Jharkhand Breaking News LIVE: चैती दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में हुई पत्थरबाजी, SDPO सहित दर्जनों घायल
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
चैती दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में हुई पत्थरबाजी, SDPO सहित दर्जनों घायल
साहिबगंज के रसूलपुर दहला चैती दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में कुलीपाड़ा में हुई पत्थरबाजी के दौरान माहौल बिगड़ गया. मेडिकल में इलाज करा रहे दहला निवासी घायल संजीव कुमार ने बताया कि शांतिपूर्वक निर्धारित समय से एलसी रोड क्रॉस करके स्टेशन होते हुए कृष्णनगर बड़ी दुर्गा मंदिर समीप पहुंची. वही मीट बाजार समीप विसर्जन जुलूस का अखाड़ा पहुंचते ही घरों और गलियों से अचानक अखाड़ा में पत्थरबाजी शुरू हो गया.
चक्रधरपुर में सड़क हादसा, बाइक सवार दो लोग घायल
चक्रधरपुर-रांची मुख्य मार्ग एनएच-75(ई) अनुमंडल अस्पताल के समीप तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से सेताकाहा गांव के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों युवकों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया. जानकारी के मुताबाकि सेताकाहा गांव निवासी गुलाब टोप्पो व राजेश टोप्पो बाइक पर सवार होकर चेकनाका चौक से प्रखंड कार्यालय की ओर जा रहे थे. इस क्रम में विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
कोडरमा में पेड़ से झूलता शव बरामद, हत्या की आशंका
कोडरमा बाजार : कोडरमा थाना क्षेत्र की छतरबर पंचायत के चिलीडीह जंगल में शनिवार को पुलिस ने पेड़ पर लटका 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया. जानकारी के मुताबिक कुछ ग्रामीणों ने जंगल में एक पेड़ पर शव लटका देखा. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच करते हुए शव को पेड़ से उतार कर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा.
झारखंड आंदोलनकारी देवाशीष नायक का निधन, अंतिम संस्कार कल
रांची: झारखंड आंदोलनकारी देवाशीष नायक का आज निधन हो गया. सदर अस्पताल में वे इलाजरत थे. किडनी और लीवर का इलाज चल रहा था. वे शिबू सोरेन व सूर्य सिंह बेसरा के साथ झारखंड आंदोलन में शामिल रहे हैं. इन्होंने झारखंड आंदोलन का बिगुल फूंका था. कल अंतिम संस्कार होगा. इससे पहले अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर बिरसानगर संडे मार्केट के पास 12 बजे रखा जाएगा. सभी लोग वहां उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे. इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
जमशेदपुर के चौहरे हत्याकांड में दीपक दोषी करार
कदमा तीस्ता रोड क्वार्टर नंबर 97/99 में पत्नी दो बेटी समेत ट्यूशन शिक्षिका की हत्या के आरोपी दीपक कुमार को शनिवार को एडीजे 4 की अदालत ने दोषी करार दिया है. कोर्ट ने सजा के बिंदु पर 6 अप्रैल को तिथि मुकर्रर की है. कोर्ट ने दीपक कुमार को हत्या दुष्कर्म और मारपीट में दोषी करार दी है. अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी राजीव कुमार के अलावा अधिवक्ता जोली दास कार्तिक डे, हरविलास दास, दिलीप गोराई और जयंत कुमार ने कोर्ट में पैरवी की. घटना 12 अप्रैल 2021 की है. आरोपी दीपक कुमार टाटा स्टील अग्निशमन विभाग में कार्यरत था.
पाकुड़ में 60-40 नियोजन नीति के खिलाफ सड़क पर उतरे युवा
पाकुड़ में भी सरकार द्वारा लागू किये गये नियोजन नीति 60-40 के खिलाफ आदिवासी छात्र-छात्राओं ने शनिवार को शहर में सांकेतिक बंदी की. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रविंद्र चौक से सिदो-कान्हो मुर्मू पार्क तक रैली निकाली. सिदो-कान्हू मुर्मू पार्क के पास सड़क जाम कर विरोध किया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए