PM मोदी ने पुरी-हावड़ा वंदे भारत ट्रेन को दिखायी हरी झंडी, जानें क्या है इसकी खासियत

पीएम मोदी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों को वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी. वर्चुअली PM मोदी ने ओडिशा में वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान कहा हमारी 'वंदे भारत ट्रेनें' भी अब उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूर्व से लेकर पश्चिम तक देश के हर किनारे को स्पर्श करती हैं.
Puri to Howrah Vande Bharat Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज यानी 18 मई को पुरी और कटक रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी. इसके साथ ही कई रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास कर राष्ट्र को समर्पित किया. बता दें कि वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को दिन में एक बजे हरी झंडी दिखाकर पुरी स्टेशन से रवाना किये. इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद पुरी स्टेशन पर मौजूद रहें. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों को वंदे भारत ट्रेन का उपहार मिल रहा है. वंदे भारत ट्रेन आधुनिक भारत और आकांक्षीय भारतीय दोनों का प्रतीक बन रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा बीते वर्षों में भारत ने कठिन से कठिन वैश्विक हालातों में भी अपने विकास की गति को बनाए रखा है. इसके पीछे एक बड़ा कारण है कि इस विकास में हर राज्य की भागीदारी है, देश हर राज्य को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है.
पीएम मोदी ने कहा आज का नया भारत टेक्नोलॉजी भी खुद बना रहा है और नई सुविधाओं को तेजी से देश के कोने-कोने में पहुंचा भी रहा है. ये वंदे भारत ट्रेन भारत ने अपने बलबूते ही बनाई है. आज भारत अपने बलबूते ही 5G टेक्नोलॉजी विकसित कर उसे देश के दूर-सुदूर क्षेत्र में लेकर जा रहा है.
पीएम मोदी ने कहा भारत ने कोरोना जैसी महामारी की स्वदेशी वैक्सीन तैयार करके भी दुनिया को चौंका दिया था. इन सब प्रयासों में समान बात ये है कि ये सारी सुविधाएं किसी एक शहर या राज्य तक सीमित नहीं रहीं बल्कि सबके पास तेजी से पहुंचीं. हमारी ‘वंदे भारत ट्रेनें’ भी अब उत्तर से लेकर दक्षिण तक, पूर्व से लेकर पश्चिम तक देश के हर किनारे को स्पर्श करती हैं.
पिछले 8-9 वर्षों में ओडिशा में रेल परियोजनाओं के बजट में काफी वृद्धि की गई है. 2014 के पहले 10 वर्षों में यहां हर वर्ष औसतन 20 किमी के आसपास ही रेल लाइनें बिछाई जाती थीं जबकि 2022-23 में यहां पर 120 किमी के आसपास नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं.
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. ऑटो स्लाइडिंग दरवाजा, सीसीटीवी, 360 डिग्री घूमने योग्य आरामदायक कुर्सी, बायो शौचालय, कम कंपन, यात्रियों के लिए घोषणा सुविधा, दुर्घटना रोकथाम तकनीक से यह ट्रेन लैस है. वंदे भारत के लोकोमोटिव में 12,000 हॉर्स पावर है. एक वंदे भारत ट्रेन बनाने में 115 करोड़ रुपये का खर्च आता है. लग्जरी वंदे भारत ट्रेन में कुल 16 डब्बे हैं. इनमें 14 इकोनॉमी एसी चेयरकार हैं और 2 कार्यकारी (एक्जिक्यूटिव) चेयरकार हैं. बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गपुर मंडल के डीआरएम मोहम्मद शुजात हाशमी ने बताया कि हावड़ा से पुरी तक एक्जिक्यूटिव चेयरकार का किराया कैटरिंग मिलाकर 2400 रुपये है. बिना खानपान के 2245 रुपये है. वापसी का किराया क्रमशः 2595 रुपये और 2245 (बिना खानपान) रुपये है.
Also Read: Puri Howrah Vande Bharat: ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों को PM मोदी ने दिया वंदे भारत ट्रेन का उपहार
पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी. 16 कोच वाली यह ट्रेन खड़गपुर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड पर रुकेगी. हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के बाद पश्चिम बंगाल को मिलने वाली यह दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस है. वर्तमान समय में हावड़ा-पुरी रूट पर सबसे तेज ट्रेन हावड़ा-पुरी शताब्दी है. इस ट्रेन को हावड़ा से पुरी पहुंचने में 7 घंटे 35 मिनट का समय लगता है, लेकिन वंदे भारत अपना सफर 6 घंटे 25 मिनट में पूरा करेगी. पुरी से हावड़ा के बीच एसी चेयरकार का भाड़ा 1410 तय किया गया है. पुरी से हावड़ा के लिए एक्जिक्यूटिव क्लास का फेयर 2595 रुपये होगा.
पुरी – 1:30 दोपहर
खुर्दा रोड – 14:23 बजे
भुवनेश्वर – 14:45
कटक – 15:15
जाजपुर रोड – 16:03
भद्रक – 16:33
बालासोर – शाम 17:13 बजे
खड़गपुर – शाम 18:42 बजे
हावड़ा – रात 20:30 बजे
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nutan kumari
Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




