन किया जाएगा विधानसभा में प्रस्ताव पारित किया गया. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कोई समर्थन करें या ना करें पोइला बैसाख ही पश्चिम बंग दिवस के रुप में पालित किया जाएगा.
राष्ट्रपति की जी20 रात्रिभोज में शामिल होंगी सीएम ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राष्ट्रपति के जी-20 रात्रि भोज में शिरकत करने के लिए शनिवार को दिल्ली जायेंगी. राज्य सचिवालय के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ममता बनर्जी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर राष्ट्रीय राजधानी जायेंगी. अधिकारियों ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति के रात्रि भोज में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी मौजूद रह सकती हैं, जिनके साथ ममता बनर्जी के अच्छे संबंध हैं. गौरतलब है कि देश के नामकरण को लेकर चल रहे विवादों के बीच ही मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी नयी दिल्ली के दौरे पर जा रही हैं.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए