Delhi Meerut RRTS Inauguration Live: पीएम मोदी बोले- यूरिया सहित अन्य खाद कम कीमत पर करा रहे मुहैया
Delhi Meerut RRTS Inauguration Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन पर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता वाले खंड का उद्घाटन करेंगे. वह भारत में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के शुभारंभ के साथ साहिबाबाद को दुहाई डिपो से जोड़ने वाली रैपिडएक्स ट्रेन को भी रवाना करेंगे. दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता वाले जिस खंड का उद्घाटन किया जाएगा, वह गाजियाबाद, गुलधार और दुहाई स्टेशनों के साथ साहिबाबाद को ‘दुहाई डिपो’ से जोड़ेगा.
नई ट्रेनों पर तीन लाख करोड़ से ज्यादा किए जा रहे खर्च
आधुनिक एक्सप्रेस वे का जाल बिछाने के लिए भारत सरकार 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर रही है. नमो भारत जैसी ट्रेन हो या मेट्रो ट्रेन हो, इन पर भी 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए जा रहे हैं.
रबी फसलों की एमएसपी में की वृद्धि
ये त्योहारों और खुशियों का समय है. देश का मेरा हर परिवार इन त्योहारों को अच्छे से मना सके, इसके लिए भी केंद्र सरकार ने बहुत सारे बड़े फैसले लिए हैं. इन फैसलों के लाभ किसानों, कर्मचारियों और पेंशन वाले भाई-बहनों को होगा.भारत सरकार ने रबी फसलों की MSP पर बड़ी वृद्धि की है.इससे हमारे किसानों के पास अतिरिक्त पैसा आएगा. 2014 में गेहूं का जो MSP 1400 रुपए क्विंटल था, वो अब 2,000 के पार हो गया है.
नई ट्रेनों को नहीं आनी चाहिए एक भी खरोंच
प्रधानमंत्री ने जनसभा में लोगों से नई ट्रेनों को साफ रखने में सहयोग मांगा. उन्होंने सवाल पूछा कि देश में नई-नई ट्रेन आ रही हैं. यह किसकी है? इस पर जनता से आवाज आई- हमारी. प्रधानमंत्री ने कहा इसको संभालने की जिम्मेदारी भी आपकी है. हमारी नई ट्रेनों को एक भी खरोंच नहीं आनी चाहिए. इसको अपनी गाड़ की तरह संभालना चाहिए.
देश की नदियों में 100 से अधिक वाटर-वे बन रहे
पीएम मोदी ने कहा कि यातायात के लिए हम जल, थल, नभ और अंतरिक्ष हर दिशा में प्रयास कर रहे हैं. आज देश की नदियों में 100 से अधिक वाटर-वे बन रहे हैं. इनमें सबसे बड़ा जलमार्ग मां गंगा के जल प्रवाह में बनारस से लेकर हल्दिया तक बन रहा है.हाल ही में दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज गंगा विलास ने भी 3,200 किमी की दूरी तय करके रिकॉर्ड बनाया है.
यूरिया सहित अन्य खाद कम कीमत पर करा रहे मुहैया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार यूरिया सहित तमाम दूसरी खाद को कम कीमत पर किसानों तक पहुंच रही है. यूरिया की जो बोरी दुनिया के अनेक देशों में ₹3000 की है, वही बोरी भारत में ₹300 से कम में दी जा रही है. उन्होंने लोगों से पूछा यह आंकड़ा आप लोगों को याद रहेगा? इसका लाभ यूपी के किसानों को कर्नाटक के किसानों को देश भर के किसानों को हो रहा है.
पीएम मोदी बोले- हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई यात्रा करा रहे सुलभ
पीएम मोदी ने कहा कि हवाई यात्रा को हम हवाई चप्पल पहनने वाले के लिए सुलभ कर रहे हैं. बीते नौ साल में देश में एयरपोर्ट्स की संख्या दोगुनी हो चुकी है. बीते कुछ समय में हमारी एयरलाइंस भारत में 1000 से अधिक नए विमान के ऑर्डर दे चुकी है.
लेखक के बारे में
By Sanjay Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए