Ram Mandir Pran Pratishtha: अलर्ट मोड में धनबाद पुलिस, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से होगी निगरानी, बनी QRT

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह है. इस बीच विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है. धनबाद पुलिस भी अलर्ट मोड में है. संवेदनशील और कार्यक्रम स्थलों की निगरानी ड्रोन से होगी. 22 जनवरी को कई जगहों पर पुलिसकर्मी सादे लिबास में तैनात रहेंगे.
Ram Mandir Pran Pratishtha: 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जनता के उत्साह है. दूसरी तरफ धनबाद पुलिस अलर्ट पर है. धनबाद एसएसपी एचपी जनार्दनन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिये. सभी डीएसपी के नेतृत्व में क्यूआरटी का गठन किया है. साथ ही 500 से अधिक अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ कंट्रोल रूप भी तैयार कर लिया गया है. जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी का निर्देश जारी किया है. चिह्नित संवेदनशील इलाकों, खास कर कार्यक्रम स्थलों की ड्रोन कैमरे से निगरानी करायी जायेगी. सभी जगहों पर सुबह से अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ सादे लिबास में पुलिस की तैनाती होगी. इधर 22 जनवरी को जिले में सामाजिक सौहार्द व शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला शांति समिति की बैठक 21 जनवरी को टाउन हॉल में होगी. इसकी अध्यक्षता उपायुक्त वरुण रंजन करेंगे. एसएसपी एचपी जनार्दनन के साथ-साथ एसडीओ, सिटी व ग्रामीण एसपी, सभी डीएसपी, थाना प्रभारी व जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे.
धनबाद सिटी एसपी अजीत कुमार ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर किसी प्रकार के धार्मिक भावनाओं को भड़काने, ठेस पहुंचाने वाले संदेश, अप्रमाणिक व भ्रामक जानकारी से संबंधित मैसेज, तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड या शेयर ना करें. ताकि जिले में शांति व विधि व्यवस्था भंग ना हो. सोशल मीडिया पर पुलिस अपनी पैनी नजर रखे हुए है. उल्लंघन करने वाले, सामाजिक सौहार्द व शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के विरुद्ध विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जायेगी. किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दें, अफवाह फैलाने वाले लोगों की सूचना अविलंब स्थानीय पुलिस या 100 व 112 नंबर तथा कंट्रोल रूम के 9262998499 नंबर पर दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जायेगी.
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर शांति, व्यवस्था को लेकर शनिवार को बरवाअड्डा थाना परिसर में बरवाअड्डा थाना प्रभारी विक्रम कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. मौके पर जिप प्रतिनिधि एजाज अहमद, शामापदो मंडल, मुखिया प्रतिनिधि प्रेम महतो, सुधीर महतो, साधु हाजरा, आशुतोष रजक, सुबास चंद्र दास, खेमनारायण सिंह, सारथी मंडल, बलदेव महतो, विकास कंधवे, बिनोद गुप्ता, श्याम सिंह, वकील महतो, शमसुल हक, गौतम मंडल, चेतु महतो, जलालुद्दीन अंसारी, शमीम अंसारी, बेलालुद्दीन अंसारी, प्रकाश मंडल, विनय महतो आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




